छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड, 4 संभागों में शीतलहर का अलर्ट, पढ़ें पूरी खबर

Cold Wave in Chhattisgarh: उत्तर भारत से चल रही ठंडी हवाओं का असर अब छत्तीसगढ़ में भी गहराने लगा है। प्रदेश के सरगुजा, दुर्ग, बिलासपुर और रायपुर संभाग में तापमान लगातार गिर रहा है। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों के लिए शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से काफी नीचे पहुंच गया है। मैनपाट में तापमान 4°C से भी नीचे दर्ज किया गया है। ओस की बूंदें जमकर बर्फ में बदल गई है। अंबिकापुर में तापमान 5°C, पेंड्रा में 8°C और जगदलपुर में 9.8°C रिकॉर्ड की गई है।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में कोल माइंस को लेकर विरोध जारी, सड़कों पर 14 गांवों के लोग
बीते 24 घंटे में प्रदेश का सबसे ज्यादा तापमान 30.4°C रायपुर में और सबसे कम तापमान 5°C अंबिकापुर में दर्ज किया गया।सरगुजा संभाग में ठंड का प्रकोप ज्यादा है। दो दिन पहले अंबिकापुर-बनारस मार्ग पर घना कोहरा छाया रहा। कड़ाके की ठंड से राहत देने के लिए रायपुर नगर निगम ने शहरभर में रात को अलाव जलाने की व्यवस्था की है। मेयर मीनल चौबे और कमिश्नर विश्वदीप के निर्देश पर जोन कमिश्नरों को रात में फील्ड में रहकर व्यवस्था की निगरानी करने को कहा गया है। (Cold Wave in Chhattisgarh)
कहां-कहां अलाव की व्यवस्था
- महादेवघाट, रायपुरा
- महोबा बाजार
- चंगोरा भाठा बाजार
- ब्रह्मदेई पारा, खमतराई
- जयस्तंभ चौक
- कलेक्टर ऑफिस (डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक)
- नेताजी सुभाष स्टेडियम
- मोती बाग
- डंगनिया पानी टंकी स्कूल के पास
- शंकर नगर चौपाटी
- तेलीबांधा तालाब (मरीन ड्राइव)
- अंतरराज्यीय बस स्टैंड, भाठागांव
- जोन 9 कार्यालय परिसर, मोवा
- बाकी प्रमुख सार्वजनिक स्थान
अचानक तापमान गिरने से हाइपोथर्मिया, सर्दी-जुकाम और वायरल फीवर के मामले बढ़ सकते हैं। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से आग्रह किया है कि बहुत आवश्यकता न हो तो रात में यात्रा से बचें और बाहर निकलते समय गर्म कपड़ों से पूरी तरह ढककर निकलें। (Cold Wave in Chhattisgarh)
ठंड में क्या करें
- गर्म कपड़े पहनें और खुला शरीर न रखें
- कमरे के अंदर धूप आने दें
- बुजुर्ग, बच्चे और बीमार लोग विशेष सावधानी बरतें
- गर्म तरल पदार्थ पिएं
- सुबह-शाम बाहर निकलते समय सिर, कान और पैर पूरी तरह ढकें
- शरीर सुन्न लगे तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें
क्या न करें
- ठंड में लंबे समय तक बाहर न रहें
- खाली पेट बाहर न निकलें
- शरीर सुन्न होने पर आग के पास अचानक गर्म न हों, धीरे-धीरे गर्माहट लें
बदलते मौसम में बढ़ सकता है मलेरिया का खतरा
मौसम विशेषज्ञों ने चेताया है कि तापमान में तेजी से उतार-चढ़ाव के कारण मलेरिया और वायरल संक्रमण फैलने की संभावना बढ़ जाती है। रायपुर में दिन का तापमान भले ही ज्यादा हो, लेकिन शाम ढलते ही पारा तेजी से गिर रहा है। इसलिए ऑफिस जाने वालों और स्कूली बच्चों को हमेशा गर्म कपड़े साथ रखने की सलाह दी गई है। (Cold Wave in Chhattisgarh)



