Google Analytics —— Meta Pixel

रायपुर तक पहुंचा मिडिल ईस्ट तनाव का असर, कमर्शियल सिलेंडर नहीं मिलने से 20 होटल और रेस्टोरेंट्स बंद

Hotels Restaurants Closed: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के चलते कमर्शियल सिलेंडर सिलेंडर की कीमत 114 रुपए बढ़ गई है और सप्लाई पूरी तरह से बंद कर दी गई है, जिससे राजधानी रायपुर के होटल और कैफे संचालकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। मंगलवार को कमर्शियल सिलेंडर की कमी के कारण करीब 20 रेस्टोरेंट और कैफे पूरी तरह बंद रहे। बुधवार को भी कई रेस्टोरेंट और कैफे बंद रहने की संभावना है। होटल कारोबारियों का कहना है कि अगर अगले दो दिन में सिलेंडर की सप्लाई बहाल नहीं होती है तो उनके पास व्यवसाय अस्थायी रूप से बंद करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचेगा।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में एयरफोर्स के विंग कमांडर ने की आत्महत्या, घर में फांसी लगाकर दी जान

रायपुर और प्रदेश के अधिकांश होटल, रेस्टोरेंट और कैफे किचन एलपीजी पर ही विकसित किए गए हैं। इलेक्ट्रिक कुकिंग का विकल्प बहुत कम ही मौजूद है। इसलिए अगर गैस की सप्लाई नहीं हुई और मौजूदा स्टॉक खत्म हो गया तो होटल और रेस्टोरेंट संचालन पर सीधा असर पड़ेगा। छत्तीसगढ़ में मार्च और अप्रैल के महीने में कई शादी के मुहूर्त हैं। कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई बंद होने के कारण केटरिंग व्यवसाय भी प्रभावित हो सकता है। इन सबके बीच ढाबा संचालक पर्याप्त स्पेस के चलते लकड़ी और कोयले से खाना पकाकर व्यवसाय चला सकते हैं, लेकिन बड़े होटल्स के पास सिर्फ 2-3 दिन का एलपीजी स्टॉक मौजूद है।

रायपुर में 100 से ज्यादा बड़े होटल संचालित

छत्तीसगढ़ होटल और रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष तर्नजीत सिंह होरा ने बताया कि रायपुर में 100 से ज्यादा बड़े होटल संचालित हैं। सभी के पास सिर्फ 2-3 दिन का एलपीजी स्टॉक है। अगर सप्लाई बंद रही और स्टॉक खत्म हो गया तो होटल संचालन ठप हो जाएगा। छग रेस्टोरेंट्स एंड कैफे एसोसिएशन के महासचिव मिक्की दत्ता ने कहा कि मंगलवार को राजधानी में 20 रेस्टोरेंट और कैफे बंद रहे। सरकार कम से कम व्यापार संचालन के लिए कोटा निर्धारित करे, ताकि रोजी-रोटी का संकट सामने न आए। (Hotels Restaurants Closed)

कर्मचारियों की रोजी-रोटी पर संकट

व्यापारी और एसोसिएशन दोनों ही स्थिति को गंभीर मानते हुए सरकार से तत्काल राहत की अपील कर रहे हैं। कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई रोकने और कीमत बढ़ने से रायपुर में होटल, रेस्टोरेंट और कैफे संचालक मुश्किल स्थिति में हैं। अगर गैस सप्लाई जल्द बहाल नहीं होती है तो न सिर्फ व्यवसाय ठप होंगे, बल्कि शादियों और बड़े आयोजन के लिए केटरिंग सेवाओं पर भी असर पड़ेगा। इससे न सिर्फ व्यापार प्रभावित होगा, बल्कि कर्मचारियों की रोजी-रोटी पर भी सीधा असर पड़ेगा। (Hotels Restaurants Closed)

Back to top button
error: Content is protected !!