भारत विविधताओं का देश…जहां हर क्षेत्र की अपनी भाषा, संस्कृति और परंपरा: CM साय

Sardar Patel Birth Anniversary: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले के बगिया स्थित CM कार्यालय में देश के पहले उपप्रधानमंत्री और गृहमंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के अवसर पर उन्हें नमन किया है। मुख्यमंत्री ने देश के लिए लौह पुरुष सरदार पटेल के योगदान को याद करते हुए कहा कि सरदार पटेल अपनी देशभक्ति, दृढ़ इच्छाशक्ति और साहस के लिए जाने जाते थे। देश के स्वतंत्रता संग्राम में उनकी अग्रणी भूमिका थी। इस मौके पर विधायक गोमती साय भी मौजूद रहीं। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम और स्वतंत्र भारत के नवनिर्माण में सरदार पटेल की अविस्मरणीय भूमिका को देखते हुए उनकी स्मृति और सम्मान में हर साल उनकी जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाता है।
यह भी पढ़ें:- दिवाली मनाने गांव जा रहा पूरा परिवार हादसे में खत्म, 6 लोगों की मौत, 5 घायल
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता किसी भी देश की शक्ति और विकास का मूल स्तंभ होती है। भारत विविधताओं का देश है, जहां हर क्षेत्र की अपनी भाषा, संस्कृति और परंपरा है। उन्होंने कहा कि हम सभी का कर्तव्य है कि एकजुट होकर अपने प्रदेश और देश की प्रगति में अपना योगदान दें। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ परेड में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि मैं ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ पर सभी देशवासियों को बहुत बधाई देता हूं। इस बार का राष्ट्रीय एकता दिवस अद्भुत संयोग लेकर आया है। एक तरफ आज हम एकता का उत्सव मना रहे हैं, वहीं दूसरी ओर दीपावली का भी पावन पर्व है। (Sardar Patel Birth Anniversary)
दीपावली दीपों के माध्यम से पूरे देश को जोड़ती है: PM
PM मोदी ने कहा कि दीपावली दीपों के माध्यम से पूरे देश को जोड़ती है, पूरे देश को प्रकाशमय कर देती है। अब तो दीपावली का पर्व भारत को दुनिया से भी जोड़ रहा है। अनेक देशों में इसे राष्ट्रीय उत्सव की तरह मनाया जा रहा है। मैं सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देता हूं। आज से सरदार पटेल का 150वां जन्मजयंती वर्ष शुरू हो रहा है। आने वाले 2 सालों तक देश सरदार पटेल की 150वीं जन्मजयंती का उत्सव मनाएगा। ये भारत के प्रति उनके असाधारण योगदान के प्रति देशवासियों की कार्यांजलि है। बीते 10 साल का कालखंड भारत की एकता और अखंडता के लिए अभूतपूर्व उपलब्धियों से भरा रहा है। आज सरकार के हर काम, हर मिशन में राष्ट्रीय एकता की प्रतिबद्धता दिखती है। (Sardar Patel Birth Anniversary)



