नक्सलवाद पर कांग्रेस पर बरसे CM साय, बोले- झूठ बोलने में माहिर है कांग्रेस
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नक्सल उन्मूलन को लेकर कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। जगदलपुर से रायपुर पहुंचे मुख्यमंत्री साय ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि कांग्रेस झूठ बोलने में माहिर है और यदि पिछली सरकार ने वास्तव में प्रभावी काम किया होता, तो प्रदेश में नक्सलवाद काफी पहले कमजोर पड़ चुका होता।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि केंद्र सरकार की मंशा शुरू से स्पष्ट थी कि देश के अन्य राज्यों की तरह छत्तीसगढ़ में भी नक्सल प्रभाव तेजी से खत्म हो, लेकिन अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने के कारण लंबे समय तक प्रदेश के कई इलाके नक्सली हिंसा से प्रभावित रहे। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद जैसे गंभीर और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दे पर राजनीति और भ्रम फैलाने के बजाय आत्ममंथन की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि आज बस्तर में जो शांति, सुरक्षा और विकास का माहौल दिखाई दे रहा है, वह केंद्र सरकार की स्पष्ट नीति, राज्य सरकार की प्रतिबद्धता, सुरक्षा बलों के पराक्रम और स्थानीय जनता के भरोसे का परिणाम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में सकारात्मक बदलाव केवल सुरक्षा अभियानों से नहीं आया, बल्कि केंद्र और राज्य सरकार के बेहतर समन्वय, तेज विकास कार्यों और आम लोगों के विश्वास ने इसमें अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि सरकार बस्तर को हिंसा और भय की पहचान से बाहर निकालकर शिक्षा, सड़क, सिंचाई, स्वास्थ्य, रोजगार और आत्मनिर्भरता की नई पहचान देने के लिए लगातार काम कर रही है।
सीएम साय ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस तथ्यहीन नैरेटिव गढ़कर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है, जबकि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बस्तर का भविष्य, युवाओं का विश्वास और क्षेत्र का स्थायी विकास है।
यह भी पढ़े :- Chhattisgarh News : खाद-डीजल संकट पर किसानों का फूटा गुस्सा, आरंग में मंत्री कार्यालय का घेराव



