Congress Attack on BJP: BJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता और सांसद संबित पात्रा ने लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को देशद्रोही कहा है, जिसे लेकर कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ रागिनी नायक ने दिल्ली स्थित AICC मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने कहा कि कल बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटित हुई। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस देश की सबसे पुरानी पार्टी है। पार्टी के पूर्व अध्यक्ष, पांच बार के चुने हुए सांसद, इस देश के नेता विपक्ष, एक शहीद प्रधानमंत्री के पोते, एक ऐसा व्यक्ति जिसके परिवार का बलिदान देश की मिट्टी को सींचने का काम कर रहा है। BJP ने उन राहुल गांधी को देशद्रोही कहने की हिम्मत कैसे हुई? आप इतनी निर्लज्जता कहां से लाते हैं। यह देश की जनता जानना चाहती है?
यह भी पढ़ें:- हम NDA और INDIA किसी सरकार से खुश नहीं: किसान नेता सरवन सिंह पंधेर
उन्होंने कहा कि पूरे देश में साम्प्रदायिकता, हिंसा और नफरत का जहर घोला जा रहा है- ‘बंटेंगे तो कटेंगे’ जैसे नारे दिए जा रहे हैं। ऐसे में राहुल गांधी ने कन्याकुमारी से कश्मीर तक और मणिपुर से महाराष्ट्र तक यात्राएं निकाली, जिसका उद्देश्य मोहब्बत से भारत को जोड़ना था। एक व्यक्ति जो मजदूर, किसान, मोची, बढ़ई, ड्राइवर जैसे तमाम वर्गों के जीवन से जुड़े संघर्षों को समझकर उसका समाधान ढूंढता है। एक व्यक्ति जो दलितों, पिछड़ों, महिलाओं की आवाज उठाता है, उनके हक की लड़ाई लड़ता है… उस व्यक्ति को ये लोग देशद्रोही कहते हैं, लेकिन सच्चाई ये है कि BJP-RSS इस देश का सबसे बड़ा टुकड़े-टुकड़े गैंग है। (Congress Attack on BJP)
वसुधा का नेता कौन हुआ?: रागिनी
रागिनी नायक ने कहा कि वसुधा का नेता कौन हुआ? भूखंड-विजेता कौन हुआ? अतुलित यश क्रेता कौन हुआ? नव-धर्म प्रणेता कौन हुआ? जिसने न कभी आराम किया, विघ्नों में रहकर नाम किया। राहुल गांधी हमेशा जनता के मुद्दों को उठाते रहें हैं और आगे भी उठाते रहेंगे। वे आपकी धमकियों और आरोपों से डरने वाले नहीं हैं। जब मोदी जी ISI को रेड कार्पेट बिछाकर देश बुलाते हैं, और वही ISI पुलवामा का सारा ठीकरा हमारे देश पर फोड़ देता है, तब आपने उन्हें देशद्रोही नहीं कहा? जब PM मोदी विदेश जाकर कहते हैं कि पिछले जन्म में कोई पाप किए होंगे, तभी भारत में पैदा हुए हैं, तब उन्हें देशद्रोही नहीं कहा जाता। (Congress Attack on BJP)
दोहरा चरित्र रखने वाले BJP के लोगों पर हंस रही जनता: रागिनी
रागिनी ने कहा कि जब PM मोदी बिन बुलाए बिरयानी खाने पाकिस्तान चले जाते हैं, तब उन्हें देशद्रोही नहीं कहा जाता? जब PM मोदी चीन को क्लीन चिट दे देते हैं, तब ये देशद्रोह की कैटेगरी में नहीं आता? आज देश की जनता ऐसा दोहरा चरित्र रखने वाले BJP के लोगों पर हंस रही है। जब देश का अन्नदाता कहता है- हम काले कानून बर्दाश्त नहीं करेंगे, हम आंदोलन करेंगे, तो BJP के लिए ये अंतरराष्ट्रीय साजिश और फंडिंग का हिस्सा हो जाता है। जब सोनम वांगचुक अपने साथियों के साथ लद्दाख से आते हैं, अपनी मांग रखते हैं, तो वह अंतरराष्ट्रीय साजिश का हिस्सा हो जाते हैं। (Congress Attack on BJP)
मणिपुर क्यों नहीं जाते PM मोदी?: रागिनी
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि मणिपुर डेढ़ साल से जल रहा है, लेकिन नरेंद्र मोदी वहां नहीं जाते क्योंकि वो भी अंतरराष्ट्रीय साजिश का हिस्सा है। अगर मोदी जी से महंगाई,बेरोजगारी पर सवाल पूछ लिया जाए तो आप देशद्रोही हैं। युवा रोजगार मांग लें तो उनको लाठी मारी जाएगी, क्योंकि वो भी साजिश हिस्सा हैं। मोदी जी अगर देश में इतनी अंतरराष्ट्रीय साजिश हो रही है तो आप अमित शाह जी की छुट्टी क्यों नहीं करते हैं? क्या नरेंद्र मोदी सरकार इतनी कमजोर है, जिसके खिलाफ कोई भी अंतरराष्ट्रीय साजिश होती रहती है। इस देश में किसी ने अंतरराष्ट्रीय साजिश रची है तो वो गौतम अडानी है, जिस पर रिश्वतघोरी, हेरा-फेरी का आरोप लगा है और भारत की छवि को धूमिल करने का काम किया है। (Congress Attack on BJP)
सांसद प्रियंका गांधी ने भी किया पलटवार
नायक ने कहा कि BJP वाले कहते हैं कि कांग्रेस पार्टी देश की अर्थव्यवस्था को अस्थिर करने का काम कर रही है, लेकिन सच्चाई यह है कि अर्थव्यवस्था को अस्थिर करने का काम BJP के लोग करते हैं। देश में जब नोटबंदी, गलत GST लागू की गई तो पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह जी ने नरेंद्र मोदी को आगाह किया था, उन्होंने कहा था कि अगर आप नोटबंदी के साथ आगे बढ़ेंगे तो GDP गिरेगी। तब नरेंद्र मोदी जी ने उनका मजाक उड़ाया था, लेकिन आज देश के सामने पूरी सच्चाई है। सांसद प्रियंका गांधी ने कहा कि जो लोग आजादी की लड़ाई में 13 साल जेल में रहने वाले जवाहरलाल नेहरू जी को देशद्रोही कह सकते हैं, जो पाकिस्तान के दो टुकड़े करने वाली इंदिरा जी को देशद्रोही कह सकते हैं, जो राजीव गांधी जी को देशद्रोही कह सकते हैं। वो अगर राहुल जी के लिए ऐसा कह रहे हैं, तो कोई नई बात नहीं है। मुझे मेरे भाई पर बहुत गर्व है, उनके लिए देश से बढ़कर कुछ नहीं है। ये लोग कुछ भी कहते रहें, फर्क नहीं पड़ता। (Congress Attack on BJP)