Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार के संरक्षण में फल-फूल रही अफीम खेती, युवाओं को नशे के दलदल में धकेलने की पूरी तैयारी: कांग्रेस

Congress on Opium Cultivation: छत्तीसगढ़ में अफीम की अवैध खेती को लेकर कांग्रेस सरकार पर हमलावर हो गई है। दुर्ग और बलरामपुर के बाद अब रायगढ़ के तमनार इलाके में अफीम की फसल पकड़े जाने पर विपक्ष ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पूर्व डिप्टी CM टीएस सिंहदेव, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, PCC चीफ दीपक बैज और विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने इसे सरकार की नाक के नीचे चल रहा सुनियोजित नशा कारोबार बताते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। साथ ही बीजेपी को जमकर घेरा है।

यह भी पढ़ें:- रायगढ़ में अफीम की अवैध खेती पर सियासी संग्राम, कांग्रेस ने सरकार को घेरा 

पूर्व डिप्टी CM टीएस सिंहदेव ने कहा कि दुर्ग और बलरामपुर के बाद अब रायगढ़ में भी अफीम की खेती का खुलासा बेहद चिंताजनक है। तमनार थाना क्षेत्र के आमाघाट में जिस जमीन को तरबूज और ककड़ी की खेती के नाम पर लिया गया था, वहां असलियत कुछ और ही निकली। क्या तरबूज और ककड़ी की फसलें ऐसी दिखती हैं? और ऐसा तो बिल्कुल संभव नहीं है कि ऐसी खेती रातों-रात खड़ी हो जाए। यह सिर्फ एक मामला नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश में फैलते एक गंभीर खतरे का संकेत है। (Congress on Opium Cultivation)

सिंहदेव ने कहा कि छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार गहरी नींद में है, जब प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त है और नशे का खतरा लगातार बढ़ रहा है। प्रदेश में आज तक ऐसी गैरजिम्मेदार सरकार कभी नहीं आई है और सबसे चिंताजनक बात यह है कि यह सब सरकार और प्रशासन की नाक के नीचे हो रहा है। यह सिर्फ लापरवाही नहीं, इस अवैध खेती में ऊपर से नीचे तक मिलीभगत और गहरे भ्रष्टाचार के चिन्ह हैं। इस पूरे मामले की निष्पक्ष और कड़ी जांच होनी चाहिए और जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई भी।

पूर्व CM भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा सरकार के संरक्षण में प्रदेशभर में हो रही अफीम की खेती का पर्दाफाश जारी है। अब रायगढ़ के तमनार थाना क्षेत्र के आमाघाट में अफीम की खेती पकड़ी गई है, जिस तरीके से प्रदेश में सूखे नशे के कारोबार को अंजाम दिया जा रहा है, यह घातक है। मुख्यमंत्री और गृहमंत्री की चुप्पी बताती है कि इस खेल का असली सरगना कौन है। उन्होंने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा के लोग ही अफीम की खेती करवा रहे हैं। दुर्ग में खेती करने वाला उनका पदाधिकारी, बलरामपुर में खेती के लिए जमीन उपलब्ध करवाने वाला भाजपा का पदाधिकारी, तमनार में भी सरकार में अफीम फल-फूल रहा है।

पूर्व CM ने कहा कि धमतरी के नगरी-सिहावा में भी भाजपा के एक पदाधिकारी के फार्महाउस में 20 एकड़ में अफीम लगा हुआ था। जैसे ही मैंने यह बयान दिया कि नगरी में भी अफीम की खेती हो रही है तो उन्होंने तुरंत बुलडोजर चला दिया। हर जगह अफीम ही अफीम है। बीजेपी सरकार में अफीम जैसे गैरकानूनी नशे की तरफ धकेलने का काम हो रहा है। बीजेपी से जुड़े लोग पूरे प्रदेश को नशे में डूबाना चाह रहे हैं। PCC चीफ दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश में नशे का कारोबार बढ़ते-बढ़ते अफीम की खेती तक पहुंच गया है। यह कारोबार लगातार उजागर हो रहा है।

बैज ने कहा कि अब यह स्पष्ट हो चुका है कि पूरे प्रदेश में सरकार के संरक्षण में अफीम की खेती सुनियोजित ढंग से हो रही है और प्रदेश के युवाओं को नशे के दलदल में धकेलने की पूरी तैयारी है। सरकार बताए इस काले कारोबार का संरक्षक कौन है ? भाजपा सरकार की ओर से संरक्षित और सुनियोजित अफीम के काले कारोबार का भंडाफोड़ इस बार रायगढ़ के तमनार में हुआ है। प्रदेश में नशे के कारण बिगड़ते माहौल से त्रस्त जनता की जागरूकता से प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में अफीम का यह कारोबार लगातार उजागर हो रहा है। (Congress on Opium Cultivation)

विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि तरबूज की आड़ में ‘जहर’ की खेती: सो रही है छत्तीसगढ़ सरकार ! दुर्ग और बलरामपुर के बाद अब रायगढ़ के आमाघाट में अफीम की खेती का खुलासा प्रदेश की कानून व्यवस्था की पोल खोल रहा है। हैरानी की बात है कि जिस जमीन पर तरबूज और ककड़ी उगाने का दावा किया गया, वहां अफीम की फसल लहलहा रही थी। सवाल प्रशासन से क्या अफीम रातों-रात उग आती है ? क्या पुलिस और स्थानीय प्रशासन को इसकी भनक तक नहीं थी ? मिलीभगत का संदेह- यह सिर्फ लापरवाही नहीं, बल्कि गहरे भ्रष्टाचार और ऊंचे रसूखदारों के संरक्षण का संकेत है। कानून व्यवस्था ध्वस्त- भाजपा सरकार की नाक के नीचे छत्तीसगढ़ नशे का गढ़ बनता जा रहा है। इस पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए। प्रदेश के भविष्य को नशे की आग में झोंकने वाले दोषियों को बख्शा नहीं जाना चाहिए !

Back to top button
error: Content is protected !!