हाथी के हमले से सालिक राम टोप्पो की मौत, 6 महिलाओं ने खुद को बताया मृतक की पत्नी, मुआवजे पर महासंग्राम

Compensation Case in Jashpur: जशपुर जिले के पत्थलगांव वन परिक्षेत्र के बालाझर चिमटापानी गांव में हाथी के हमले में सालिक राम टोप्पो की मौत के बाद मुआवजे की राशि को लेकर अजीबोगरीब विवाद सामने आया है। मौत के बाद सरकार ने पीड़ित परिवार को 6 लाख रुपए मुआवजे का ऐलान किया, लेकिन जैसे ही राशि का ऐलान हुआ, सालिक राम की पत्नी बताकर 6 महिलाएं सामने आई और मुआवजे पर अपना-अपना दावा ठोक दिया। दरअसल, 26 जुलाई को सालिक राम टोप्पो की हाथी के हमले में मौत हो गई थी।
यह भी पढ़ें:- अजीबोगरीब जुल्म : नोरा फतेही जैसी बॉडी नहीं बनाई तो भूखा रखा- महिला ने दर्ज कराई FIR, पढ़े पूरी खबर
6 महिलाओं का दावा- कौन है असली पत्नी ?
मृतक सालिक राम टोप्पो की मौत के बाद सुगंदी बाई, बुधियारो बाई, संगीता बाई, शिला बाई, अनीता बाई और मीना बाई ने खुद को उसकी पत्नी बताया है। हर महिला का अपना तर्क है। (Compensation Case in Jashpur)
- सुगंदी बाई के बेटे भागवत टोप्पो ने दावा किया कि उसकी मां ही असली पत्नी थी, लेकिन वह उसे 5 साल की उम्र में ही छोड़कर चली गई थी, तब से वह अपनी सौतेली मां बुधियारो बाई और अपने पिता सालिक राम टोप्पो के साथ रहता था। इसीलिए उसने खुद और सौतेली मां बुधियारो बाई को मुआवजे का असली हकदार बताया है।
- बुधियारो बाई का कहना है कि वे 20 साल से सालिक के साथ रह रही थी और उसकी मौत के समय भी साथ थी, इसलिए असली हकदार वही हैं।
- संगीता बाई का कहना है कि सालिक ने उन्हें मंगलसूत्र पहनाया था, इसलिए वे असली पत्नी हैं।
- शिला बाई ने कहा कि उन्होंने दो साल तक सालिक के साथ जीवन बिताया।
- अनीता बाई सरगुजा जिले की विशुनपुर पंचायत का प्रमाण पत्र लेकर आई हैं।
- मीना बाई ने दावा किया कि उन्होंने सालिक के साथ सबसे ज्यादा समय गुजारा है।
ग्राम पंचायत और वन विभाग की बढ़ी उलझन
बालाझर ग्राम पंचायत ने मृतक के बेटे और अंतिम पत्नी बुधियारो बाई को वारिस मानते हुए पंचनामा बनाकर वन विभाग को भेजा है, लेकिन बाकी महिलाएं अन्य पंचायतों से प्रमाण पत्र लेकर सामने आ रही हैं। इस पर रेंजर कृपासिंधु पैंकरा का कहना है कि सिर्फ उसी पंचायत का प्रमाण पत्र मान्य होगा जहां मृतक रहता था और घटना हुई। सरपंच हरिनाथ दीवान ने भी बेटे और अंतिम पत्नी को वारिस मानते हुए दस्तावेज विभाग को भेज दिए हैं। गांव और आसपास के इलाके में अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर सालिक राम की असली पत्नी कौन है। हर महिला अपने-अपने तर्क और दस्तावेज पेश कर रही है। ग्रामीण भी इस विवाद से हैरान हैं। (Compensation Case in Jashpur)



