अफीम की अवैध खेती पर सरकार सख्त, डिप्टी CM अरुण साव बोले- कांग्रेस ने बोए थे अफीम के बीज

CM Sai on Afim: दुर्ग और बलरामपुर के बाद अब रायगढ़ में भी अफीम की अवैध खेती का खुलासा होने के बाद CM विष्णुदेव साय ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार अपराध और करप्शन पर जीरो टॉलरेंस की नीति से चल रही है। कोई भी गड़बड़ी और अपराध पर सख्ती से कार्रवाई होगी। अपराधी चाहे कितना भी बड़ा हो। वहीं डिप्टी CM अरुण साव ने कहा कि सरकार दुर्ग में अफीम की खेती उजागर होने के बाद इसकी जांच करवा रही है और जहां भी ऐसे मामले आ रहे हैं कड़ाई से कार्रवाई भी कर रही है। कांग्रेस को इस मामले में बोलने का हक नहीं। आज जो अफीम की फसल दिख रही उसके बीज कांग्रेस ने ही लगाए हैं। कांग्रेस के शासनकाल में छत्तीसगढ़ नशे का गढ़ बन गया था।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार के संरक्षण में फल-फूल रही अफीम खेती, युवाओं को नशे के दलदल में धकेलने की पूरी तैयारी: कांग्रेस
दरअसल, रायगढ़ जिले के तमनार थाना क्षेत्र के आमाघाट इलाके में करीब एक एकड़ जमीन में की जा रही अफीम की अवैध खेती का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। दुर्ग और बलरामपुर के बाद अब रायगढ़ में भी इस तरह का मामला सामने आने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। पुलिस ने मामले में झारखंड के खूंटी जिले के रहने वाले 40 साल के मार्शल सांगा को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक मार्शल सांगा की शादी करीब 10 साल पहले तमनार के आमाघाट की सुषमा खालको से हुई थी। (CM Sai on Afim)

शादी के बाद वह यहीं रहने लगा और बीच-बीच में झारखंड भी आता-जाता था। इसी दौरान उसने अपने साथियों के साथ मिलकर अफीम की खेती और कारोबार शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने शुरुआत में तरबूज और ककड़ी की खेती के नाम पर जमीन ली थी, लेकिन बाद में उसी खेत में गुपचुप तरीके से अफीम उगाने लगा। स्थानीय लोगों को गुमराह करने के लिए वह सब्जी खेती का बहाना बनाता था। जांच में सामने आया कि आरोपी अपने साथियों के साथ पाझर नाला के पास सुनसान इलाके में अफीम की खेती कर रहा था। कम आवाजाही वाले क्षेत्र का फायदा उठाकर वह लंबे समय से इस अवैध गतिविधि को अंजाम दे रहा था।



