रायगढ़ में तरबूज-ककड़ी की आड़ में 1 एकड़ में अफीम की अवैध खेती, झारखंड का आरोपी गिरफ्तार

Afim Kheti in Raigarh: रायगढ़ जिले के तमनार थाना क्षेत्र के आमाघाट इलाके में अफीम की अवैध खेती का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मचा गया है। करीब एक एकड़ जमीन में की जा रही इस अवैध खेती का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। दुर्ग और बलरामपुर के बाद अब रायगढ़ में भी इस तरह का मामला सामने आने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। पुलिस ने मामले में झारखंड के खूंटी जिले के रहने वाले 40 साल के मार्शल सांगा को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक मार्शल सांगा की शादी करीब 10 साल पहले तमनार के आमाघाट की सुषमा खालको से हुई थी।
यह भी पढ़ें:- फर्जी कॉल सेंटर से डिजिटल अरेस्ट तक, ठगों पर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, करोड़ों की ठगी का खुलासा
शादी के बाद वह यहीं रहने लगा और बीच-बीच में झारखंड भी आता-जाता था। इसी दौरान उसने अपने साथियों के साथ मिलकर अफीम की खेती और कारोबार शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने शुरुआत में तरबूज और ककड़ी की खेती के नाम पर जमीन ली थी, लेकिन बाद में उसी खेत में गुपचुप तरीके से अफीम उगाने लगा। स्थानीय लोगों को गुमराह करने के लिए वह सब्जी खेती का बहाना बनाता था। जांच में सामने आया कि आरोपी अपने साथियों के साथ पाझर नाला के पास सुनसान इलाके में अफीम की खेती कर रहा था। कम आवाजाही वाले क्षेत्र का फायदा उठाकर वह लंबे समय से इस अवैध गतिविधि को अंजाम दे रहा था।

सूचना मिलने पर पुलिस, राजस्व और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर छापेमारी की। इस दौरान मुख्य आरोपी मार्शल सांगा को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसके अन्य साथी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने रातभर इलाके में घेराबंदी कर निगरानी भी की। जांच में यह भी सामने आया कि अफीम की खेती पांच अलग-अलग खसरा नंबरों की जमीन पर की जा रही थी, जिनमें निजी और परियोजना भूमि दोनों शामिल हैं। (Afim Kheti in Raigarh)

इन खसरा नंबरों की जमीन पर खेती
- खसरा नं. 462/3- भूमि स्वामी: विराज, प्रवीण, उर्मिला, सुलोचना
- खसरा नं. 462/2- केलो परियोजना भूमि
- खसरा नं. 462/1- महंत पिता चमरा, अश्वनी बेवा चमरा
- खसरा नं. 462/4- दयानंद पिता धरमदेव
- खसरा नं. 462/5- हेमंत कुमार पिता धरमदेव
SP शशि मोहन सिंह ने बताया कि जिले में ऑपरेशन आघात के तहत नशीले पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान भी की जा रही है। बता दें कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर प्रदेश में अफीम की अवैध खेती के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में रायगढ़ पुलिस को यह बड़ी सफलता मिली है। मामले के सामने आने के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। जनपद सदस्य संपति सिंह सिदार ने आरोप लगाया कि बिना संरक्षण के इस तरह की खेती संभव नहीं है और इसके पीछे किसी का समर्थन हो सकता है।

जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे इस प्रकार की अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। फिलहाल अफीम की खेती की कुल मात्रा, कीमत और नेटवर्क की गहराई का आकलन किया जा रहा है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही गई है। रायगढ़ के तमनार में तरबूज-ककड़ी की आड़ में चल रही अफीम की इस अवैध खेती ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर इतनी बड़ी खेती बिना किसी की नजर में आए कैसे चलती रही ?
नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी पुलिस
पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है, लेकिन फरार आरोपियों की तलाश और इस पूरे सिंडिकेट का खुलासा अब सबसे बड़ी चुनौती है। प्रदेश में नशे के खिलाफ जारी कार्रवाई के बीच रायगढ़ का ये मामला साफ संकेत दे रहा है कि जड़ें कहीं ज्यादा गहरी हैं। अब देखना होगा कि जांच कितनी दूर तक पहुंचती है और कितनों पर गाज गिरती है। बता दें कि इससे पहले दुर्ग में एक जगह और बलरामपुर में 2 जगहों पर अफीम की अवैध खेती का खुलासा हो चुका है, जिसके बाद CM साय ने सभी जिलों में सर्वे के निर्देश दिए थे। (Afim Kheti in Raigarh)



