Google Analytics —— Meta Pixel

रायगढ़ में अफीम की अवैध खेती पर सियासी संग्राम, कांग्रेस ने सरकार को घेरा 

Congress on Afim Kheti: रायगढ़ जिले के आमाघाट में अफीम की अवैध खेती का मामला सामने आने के बाद इस पर सियासत भी तेज हो गई है। मामले की जानकारी मिलते ही कांग्रेस का एक जनप्रतिनिधि मंडल मौके पर पहुंचा और सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए। रायगढ़ कांग्रेस कमेटी ने पूरे मामले को लेकर आक्रोश जताया है और इसे सिर्फ एक स्थानीय घटना नहीं, बल्कि प्रदेश में फैलते बड़े नेटवर्क का हिस्सा बताया है। कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष नगेंद्र नेगी ने कहा कि आमाघाट में करीब डेढ़ एकड़ जमीन पर अफीम की फसल लहलहा रही थी, जो यह दर्शाता है कि यह संगठित तरीके से किया जा रहा अवैध कारोबार है। 

यह भी पढ़ें:- रायगढ़ में तरबूज-ककड़ी की आड़ में 1 एकड़ में अफीम की अवैध खेती, झारखंड का आरोपी गिरफ्तार

उन्होंने आरोप लगाया कि अगर सरकार नशे के खिलाफ गंभीर होती तो इस तरह की घटनाएं बार-बार सामने नहीं आती। कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश सरकार से इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है, ताकि असली दोषियों तक पहुंचा जा सके। युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष ग्रामीण उस्मान बेग ने कहा कि इतने बड़े पैमाने पर नशीली फसल की खेती होना और संबंधित विभागों को इसकी जानकारी न होना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ लापरवाही नहीं, बल्कि संरक्षण की आशंका भी पैदा करता है। अगर निगरानी तंत्र सक्रिय होता तो इतनी बड़ी अवैध खेती संभव नहीं थी। (Congress on Afim Kheti)

सरकार के संरक्षण में नशे का खेल: भूपेश बघेल 

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस मामले को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अफीम की खेती का लगातार खुलासा हो रहा है और यह सब सरकार के संरक्षण में हो रहा है। बघेल ने कहा कि जिस तरह से प्रदेश में सूखे नशे का कारोबार फैल रहा है, वह बेहद खतरनाक है। मुख्यमंत्री और गृहमंत्री की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए उन्होंने इशारों में कहा कि इससे असली सरगना का अंदाजा लगाया जा सकता है। PCC चीफ दीपक बैज ने कहा कि शांत छत्तीसगढ़ को नशे का गढ़ बनाया जा रहा है। (Congress on Afim Kheti)

मुख्य आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई क्यों नहीं: बैज

उन्होंने भाजपा नेताओं पर संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए पूछा कि दुर्ग में बीजेपी नेता पर कार्रवाई के नाम पर सिर्फ निलंबन क्यों, निष्कासन क्यों नहीं किया जा रहा। बैज ने यह भी आरोप लगाया कि मुख्य आरोपी के खिलाफ अब तक सख्त कार्रवाई नहीं होना कई सवाल खड़े करता है। रायगढ़ के आमाघाट में अफीम की खेती का खुलासा जहां कानून व्यवस्था और निगरानी तंत्र पर सवाल खड़े कर रहा है, वहीं इस पर शुरू हुई सियासत ने मामले को और गरमा दिया है। अब देखना होगा कि सरकार इस पूरे प्रकरण में क्या कार्रवाई करती है और क्या वाकई इस नेटवर्क की गहराई तक जांच हो पाती है या नहीं।

Back to top button
error: Content is protected !!