छत्तीसगढ़ में मंत्रिमंडल विस्तार पर असमंजस, सियासी बयानबाजी हुई तेज
Confusion over Cabinet Expansion: छत्तीसगढ़ में कैबिनेट विस्तार को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। 18 या 19 अगस्त को विस्तार होने की अटकलों के बीच फिलहाल इसके टलने की पूरी संभावना है। राजभवन में किसी तरह की चहल-पहल नहीं है, जिससे लग रहा है कि फिलहाल प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ रही है। अब माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के विदेश दौरे से लौटने के बाद ही मंत्रिमंडल विस्तार की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। इस बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है।
यह भी पढ़ें:- CG liquor Scam : चैतन्य बघेल की रिमांड फिर बढ़ी, अब 1 सितंबर तक जेल में
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शनिवार को दिल्ली रवाना होने से पहले भाजपा पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता बार-बार सूट सिलवा रहे हैं, जो पुराने होते जा रहे हैं। बघेल ने सवाल उठाया कि अभी तक साफ नहीं है कि मंत्रिमंडल विस्तार होगा भी या नहीं। इस पर कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का हाल बेगानी शादी में अब्दुला दीवाना जैसा हो गया है। उन्हें चिंता करने की जरूरत नहीं है कि भाजपा कब और किसे मंत्री बनाएगी। भूपेश बघेल को तो टीएस सिंहदेव के उस सूट की चिंता करनी चाहिए, जो ढाई-ढाई साल के फॉर्मूले में मुख्यमंत्री बनने के लिए सिला कर रखा गया था। (Confusion over Cabinet Expansion)
बैज ने भी साधा निशाना
इस बीच PCC चीफ दीपक बैज भी मैदान में उतर आए हैं। उन्होंने कहा कि हमें भी इंतजार है कि तीन नए मंत्री कब बनेंगे, लेकिन जैसे ही मंत्रिमंडल विस्तार होगा, छत्तीसगढ़ भाजपा में सबसे बड़ा विस्फोट होगा। गुटबाजी भाजपा में चरम पर है। धरमलाल कौशिक, अजय चंद्राकर, राजेश मूणत, अमर अग्रवाल और पुरंदर मिश्रा ने जो सूट सिलवा कर रखे हैं, वे कितनी बार पुराने होंगे, यह भी जनता जानना चाहती है। अभी भी नेता नए सूट सिलवा रहे हैं, जिसके चलते टेलरों के पास भीड़ बढ़ गई है। दरअसल, मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर लंबे समय से चर्चा चल रही है, लेकिन तारीखें टलती जा रही है, जिससे राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। ऐसे में मंत्रिमंडल विस्तार कब और किस रूप में होगा यह देखने वाली बात है। (Confusion over Cabinet Expansion)



