Google Analytics —— Meta Pixel

जनता को झूठे प्रलोभन देकर सत्ता में आई थी कांग्रेस: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

CM Sai on Congress: छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के तीसरे दिन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राज्यपाल के अभिभाषण पर कृतज्ञता प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान कहा कि प्रदेश सरकार विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को लेकर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि हम सब लोकतंत्र के पवित्र मंदिर में विकसित छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ रहे हैं। हम पूरी तन्मयता से विकसित छत्तीसगढ़ बनाने में जुटे हैं। हमारा प्रदेश ऐसे ही धान का कटोरा नहीं बना है। न जाने कितने पुरखों ने इसे सींचा होगा। मैं उन सभी पुरखों को नमन करता हूं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा विकास की बात करती है, जबकि कांग्रेस हमेशा विनाश की बात करती है।

यह भी पढ़ें:- राज्य के तेज विकास, भ्रष्टाचार पर सख्ती और नक्सलवाद के अंत के संकल्प के साथ बढ़ रहे हैं आगे: मुख्यमंत्री साय

उन्होंने कहा कि पिछले रिकॉर्ड देखे जाएं तो कांग्रेस सरकार में भ्रष्टाचार हुआ है। प्रदेश की जनता ने भाजपा को जनादेश दिया है, जबकि कांग्रेस झूठे प्रलोभन देकर सरकार में आई थी और आज विपक्ष में बैठी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का सिंडिकेट जनता को लूटता रहा। जमीन के भीतर और बाहर दोनों जगह खेल चलता रहा। कांग्रेस की सरकार ने कोई रास्ता नहीं छोड़ा, जहां भ्रष्टाचार न हुआ हो। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि हमारी सरकार ने भ्रष्टाचार रोककर विकास के काम किए हैं। कांग्रेस की लड़ाई में जनता पिसती रही। युवाओं के सपनों का कत्ल करने वाली कांग्रेस को जनता कभी माफ नहीं करेगी। हमारी सरकार ने कांग्रेस सरकार के भ्रष्टाचार के कचरे को साफ किया है। 

छत्तीसगढ़ 40 सालों तक नक्सलवाद से जूझता रहा: CM

CM साय ने कहा कि जनता की गाढ़ी कमाई में सेंध लगाने वाले जेल भेजे गए हैं और जो लोग बचे हैं, वे भी नहीं बचेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार में नक्सलवाद के खिलाफ लड़ने की दृढ़ इच्छाशक्ति नहीं दिखाई गई। उन्होंने कहा कि मैं अपने जवानों के अदम्य साहस को नमन करता हूं। 40 सालों तक छत्तीसगढ़ नक्सलवाद से जूझता रहा। उन्होंने कहा कि बस्तर में उनकी सरकार विकास की गंगा बहा रही है। हिड़मा जो बड़ा नक्सल सदस्य था, उसकी मां आज सरकार के अस्पताल में इलाज करवा रही है। (CM Sai on Congress)

बस्तर को उद्योगपतियों को सौंपे जाने की बात दुष्प्रचार: CM

मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर को उद्योगपतियों को सौंपे जाने की बात दुष्प्रचार है। हम वहां कृषि करना चाहते हैं, सिंचाई के साधन बनाना चाहते हैं। वहां कई वॉटरफॉल हैं, पर्यटन बढ़ाना चाहते हैं और वैल्यू एडिशन करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि कोयला, शराब और जिला खनिज न्यास समेत विभिन्न मामलों में भ्रष्टाचार हुआ। हमारी सरकार ने शराब से प्राप्त राजस्व को जनहित के कार्यों में उपयोग करना सुनिश्चित किया है। भ्रष्टाचार के मामलों में कई लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है और आने वाले समय में और भी गिरफ्तारियां होंगी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के विकास में नक्सलवाद और भ्रष्टाचार दो बड़ी बाधाएं रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में नक्सलवाद अंतिम सांसें गिन रहा है। एक समय देश में 70 प्रतिशत से ज्यादा नक्सल गतिविधियां छत्तीसगढ़ में केंद्रित थी।

Back to top button
error: Content is protected !!