मां भानेश्वरी ने मानवता की सेवा के लिए अपना जीवन किया अर्पित: CM बघेल

CM On Maa Bhaneshwari: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल राजनांदगांव विकासखंड के सिंघोला गांव में आयोजित मां भानेश्वरी जयंती महोत्सव और सामूहिक आदर्श विवाह कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री बघेल 35 करोड़ 79 लाख 86 हजार रूपए के 11 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। साथ ही शासन की विभिन्न विभागीय योजना अंतर्गत 40 हितग्राहियों को 9 लाख 78 हजार रूपए के सामग्री और चेक का वितरण किया।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ के 3 शहीद जवान कीर्ति चक्र से सम्मानित, CM भूपेश ने कहा- जरा याद करो कुर्बानी..

मुख्यमंत्री बघेल ने राजनांदगांव दौरे के दौरान राजस्व विभाग अंतर्गत भेंट-मुलाकात के दौरान की गई घोषणा के तहत 26 सामाजिक भवन और आहाता निर्माण के लिए 3 करोड़ 3 लाख रूपए की राशि का स्वीकृति आदेश पत्र हितग्राहियों को प्रदान किया। CM भूपेश बघेल ने इस अवसर पर मंदिर परिसर से लेकर मुख्य मार्ग तक सीसी रोड निर्माण कार्य के लिए 30 लाख रूपए, साहू समाज के मंगल भवन के लिए 25 लाख रूपए, मंदिर परिसर में डोम निर्माण के लिए 17 लाख रूपए, तालाब सौंदर्यीकरण के लिए 10 लाख रूपए प्रदान करने की घोषणा की। (CM On Maa Bhaneshwari)

मुख्यमंत्री बघेल ने सभी को मां भानेश्वरी जयंती महोत्सव की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि मां भानेश्वरी, भक्त माता कर्मा, दानवीर शाह भामा जैसे महापुरूष और समाज सेवियों ने मानवता की सेवा की है। सभी समाज में कुछ ऐसे व्यक्तित्व जन्म लेते हैं, जो समाज को राह दिखाते हैं। मां भानेश्वरी ने दूसरों की पीड़ा को दूर करने के लिए अपना जीवन अर्पित कर दिया।  संत-महात्मा के दिखाए मार्ग का सरकार अनुसरण कर रही है। (CM On Maa Bhaneshwari)

अन्नदाता किसान, मजदूर, युवा सभी के लिए शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा सभी क्षेत्रों में कार्य किया जा रहा है। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में बच्चों की भर्ती की जा रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए रोजगार के अच्छे अवसर हैं। इसके लिए खूब मन लगाकर पढ़ें और ज्यादा से ज्यादा सेवाओं में चयनित हो। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ शांति का टापू है। समाज को अच्छी बातों को ग्रहण करना चाहिए और पुरानी रूढ़ियों को दूर करना चाहिए।

गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि साहू समाज के सभी प्रमुख व्यक्तित्व और महापुरूष के जीवन का उल्लेख, अधिष्ठात्री कुलदेवी, देवता का संकलन पुस्तक के रूप में किया जा रहा है। उन्होंने समाज के सभी लोगों से सामाजिक बुराई को दूर करने और सामाजिक समरसता बनाकर चलने के लिए कहा। छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के प्रदेश अध्यक्ष टहलराम साहू ने सभी को मां भानेश्वरी जयंती महोत्सव की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी। जिला साहू संघ के अध्यक्ष भागवत साहू ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। (CM On Maa Bhaneshwari)

कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध लोक गायिका आरू साहू ने मोहक गीतों की प्रस्तुति दी। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य अन्य पिछड़ा वर्ग विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष और विधायक दलेश्वर साहू, विधायक छन्नी साहू, अध्यक्ष तेलघानी विकास बोर्ड छत्तीसगढ़ संदीप साहू, प्रदेश अध्यक्ष हल्दिया साहू समाज त्रिलोकी साहू, कलेक्टर डोमन सिंह, पुलिस अधीक्षक अभिषेक मीणा, जिला पंचायत CEO अमित कुमार, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, नगर निगम आयुक्त अभिषेक गुप्ता, राजनांदगांव SDM अरूण वर्मा समेत जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में जनसामान्य उपस्थित थे। (CM On Maa Bhaneshwari)

Related Articles

Back to top button