ट्रंप ने 71वें बार किया भारत-पाक संघर्ष रुकवाने का दावा, कांग्रेस ने केंद्र सरकार को घेरा
Congress on Trump Claim: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत-पाकिस्तान के बीच युद्ध रुकवाने के दावे को लेकर भारत में राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस ने इस मुद्दे पर केंद्र सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि ट्रंप बार-बार एक ही बात दोहरा रहे हैं और अब यह उनका 71वां दावा हो गया है। कांग्रेस के महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ट्रंप के बयान का वीडियो साझा करते हुए लिखा- कल यह संख्या 70 थी और आज बढ़कर 71 हो गई है। याद रखें कि दावोस में भारतीयों का एक बहुत बड़ा ग्रुप मौजूद है। जयराम रमेश ने एक और पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए लिखा कि प्रधानमंत्री के अच्छे दोस्त और उन्हें कई बार जबरन गले लगाने वाले यह घोषित कर चुके हैं कि 10 मई 2025 को ऑपरेशन सिंदूर के अचानक रुकने के लिए वे जिम्मेदार थे।
यह भी पढ़ें:- कोरबा में पुलिस को खुली चुनौती, 10 टन वजनी पुल गैस कटर से काटकर ले गए चोर
दरअसल, बुधवार को दावोस में वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) के मंच से बोलते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर दावा किया कि उन्होंने मई 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए सैन्य संघर्ष को रुकवाया था। ट्रंप के मुताबिक भारत और पाकिस्तान न्यूक्लियर युद्ध के करीब पहुंच गए थे। हमने इसे रोककर लाखों लोगों की जान बचाई। इससे पहले बुधवार सुबह वॉशिंगटन में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में ट्रंप ने कहा कि अपने दूसरे कार्यकाल के पहले साल में उन्होंने कई ना सुलझने वाले युद्ध खत्म किए हैं, जिनमें भारत-पाकिस्तान संघर्ष भी शामिल है। (Congress on Trump Claim)

उन्होंने दावा किया कि अगर यह संघर्ष नहीं रुकता तो 10 से 20 मिलियन लोगों की जान जा सकती थी। इस विवाद में चीन का नाम भी पहले आ चुका है। 30 दिसंबर 2025 को बीजिंग में एक कार्यक्रम के दौरान चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने दावा किया था कि भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य तनाव कम कराने में चीन की भूमिका रही। हालांकि भारत सरकार ने इस दावे को सिरे से खारिज कर दिया था और साफ कहा था कि किसी तीसरे पक्ष की कोई भूमिका नहीं थी। भारत सरकार पहले भी कई बार दो टूक कह चुकी है कि भारत-पाक संघर्ष को रुकवाने में किसी भी तीसरे देश की भूमिका नहीं रही। भारी नुकसान के बाद पाकिस्तान के डायरेक्टर जनरल ऑफ मिलिट्री ऑपरेशंस (DGMO) ने भारतीय DGMO से संपर्क किया था। इसके बाद दोनों देशों के बीच बातचीत हुई और 10 मई से जमीन, हवा और समुद्र में सभी सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति बनी। (Congress on Trump Claim)

क्या है ऑपरेशन सिंदूर ?
भारत ने 6 और 7 मई की रात को पाकिस्तान में आतंकियों के ठिकानों पर हमला किया था। इसमें पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के बहावलपुर और मुरीदके जैसे इलाके शामिल थे। इसके जवाब में 8 मई की शाम पाकिस्तान ने तुर्किये और चीन निर्मित ड्रोन के जरिए भारत के एयर डिफेंस सिस्टम को निशाना बनाने की कोशिश की, लेकिन उसे कोई सफलता नहीं मिली। भारतीय वायु रक्षा प्रणाली पूरी तरह सक्रिय रही और छोटे से लेकर बड़े एयर डिफेंस सिस्टम तक ने पाकिस्तानी ड्रोन को भारी नुकसान पहुंचाया। इसके साथ ही भारतीय सेना ने सीमा पार से पाकिस्तान की सेना पर भारी तोपखाने और रॉकेट लॉन्चरों का इस्तेमाल कर उसे कड़ा जवाब दिया। एक ओर ट्रंप बार-बार भारत-पाक संघर्ष रुकवाने का श्रेय ले रहे हैं। वहीं कांग्रेस अलग-अलग तरीकों से इन दावों को लेकर केंद्र सरकार को सवालों के घेरे में खड़ा कर रहे हैं।



