Google Analytics —— Meta Pixel

मोदी की गारंटी के अधिकांश वादों को एक साल के भीतर किया पूरा: CM विष्णुदेव साय

CM Sai in Raigarh: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायगढ़ जिले में 137 करोड़ रुपए के विकासकार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री साय के आग्रह पर सरस्वती यादव ने बटन दबाकर प्रदेश की 70 लाख महिलाओं को महतारी वंदन योजना की 10वीं किश्त के रूप में 652 करोड़ रुपए की राशि ट्रांसफर की। CM साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी 70 लाख माताओं-बहनों को महतारी वंदन योजना की एक हजार रुपए की स्नेह राशि की दसवीं किश्त आपके खाते में भेज दी है। हमारी माताओं-बहनों का आशीर्वाद ही मुझे काम करने की शक्ति प्रदान करता है। हमारी माताओं-बहनों की आंखों में दिख रही स्वाभिमान की चमक हमारा सबसे बड़ा संतोष है।

यह भी पढ़ें:- हमारी सरकार के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता में है शिक्षा: CM विष्णुदेव साय 

मुख्यमंत्री साय ने सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के दानसरा गांव का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां की माताओं और बहनों ने सोचा कि अयोध्या धाम में भव्य रामलला का मंदिर बना है। हम भी गांव के हनुमान मंदिर के बगल में रामलला का मंदिर बनाएं। इन महिलाओं ने महतारी वंदन योजना से मिली राशि से चंदा कर मंदिर निर्माण शुरू कर दिया। माताओं-बहनों के सपने देखने और इनके पूरे होने की कितनी ही कहानियां हैं। मैं अक्सर माताओं-बहनों से इस बारे में पूछता हूं और हर बार उनकी बातें मेरे दिल को छू जाती है। (CM Sai in Raigarh)

मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं रायपुर में PSC परीक्षा के टॉपर्स से मिला। उन युवाओं के आंखों में भरोसे की चमक थी। उन्होंने मुझे बताया कि PSC परीक्षा में गड़बड़ियां होने की वजह से उनका भरोसा टूट गया था, लेकिन जब हमारी सरकार आई तब हमने PSC परीक्षा में पारदर्शिता के लिए कार्य किया। प्रतियोगी परीक्षा में किए गए भ्रष्टाचार से एक प्रतिभाशाली युवा का भविष्य तो बर्बाद होता ही है सिविल सेवा के ढांचे को भी दीमक लग जाता है। भ्रष्टाचार की जांच के लिए हमने CBI को जिम्मा दिया तो उनका भरोसा फिर लौटा। हमने 42 करोड़ 56 लाख रुपए की राशि से बनने वाले नालंदा परिसर का भी भूमिपूजन किया है, जिससे PSC और अन्य प्रतियोगी परीक्षा दे रहे युवाओं को इससे काफी लाभ मिलेगा। (CM Sai in Raigarh)

CM साय ने कहा हम प्रदेश के 13 नगरीय निकायों में राजधानी रायपुर के नालंदा की तरह लाइब्रेरी शुरू कर रहे हैं, जहां हजारों किताबों का संग्रह होगा। वाईफाई की सुविधा होगी। सभी तरह की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को स्टडी मटेरियल मिल सकेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2047 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत के निर्माण का लक्ष्य रखा है। हमने भी 2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ बनाने विजन डॉक्यूमेंट बनाया है। विजन डॉक्यूमेंट में प्रदेश के तेजी से औद्योगीकरण पर सबसे ज्यादा जोर है। उद्योग धंधों के तेजी से विकास के लिए हमने नई उद्योग नीति बनाई है। इसके चलते छत्तीसगढ़ में उद्यमियों को नए उद्यम शुरू करने में बहुत सहूलियत होगी। (CM Sai in Raigarh)

उन्होंने कहा कि औद्योगिक वातावरण को बेहतर करने के लिए कनेक्टिविटी सबसे पहली शर्त होती है। अगले दो साल में हमारे प्रदेश का रोड नेटवर्क किसी भी विकसित देश की बराबरी का होगा। सरगुजा और बस्तर को एयर कनेक्टिविटी मिल गई है। रेलवे में जिस तरह से अधोसंरचना का कार्य एक दशक में किया गया है उससे भविष्य में यात्रियों को तो सुविधा मिलेगी ही, मालभाड़े का आवागमन भी बेहद आसान हो जाएगा, जो बिजनेस बढ़ाने के लिए सबसे ज्यादा आवश्यक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी धान खरीदी का समय है। हमारी सरकार ने किसानों की खुशहाली का भी पूरा ध्यान रखा है। (CM Sai in Raigarh)

CM विष्णुदे साय ने कहा कि हम लोग 3100 रुपए प्रति क्विंटल और 21 एकड़ प्रति क्विंटल धान खरीद रहे हैं। पिछली बार हमने 145 लाख मीट्रिक टन रिकॉर्ड धान खरीदा था। इस बार 160 लाख मीट्रिक टन धान का लक्ष्य है। हमारी सरकार के एक साल पूरे होने जा रहे हैं। शपथ लेने के अगले दिन ही हमने 18 लाख आवासों को स्वीकृत किया था और तब से मोदी की गारंटी को पूरा करने का सिलसिला लगातार चलता आया और अब हमने मोदी की गारंटी के अधिकांश वादों को एक साल के भीतर ही पूरा कर दिया है। हमने प्रधानमंत्री आवास योजना के ऐसे हितग्राहियों को सम्मानित किया है, जिन्होंने अपने आवास का काम पूरा कर लिया है। (CM Sai in Raigarh)

डिप्टी CM अरुण साव ने किया संबोधित  

डिप्टी CM अरुण साव ने कहा कि आज के दिन छत्तीसगढ़ में विष्णु के सुशासन की शुरुआत हुई। छत्तीसगढ़ में मोदी की सभी गारंटी पूरी हो रही है। गांव और शहरों में विकास कार्यों को तेजी से पूरा करा रहे हैं। उन्होंने बताया कि रायगढ़ जिले में नगरीय विकास के लिए 100 करोड़ रुपए को राशि जारी की गई है। रायगढ़ नगर निगम में ही 60 करोड़ के कार्य स्वीकृत किए गए हैं। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में रायगढ़ जिले में किसानों को सिंचाई सुविधा दिलाने के लिए केलो डैम से नहरों का काम पूरा करने की दिशा में कार्य कर रहे हैं। इसके लिए बजट में राशि का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में रायगढ़ अंचल का तेजी से विकास किया जा रहा है। (CM Sai in Raigarh)

अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगी लाइब्रेरी

वित्त मंत्री ने बताया कि रायगढ़ में हार्टिकल्चर कॉलेज खुलने जा रहा है, जहां नालंदा परिसर का निर्माण CSR मद से निर्मित होगा, जिसका लाभ यहां के छात्रों को मिलेगा। रायगढ़ के मरीन ड्राइव में सर्वसुविधायुक्त नालंदा परिसर एक अत्याधुनिक लाइब्रेरी होगी। यह प्रदेश की सबसे बड़ी लाइब्रेरी होगी, जहां वो सारी सुविधाएं होगी, जो अमूमन बड़े शहरों और विश्वविद्यालयों की लाइब्रेरी में देखने को मिलती है। यहां अध्ययन-अध्यापन का एक ऐसा इको सिस्टम छात्रों को मिलेगा, जिससे वे खुद को प्रदेश के साथ राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए खुद को तैयार कर सकें। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ 5 स्कूली छात्रों ने बटन दबाकर रायगढ़ में बनने जा रहे नालंदा परिसर के वर्चुअल टूर वीडियो का लोकार्पण किया। (CM Sai in Raigarh)

नालंदा परिसर में होगा स्मार्ट लाइब्रेरी और स्टडी जोन

नालंदा परिसर में स्मार्ट लाइब्रेरी और स्टडी जोन होगा। हजारों किताबों के संग्रह के साथ अंतर्राष्ट्रीय स्तर के ई-बुक एक्सेस करने की भी सुविधा होगी। स्मार्ट लर्निंग पर फोकस होगा। 24×7 वाईफाई और इंटरनेट की सुविधा भी छात्रों को मिलेगी। सिविल सर्विसेज के साथ मेडिकल, इंजीनियरिंग, क्लैट की तैयारी के साथ मैथ्स ओलिंपियाड के लिए भी किताबें होगी। कैरियर गाइडेंस सेमिनार का आयोजन होगा। 5वीं के बाद बच्चों को नवोदय विद्यालय, सैनिक स्कूल में प्रवेश के लिए तैयारी के लिए एक किड्स स्टडी जोन और किड्स लाइब्रेरी भी अलग से तैयार होगा, जहां उनके सिलेबस के अनुसार किताबें और स्टडी मटेरियल उपलब्ध रहेगा। कॉन्फ्रेंस हाल के साथ कैफेटेरिया भी होगा। (CM Sai in Raigarh)

Back to top button
error: Content is protected !!