छत्तीसगढ़ में रसोई गैस को लेकर सरकार अलर्ट, CM साय बोले- चिंता करने की आवश्यकता नहीं, जगदलपुर में 34 सिलेंडर जब्त
CM Sai on LPG: छत्तीसगढ़ में रसोई गैस की उपलब्धता को लेकर सरकार ने बड़ी जानकारी दी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि रसोई गैस को लेकर आमजन को किसी भी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एलपीजी के साथ ही पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में रसोई गैस की सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सभी जिलों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को गैस एजेंसियों के स्टॉक की नियमित मॉनिटरिंग करने और आपूर्ति व्यवस्था पर सतत नजर रखने को कहा गया है।
यह भी पढ़ें:- रायपुर तक पहुंचा मिडिल ईस्ट तनाव का असर, कमर्शियल सिलेंडर नहीं मिलने से 20 होटल और रेस्टोरेंट्स बंद
मुख्यमंत्री साय ने यह भी निर्देश दिए हैं कि अगर कहीं कालाबाजारी या अनियमितता की शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और आवश्यकता के अनुसार ही रसोई गैस की बुकिंग करें। उन्होंने कहा कि सरकार नागरिकों को आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह सतर्क है। इसी बीच गैस की कालाबाजारी को लेकर प्रशासन सख्त हो गया है। (CM Sai on LPG)

बस्तर जिले के जगदलपुर शहर में घरेलू गैस की कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। खाद्य विभाग की टीम को शहर के राउतपारा इलाके में स्थित बालाजी केयर हॉस्पिटल के पास एक घर में अवैध गैस भंडारण और रिफिलिंग की सूचना मिली थी। कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देश पर खाद्य विभाग की टीम ने दीनदयाल उपाध्याय वार्ड में प्रशांत महाजन नाम के व्यक्ति के घर पर छापा मारा। जांच के दौरान घर के अंदर बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर पाए गए, जिनके संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। (CM Sai on LPG)

टीम ने मौके से 24 घरेलू गैस सिलेंडर और 10 कमर्शियल गैस सिलेंडर जब्त किए। इसके साथ ही गैस चोरी और अवैध रिफिलिंग में इस्तेमाल होने वाले तीन रिफिलिंग पाइप भी बरामद किए गए। खाद्य नियंत्रक घनश्याम राठौर ने बताया कि गैस की कालाबाजारी रोकने और उपभोक्ताओं को नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अधिकारियों ने कहा कि गैस की कीमतों में बढ़ोतरी और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे तनाव के कारण कुछ लोग घरेलू गैस की सीमित आपूर्ति का फायदा उठाकर ऊंचे दामों पर गैस बेचने की कोशिश कर रहे हैं। इसी को रोकने के लिए प्रशासन अब सख्त कार्रवाई कर रहा है। प्रशासन ने कहा कि अवैध गैस कारोबार पर लगातार नजर रखी जा रही है।



