आज सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के दौरे पर रहेंगे CM विष्णुदेव साय, 137 करोड़ के विकास कार्यों की देंगे सौगात
CM Sai Sarangarh Tour: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज यानी 19 जनवरी को 3.30 बजे सारंगढ़-बिलाईगढ़ के खेलभांठा मैदान में लगभग 137 करोड़ रुपए की लागत से जिले के कार्यों का भूमिपूजन, शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इसमें विशेष कार्य, संयुक्त जिला कार्यालय भवन का भूमिपूजन, जिला चिकित्सालय भवन का भूमिपूजन, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सारंगढ़ में बीपीएचयू भवन निर्माण और जिला चिकित्सालय के लिए आईपीएचएल भवन निर्माण का भूमिपूजन, जिले में लगभग 8 करोड़ की लागत से गोदाम निर्माण कार्य का भूमिपूजन विशेष रूप से शामिल है।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ सरकार युवाओं के कौशल विकास और रोजगार के अवसर प्रदान करने पूरी तरह प्रतिबद्ध: डिप्टी CM शर्मा
संयुक्त जिला कार्यालय भवन के निर्माण से जिले के सभी विभागों के कार्यालय एक ही स्थान पर होंगे, जिससे सभी नागरिकों को एक ही स्थान में सभी कार्य हो जाएंगे। इसी तरह जिला चिकित्सालय के निर्माण से जिला स्तर का हॉस्पीटल सेटअप स्थापित होगा। सभी स्वास्थ्य सुविधा मुहैया होने से जिले के नागरिकों को अन्य शहर जाने की जरूरत नहीं होगी। इसी प्रकार गोदाम निर्माण से धान खरीदी के दौरान संग्रहण कार्य में सुविधा मिलेगा। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एक राष्ट्रीय राजनीतिक दल के जिला कार्यालय भवन का लोकार्पण भी करेंगे। (CM Sai Sarangarh Tour)
जगदलपुर में 35 पदों के सृजन की स्वीकृति
इधर, राज्य शासन की ओर से जल संसधान विभाग अंतर्गत जगदलपुर में नवीन मुख्य अभियंता कार्यालय के लिए 35 पदों के सृजन की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसे लेकर जल संसाधन विभाग आदेश भी जारी कर दिया है। जारी आदेश के तहत अधीक्षण कार्यालय जगदलपुर में अधीक्षण अभियंता (सिविल) और यांत्रिकी प्रशासकीय अधिकारी के एक-एक पद, कार्यपालन अभियंता (सिविल) के दो पद शामिल हैं। इसी तरह सहायक अभियंता (सिविल) के तीन पद, वरिष्ठ लेखा अधिकारी, मुख्य मानचित्रकार (सिविल) और मानचित्रकार (सिविल) के एक-एक पद, सहायक ग्रेड-1 के दो पद, सहायक मानचित्रकार (सिविल) के एक पद, सहायक ग्रेड-2 के 4 पद, सहायक ग्रेड-3 के पांच पद, स्टेनो टायपिस्ट के दो पद, वाहन चालक के तीन पद, भृत्य लेवल-1 के छह पद और चौकीदार समेत फर्राश के लिए एक-एक पद की स्वीकृति प्रदान की गई है। (CM Sai Sarangarh Tour)



