स्वास्थ्य से समृद्धि के मंत्र से आगे बढ़ रही छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा: मुख्यमंत्री साय

CM Sai on Medical: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय राजधानी रायपुर के कालीबाड़ी में आयोजित इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि इंडियन मेडिकल एसोसिएशन चिकित्सकों और चिकित्सा व्यवस्था से जुड़े विषयों पर सकारात्मकता के साथ कार्य करते हुए सरकार और चिकित्सकों के मध्य सेतु का कार्य कर रहा है। हमारा छत्तीसगढ़ ‘स्वास्थ्य से समृद्धि’ के मंत्र से आगे बढ़ रहा है, जिसमें सेवाभावी चिकित्सकों और इंडियन मेडिकल एसोसिएशन का महत्वपूर्ण योगदान है। मैं एसोसिएशन के सारे सदस्यों का सहृदय अभिनंदन करता हूं। CM साय ने कहा कि हमारा राज्य अपनी स्थापना का रजत जयंती वर्ष मना रहा है। हम विकसित छत्तीसगढ़ की ओर कदम बढ़ा चुके हैं। छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा स्वास्थ्य से समृद्धि के मंत्र से ही आगे बढ़ रही है।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में निकाय चुनाव से पहले पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, ASP और DSP समेत 50 अफसरों का ट्रांसफर
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ मेडिकल टूरिज्म का बड़ा केंद्र बन रहा है। एक समय था जब कई गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए लोग दिल्ली-मुंबई जाते थे। आज गंभीर से गंभीर बीमारियों का इलाज रायपुर शहर के सेवाभावी डॉक्टर कर रहे हैं। हार्ट और किडनी ट्रांसप्लांट से लेकर कैंसर जैसी बीमारियों का अत्याधुनिक तकनीक से उपचार रायपुर के अस्पतालों में हो रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार नागरिकों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से लेकर जिला अस्पतालों में चिकित्सा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बेहतर संसाधन, आवश्यक अधोसंरचना विकसित उपलब्ध कराने के साथ-साथ डॉक्टरों और चिकित्सा स्टाफ की भर्ती की जा रही है। हमारी सरकार ने राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के साथ ही शहीद वीरनारायण सिंह स्वास्थ्य योजना लागू की है। (CM Sai on Medical)

CM साय ने कहा कि आयुष्मान योजना के तहत गरीब परिवारों और 70 साल से ज्यादा आयु के सभी वर्गों के नागरिकों को पांच लाख रुपए तक के निःशुल्क इलाज और एपीएल परिवारों को 50 हजार रुपए तक के निःशुल्क इलाज की सुविधा दी जा रही है। इसके अलावा जटिल रोगों के इलाज के लिए मुख्यमंत्री सहायता कोष से भी सहायता दी जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में 10 शासकीय और 4 निजी मेडिकल कॉलेजों समेत कुल 14 मेडिकल कॉलेज हैं। राज्य में चार नए मेडिकल कॉलेजों के भवनों का निर्माण किया जा रहा है। जांजगीर चांपा, कबीरधाम, मनेंद्रगढ़ और गीदम में मेडिकल कॉलेज बनने से स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा। विदेशों से भी बड़ी संख्या में लोग इलाज के लिए छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। यह हमारे लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि IMA जैसे संगठन चिकित्सकों की आवाज बनने के साथ डॉक्टर और मरीज के बीच संबंधों को और मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। (CM Sai on Medical)

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं को सुगम और सुदृढ़ बनाने का काम किया जा रहा है। चिकित्सकों के सहयोग और समर्पण से ही हम चिकित्सा के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ को नए मुकाम पर ले जाने में सफल होंगे। उन्होंने कहा कि राज्य के मेडिकल कॉलेजों में चिकित्सा सुविधा को बेहतर बनाने के लिए सरकार ने वित्तीय अधिकारों में वृद्धि की है। उन्होंने चिकित्सा सेवा और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में राज्य की उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि सिकलसेल की स्क्रीनिंग में छत्तीसगढ़ देश का अग्रणी राज्य है। यहां एक करोड़ 29 लाख लोगों की स्क्रीनिंग की गई है। राज्य में सिकल सेल अनुसंधान संस्थान की स्थापना और बोन मेरो ट्रांसप्लांट की सुविधा शुरू होगी। इसके लिए 48 करोड़ रूपए की स्वीकृति दी गई है। (CM Sai on Medical)

उन्होंने IMA रायपुर को विश्वास दिलाया कि सरकार चिकित्सकों और जनहित के कामों में हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी। कार्यक्रम को पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा ने भी संबोधित किया। IMA के नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. कुलदीप सोलंकी ने राज्य में चिकित्सा सेवा और चिकित्सा शिक्षा के विस्तार के लिए एसोसिएशन की ओर से हरसंभव सहयोग दिए जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि IMA शासन और चिकित्सा सेवा प्रदाता के बीच समन्वय का दायित्व पूरी प्रतिबद्धता से निभाएगी। कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी, IMA छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष डॉ. प्रभात पांडेय, डॉ. पूर्णेन्दु सक्सेना समेत इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में चिकित्सक उपस्थित थे। (CM Sai on Medical)



