Google Analytics —— Meta Pixel

बेमेतरा कार्यक्रम की अव्यवस्था की कमिश्नर करेंगे जांच, साव ने कहा- रमन सिंह की बातों को गंभीरता से लें अधिकारी 

CM on Raman Singh: बेमेतरा में आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के कार्यक्रम के दौरान हुई अव्यवस्थाओं और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की नाराजगी को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और डिप्टी CM अरुण साव की प्रतिक्रिया सामने आई है। मुख्यमंत्री साय ने माना कि अचानक हुई तेज बारिश के कारण कार्यक्रम की व्यवस्थाएं प्रभावित हुईं और पूरा आयोजन अस्त-व्यस्त हो गया। वहीं उन्होंने मामले की जांच कराने की बात भी कही है। दूसरी ओर डिप्टी CM अरुण साव ने कहा कि डॉ. रमन सिंह प्रदेश के सबसे वरिष्ठ नेताओं में से हैं और उनकी बातों को प्रशासनिक अधिकारियों समेत सभी लोगों को गंभीरता से लेना चाहिए।

यह भी पढ़ें:- डॉक्टर साहब का गुस्सा बता रहा सरकार की सेहत खराब है: पूर्व CM भूपेश बघेल

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि बेमेतरा में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया था, जिसमें 23 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि बेमेतरा विधायक दीपेश साहू ने भी एक सामान्य परिवार की युवती से इसी सामूहिक विवाह कार्यक्रम में विवाह किया, जो अपने आप में एक सकारात्मक संदेश देने वाला कदम था। मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हो गई, जिससे पूरी व्यवस्था प्रभावित हो गई और आयोजन स्थल पर अव्यवस्था की स्थिति बन गई। उन्होंने बताया कि सभी 23 नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देना था, लेकिन मौसम की खराब परिस्थितियों के कारण मूल कार्यक्रम को जारी रखना संभव नहीं रहा। (CM on Raman Singh)

कमिश्नर करेंगे पूरे मामले की जांच: CM साय

CM साय ने कहा कि वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में पुराने विश्राम गृह के बड़े सभा कक्ष का चयन किया गया। हालांकि समय बहुत कम था, इसलिए परिस्थितियों को देखते हुए उनके निर्देश पर वहीं संक्षिप्त कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान जो भी अव्यवस्थाएं सामने आईं, उनकी जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच संभागायुक्त (कमिश्नर) की ओर से की जाएगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि व्यवस्थाओं में कहां कमी रह गई और भविष्य में ऐसी स्थिति की पुनरावृत्ति न हो। मुख्यमंत्री के इस बयान को प्रशासनिक स्तर पर जवाबदेही तय करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। (CM on Raman Singh)

रमन सिंह की बातों को गंभीरता से लें अधिकारी: साव

डिप्टी CM अरुण साव ने कहा कि डॉ. रमन सिंह प्रदेश के वरिष्ठतम नेताओं में से एक हैं। वे केंद्रीय मंत्री रह चुके हैं, 15 साल तक मुख्यमंत्री रहे हैं और वर्तमान में विधानसभा अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। साव ने कहा कि उनके अनुभव और प्रशासनिक समझ को देखते हुए उनकी बातों को सिर्फ सरकार ही नहीं, बल्कि प्रशासनिक अधिकारियों को भी गंभीरता से लेना चाहिए। उन्होंने संकेत दिए कि वरिष्ठ नेताओं की ओर से उठाई गई बातों पर प्रशासन को आत्ममंथन करने की आवश्यकता है। बेमेतरा मामले को लेकर कांग्रेस की ओर से सरकार पर किए जा रहे हमलों पर भी डिप्टी CM अरुण साव ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को पहले अपने पांच साल के कार्यकाल पर नजर डालनी चाहिए। 5 साल इन्होंने क्या किया है पहले उस पर नजर डालें। इनके कार्यकाल के अधिकारी कहां-कहां पर है जरा ध्यान दे। कांग्रेस ने शासन-प्रशासन का दुरुपयोग किया। कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ के खजाने को लूटने का काम किया। (CM on Raman Singh)

लगातार कार्रवाई कर रही सरकार: साव

साव ने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान जिन अधिकारियों के माध्यम से काम किया गया, उनकी भूमिका और कार्यप्रणाली पर भी कांग्रेस को ध्यान देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में प्रशासन का दुरुपयोग किया और प्रदेश के संसाधनों को नुकसान पहुंचाने का काम किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार जहां भी किसी प्रकार की गड़बड़ी या अनियमितता पाती है, वहां कार्रवाई कर रही है। इसलिए कांग्रेस के आरोपों का कोई नैतिक आधार नहीं है। बता दें कि बेमेतरा में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के कार्यक्रम के दौरान हुई अव्यवस्था को लेकर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने मंच और बाद में विश्राम गृह में अधिकारियों को फटकार लगाई थी। उन्होंने कहा था कि अपने 15 साल के मुख्यमंत्री कार्यकाल में उन्होंने ऐसी अव्यवस्था कभी नहीं देखी। इसके बाद घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और मामला राजनीतिक बहस का विषय बन गया। अब मुख्यमंत्री के जांच के निर्देश और डिप्टी CM अरुण साव के रमन सिंह के बयान का समर्थन किए जाने के बाद यह मामला प्रशासनिक और राजनीतिक दोनों स्तरों पर चर्चा का केंद्र बना हुआ है।

Back to top button
error: Content is protected !!