कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का आरोप, कहा- बिहार में हो रही ऑपरेशन सरकार चोरी, हरियाणा को लेकर भी किया बड़ा दावा

MP Rahul Gandhi Allegations: लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव आयोग और भाजपा सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में ऑपरेशन सरकार चोरी चलाया जा रहा है। राहुल ने दावा किया कि जैसे हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 में वोटर लिस्ट से बड़े पैमाने पर नाम काटे गए थे, वैसे ही अब बिहार में भी वैसा ही हो रहा है। राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बिहार के जमुई जिले से पांच लोगों को मंच पर बुलाया। इन सभी ने कहा कि उनके नाम वोटर लिस्ट से हटा दिए गए हैं। राहुल ने कहा कि बिहार में लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश हो रही है। चुनाव से ठीक पहले वोटर लिस्ट दी जाती है, ताकि विपक्ष तैयारी न कर सके।
यह भी पढ़ें:- बिहार विधानसभा चुनाव 2025 : लालू परिवार ने डाला वोट, पूर्व CM राबड़ी देवी ने कहा- दोनों बेटों को आशीर्वाद
एक वोटर ने मंच से राहुल से अपील की कि वह ऐसा कोई समाधान निकालें, ताकि भविष्य में उनका वोट न कटे। राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाते हुए कहा कि हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 में 25 लाख वोटों की चोरी हुई। उन्होंने कहा कि हरियाणा में 3.5 लाख से ज्यादा वोटरों के नाम काट दिए गए थे। 5 लाख 21 हजार 619 डुप्लीकेट वोटर, 93,174 अमान्य पते और 19 लाख 26 हजार से अधिक ऐसे वोट, जिनका एक ही पता था। राहुल ने आरोप लगाया कि यह सब व्यवस्था भाजपा के पक्ष में की गई थी। (MP Rahul Gandhi Allegations)

व्यवस्था से हुई चुनावी चोरी: राहुल गांधी
राहुल ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का एक पुराना वीडियो दिखाया। वीडियो में सैनी कहते हुए दिख रहे हैं कि हमारे पास सारी व्यवस्थाएं हैं, चिंता मत करिए। राहुल ने कहा कि सवाल है कि यह व्यवस्था क्या है ? क्या यह वोट चोरी की व्यवस्था थी? उन्होंने कहा कि इस बयान के दो दिन बाद चुनाव परिणाम आए और कांग्रेस हार गई। राहुल गांधी ने हरियाणा की वोटर लिस्ट में एक ब्राजील की मॉडल की तस्वीर दिखाते हुए दावा किया कि इस महिला ने हरियाणा में 10 बूथों पर 22 बार वोट डाला। उसके सीमा, स्वीटी, सरस्वती, रश्मि, विमला जैसे कई नाम हैं। राहुल ने कहा कि यह फर्जीवाड़े का सबूत है। हालांकि बाद में यह सामने आया कि वह तस्वीर फ्री स्टॉक इमेज वेबसाइट Unsplash.com से ली गई थी और 2017 से वहां मौजूद है।

राहुल के चार बड़े दावे
राहुल ने कहा कि हरियाणा में डुप्लीकेट और फर्जी वोटरों के जरिए 25 लाख वोट चोरी हुई। राहुल ने दो भाजपा समर्थित सरपंचों दालचंद और प्रह्लाद के उदाहरण दिए, जिनके यूपी और हरियाणा दोनों जगह वोट हैं। हाउस नंबर 0 को झूठ बताया। चुनाव आयोग के दावे को राहुल ने गलत बताया। साथ ही कहा कि यह बेघरों के लिए नहीं, फर्जी वोटरों के लिए है। भाजपा नेताओं के पते पर बल्क वोट होने का आरोप। उन्होंने कहा कि पलवल और होडल में भाजपा नेताओं के घरों पर सैकड़ों वोट दर्ज हैं। राहुल ने एक वोटर नरेंद्र का उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे मेरा घर छीना गया था, वैसे ही नरेंद्र के साथ भी हुआ। राहुल ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर तंज कसते हुए कहा कि वह वोटर लिस्ट में हाउस नंबर 0 को बेघर लोगों का पताबताते हैं, जबकि असल में यह गलत है।

मॉडल की फोटो दिखाते हुए राहुल ने कहा कि अब यह लड़की ट्रोल होगी, लेकिन असली सवाल यह है कि उसकी तस्वीर वोटर लिस्ट में कैसे पहुंची ? राहुल गांधी ने कहा कि मैं चुनाव आयोग और लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर सवाल उठा रहा हूं, क्योंकि यह भारत के युवाओं के भविष्य का सवाल है। हमें पूरा भरोसा है कि कांग्रेस की भारी जीत को हार में बदलने की योजना बनाई गई थी। हमारे पास हरियाणा के 25 लाख फर्जी वोटरों के सबूत हैं। हर 8 में से 1 वोट फर्जी है। राहुल गांधी की यह प्रेस कॉन्फ्रेंस लगभग 1 घंटे 20 मिनट चली, जिसमें उन्होंने हरियाणा से लेकर बिहार तक वोटर लिस्ट में गड़बड़ी के कई सबूत पेश किए। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि भारत के लोकतंत्र के अस्तित्व का सवाल है।
पत्रकारों के सवाल-जवाब
- सवाल- क्या आप सुप्रीम कोर्ट जाएंगे ?
- जवाब- राहुल गांधी ने कहा कि हमारा काम चुनाव लड़ना है, फेयर इलेक्शन कराना चुनाव आयोग का काम है। सुप्रीम कोर्ट सब देख रहा है।
- सवाल- क्या विपक्ष एकजुट होकर मार्च निकालेगा ?
- जवाब- राहुल गांधी ने कहा कि यह मुद्दा वोटर का है, विपक्ष मिलकर काम कर रहा है। मैं सिर्फ एक नागरिक का फर्ज निभा रहा हूं।
- सवाल- वोट चोरी से क्या चुनाव परिणाम प्रभावित होंगे ?
- जवाब- राहुल गांधी ने कहा कि हर 8 में एक वोट फर्जी है। फर्क तो पड़ेगा ही।



