Google Analytics —— Meta Pixel

ड्रग्स, नशा और देर रात पार्टियों पर प्रशासन की सख्ती, कलेक्टर-SSP ने बार संचालकों को चेताया

Collector SSP Warning: राजधानी रायपुर में देर रात तक चलने वाली पार्टियों, नशे के सेवन और नियमों के उल्लंघन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस सख्त हो गई है। रायपुर कलेक्टर गौरव कुमार सिंह और SSP डॉ. लाल उमेद सिंह ने होटल, बार और क्लब संचालकों के साथ बैठक कर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। साथ ही नियमों के उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। कलेक्टर गौरव सिंह ने चेतावनी दी कि अब से सभी बार और क्लब रात 12 बजे के बाद पूरी तरह से बंद होने चाहिए। ग्राहक प्रवेश रात 11:30 बजे के बाद बंद कर दिया जाए और इस समय सीमा के बाद किसी भी प्रकार की सर्विंग नहीं होगी।

यह भी पढ़ें:- बालोद बना देश का पहला बाल विवाह मुक्त जिला, मुख्यमंत्री का संकल्प: 2028-29 तक पूरा छत्तीसगढ़ होगा बाल विवाह मुक्त

उन्होंने कहा कि 11:30 से 12 बजे के बीच सिर्फ समापन की प्रक्रिया की अनुमति है। अगर किसी बार या क्लब ने तय समय का उल्लंघन किया तो न केवल आबकारी अधिनियम के तहत बल्कि भारतीय दंड संहिता के तहत भी कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने बैठक में मौजूद आबकारी अधिकारियों को भी चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उनके क्षेत्र में नियमों का उल्लंघन हुआ तो उन पर भी कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि किसी भी पार्टी या आयोजन का प्रचार-प्रसार तभी किया जा सकता है, जब आवश्यक अनुमति पहले से ले ली गई हो। उन्होंने कहा कि आयोजक बिना लाइसेंस के पहले ही कार्यक्रमों का विज्ञापन कर रहे हैं, जो गंभीर लापरवाही है। (Collector SSP Warning)

ड्रग्स और विवाद पर संचालक होंगे जिम्मेदार: SSP

कलेक्टर ने कहा कि अगर 25 दिन पहले कार्यक्रम करना चाहते हैं तो 25 दिन पहले ही लाइसेंस लें। अंतिम समय में आवेदन करना अब स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऐसे आयोजकों को अब किसी भी प्रकार की अनुमति या लाइसेंस नहीं दिया जाएगा। SSP डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि क्लब और बार में ड्रग्स या सूखा नशा परोसे जाने पर सीधे तौर पर संचालक जिम्मेदार माने जाएंगे। किसी भी प्रकार की मारपीट, विवाद या अपराध की स्थिति में संचालक को सह आरोपी बनाया जाएगा। अगर संचालक ने विवाद या नशे की जानकारी तत्काल पुलिस को नहीं दी तो वह भी अपराधी की श्रेणी में आएगा। (Collector SSP Warning)

सात बार और क्लबों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई

बता दें कि 29 सितंबर 2025 को देर रात अभियान चलाकर सात प्रतिष्ठानों पर सख्त कार्रवाई की गई। ये सभी बार और क्लब नियमित समय सीमा के बाद भी खुले थे और कानून का उल्लंघन कर रहे थे। सभी के लाइसेंस तीन दिनों के लिए निलंबित कर दिए गए हैं और तत्काल प्रभाव से सील करने के आदेश जारी किए गए हैं। आबकारी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि निरीक्षण के दौरान इन बारों में छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की कई धाराओं का उल्लंघन पाया गया। मौके पर ही मामले दर्ज कर लिए गए हैं और आगे की कार्रवाई जारी है। इस कार्रवाई के बाद शहर के अन्य बार और क्लब संचालकों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि नियमों की अनदेखी अब बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भविष्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही सामने आने पर सीधी कार्रवाई की जाएगी। (Collector SSP Warning)

इन प्रतिष्ठानों पर हुई कार्रवाई

  • शेमरॉक ग्लोबल
  • मिलानों फूड एंड कंपनी (फ्लोरेंस)
  • जूक पब
  • जुनेजा वेंचर्स क्लब
  • रॉयल रिट्रीट
  • हाइपर क्लब
  • द सिमर्स क्लब
Back to top button
error: Content is protected !!