स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने किया कई अस्पतालों का निरीक्षण, मरीजों से ली सुविधाओं के बारे में जानकारी

Health Minister in Jagdalpur: बस्तर अंचल में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप जगदलपुर में सुपर स्पेशलिटी अस्पताल का निर्माण किया जा रहा है। जगदलपुर मेडिकल कॉलेज के सामने तैयार हो रहे इस सुपर स्पेशलिटी अस्पताल से बस्तर अंचल के लोगों को अत्याधुनिक इलाज की सुविधा मिलेगी। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने जगदलपुर के मेडिकल कॉलेज, महारानी जिला चिकित्सालय और निर्माणाधीन सुपर स्पेशलिटी अस्पताल का निरीक्षण किया। साथ ही अधिकारियों को निर्माणाधीन अस्पताल को पूरा कराने और इस अस्पताल को जल्द शुरू करने के लिए सिटी स्कैन, एमआरआई अन्य चिकित्सा उपकरणों की जल्द व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें:- स्वास्थ्य से समृद्धि के मंत्र से आगे बढ़ रही छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा: मुख्यमंत्री साय
स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के चिकित्सकों और अन्य पैरामेडिकल स्टॉफ के आवासीय व्यवस्था उपलब्ध कराने अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने बलीराम कश्यप मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल के शिशु वार्ड का विस्तार करने सहित सीसीटीवी के समुचित परिचालन के लिए ऑपरेटर नियुक्त किए जाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने जगदलपुर में नवजात शिशुओं के गहन चिकित्सा इकाई, शिशु वार्ड और सर्जिकल वार्ड का भी जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल में आए मरीजों और उनके परिजनों से अस्पताल की सुविधाएं के बारे में जानकारी ली। (Health Minister in Jagdalpur)

स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने महारानी जिला चिकित्सालय, मातृ और शिशु स्वास्थ्य अस्पताल के OPD, IPD और ICU का निरीक्षण कर विभिन्न वार्डों में भर्ती मरीजों से रूबरू हुए। उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों से निःशुल्क दवा योजना के साथ ही अस्पताल की सुविधाओं की जानकारी ली। स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने अस्पताल में साफ-सफाई, पर्ची काउंटर, हेल्पडेस्क काउंटर, मातृ शिशु केंद्र, लेबर रूम, सिटी स्कैन सेन्टर समेत विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। साथ ही जायजा लिया और अस्पताल के दवा स्टोर पर दवाइयों की उपलब्धता की जानकारी ली। इस दौरान चित्रकोट विधायक विनायक गोयल समेत कई जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, चिकित्सक और अधिकारी मौजूद थे। (Health Minister in Jagdalpur)



