Google Analytics —— Meta Pixel

फर्जी कॉल सेंटर से डिजिटल अरेस्ट तक, ठगों पर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, करोड़ों की ठगी का खुलासा

Action Against Fraud: छत्तीसगढ़ पुलिस ने साइबर फ्रॉड और फर्जी कॉल सेंटर से जुड़ी बड़ी ठगी का पर्दाफाश किया है। राजधानी रायपुर, दंतेवाड़ा, सरगुजा और अंबिकापुर में अलग-अलग मामलों में आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। पहला मामला रायपुर का है, जहां पुलिस ने फर्जी कॉल सेंटर के जरिए अंतरराज्यीय ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा किया है। मुजगहन के परमजीत सिंह चड्डा को बीमा पॉलिसी की मैच्योरिटी दिलाने का झांसा देकर 9 लाख 60 हजार रुपए ठगे गए थे। जांच में पता चला कि आरोपी दिल्ली-एनसीआर के नोएडा स्थित गौर सिटी मॉल में कॉल सेंटर चला रहे थे। आरोपी महिला की आवाज में कॉल करके लोगों को झांसे में ले रहे थे। 

यह भी पढ़ें:- नकल कानून पर छिड़ी जंग, बैज ने बताया छलावा, मुख्यमंत्री साय बोले- कांग्रेस ने युवाओं के सपने का घोटा गला

पुलिस ने दिल्ली से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके मोबाइल जब्त किए हैं और देशभर में ठगी से जुड़े अन्य मामलों की जांच जारी है। इसी तरह दंतेवाड़ा पुलिस ने साइबर फ्रॉड के एक बड़े मामले में अहम सफलता हासिल की है। बचेली थाना क्षेत्र में दर्ज लाखों रुपए की ठगी के मामले में बिहार के मुजफ्फरपुर के अजय कुमार महतो को गिरफ्तार किया गया। आरोपी ने पीड़ितों को टास्क पूरा करने पर रकम डबल करने का झांसा देकर करीब 7 लाख 91 हजार रुपए ठगे थे। दंतेवाड़ा साइबर सेल ने फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन एनालिसिस और साइबर फॉरेंसिक टूल्स की मदद से आरोपी तक पहुंच बनाई। आरोपी के पास से मोबाइल, चेकबुक, पैन कार्ड, आधार कार्ड और नगद राशि बरामद की गई। (Action Against Fraud)

घी बेचकर पहचान बनाने वाली ने की ठगी

सिर्फ यही नहीं, सरगुजा जिले के अंबिकापुर में घी बेचकर पहचान बनाने वाली महिला समेत चार आरोपियों को नकली सोने की ठगी के आरोप में गिरफ्तार किया गया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि पिछले 7-8 सालों से मंजू नाम की महिला उनके घर घी बेचने आती थी। होली से पहले मंजू ने नकली सोने का बिस्किट दिखाकर कहा कि उसके घर में शादी है और पीड़िता के घर के गहने और 15 लाख रुपए देने की आवश्यकता है। परिवार लालच में आ गया और सोने का बिस्किट समझकर 15 लाख रुपए दे दिए। जांच में पुलिस ने सीसीटीवी और कॉल डिटेल्स के आधार पर दो आरोपियों को गुजरात के राजकोट और दो आरोपियों को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से गिरफ्तार किया। साथ ही उनके पास से 20 लाख 31 हजार रुपए, 100 ग्राम सोने का कड़ा और चार मोबाइल बरामद हुए, जिसकी कुल कीमत 37 लाख रुपए बताई जा रही है। (Action Against Fraud)

1 करोड़ 25 लाख रुपए की ठगी

राजधानी रायपुर में भी साइबर सेल ने डिजिटल अरेस्ट के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले मुख्य आरोपी को हरियाणा से गिरफ्तार किया। आरोपी ने पीड़ित से 1 करोड़ 25 लाख रुपए की ठगी की थी। पुलिस ने पीड़ित को 58 रुपए वापस कराए और बची राशि बैंक खातों में होल्ड कराई। आरोपी के खिलाफ IT एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस की इन कार्रवाईयों से साइबर और फर्जी कॉल सेंटर से जुड़ी ठगी पर कड़ी चोट लगी है। अधिकारियों का कहना है कि देशभर में ऐसे गिरोह सक्रिय हैं और छत्तीसगढ़ पुलिस लगातार अंतरराज्यीय सहयोग से उन्हें ट्रेस कर रही है। लगातार की जा रही इन कार्रवाइयों से साफ है कि छत्तीसगढ़ पुलिस साइबर अपराध और अंतरराज्यीय ठगी गिरोहों के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी कॉल, निवेश या डिजिटल अरेस्ट जैसे झांसे में आने से पहले सतर्क रहें और संदिग्ध मामलों की तुरंत शिकायत करें, ताकि ऐसे गिरोहों पर प्रभावी कार्रवाई जारी रखी जा सके।

Back to top button
error: Content is protected !!