कुरुक्षेत्र में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का बड़ा बयान, कहा- ब्रिटिश-मुगलों की तरह चले जाएंगे BJP वाले
Rahul Gandhi on BJP: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बुधवार को कुरुक्षेत्र में हरियाणा और उत्तराखंड के जिला अध्यक्षों के साथ बैठक की। संगठन सृजन अभियान के तहत आयोजित इस ट्रेनिंग कैंप में हरियाणा के 32 और उत्तराखंड के 28 जिला अध्यक्ष शामिल हुए। राहुल गांधी ने करीब चार घंटे धर्मशाला परिसर में बिताए और जिला अध्यक्षों को संगठन मजबूत करने, अनुशासन लागू करने और जनसंपर्क बढ़ाने के निर्देश दिए। इस दौरान राहुल ने जिला अध्यक्षों से कहा कि वे गांव-गांव जाकर लोगों को कांग्रेस से जोड़ें। उन्होंने यह भी कहा कि जिस तरह से देश से मुगल और ब्रिटिश चले गए, उसी तरह एक दिन भाजपा वाले भी चले जाएंगे।
यह भी पढ़ें:- ट्रंप ने 71वें बार किया भारत-पाक संघर्ष रुकवाने का दावा, कांग्रेस ने केंद्र सरकार को घेरा
ट्रेनिंग कैंप के दौरान राहुल गांधी ने कांग्रेस प्रभारी बीके हरिप्रसाद, विधायक दल नेता भूपेंद्र हुड्डा और प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के साथ अलग से बैठक की। इस बैठक में पार्टी में अनुशासन को सख्ती से लागू करने पर जोर दिया गया। कई जिला अध्यक्षों ने राहुल गांधी के सामने शिकायत रखी कि प्रदेश के कुछ नेता पार्टी विरोधी बयानबाजी करते हैं और मीडिया में खबरें लीक की जाती हैं, जिससे भाजपा को बैठे-बिठाए मुद्दे मिल जाते हैं। राहुल ने ऐसी गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। राहुल गांधी ने 2027 में होने वाले पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों को लेकर भी जिला अध्यक्षों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि सिर्फ अपने क्षेत्र में ही नहीं, बल्कि आसपास के इलाकों में भी जाकर जनता से संपर्क करना होगा। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर एक राज्य से दूसरे राज्य में भी संगठनात्मक जिम्मेदारी निभानी होगी।
मजाक उड़ाने की परवाह नहीं करता: राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा कि पार्टी विरोधी बयानबाजी और गतिविधियों में शामिल नेताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान उन्होंने आधे घंटे तक फुल ड्रेस में जिला अध्यक्षों को मार्शल आर्ट के दांव-पेंच भी सिखाए। राहुल गांधी बुधवार सुबह अंबाला एयरफोर्स स्टेशन पहुंचे और करीब 11.19 बजे कुरुक्षेत्र आए। उन्होंने सबसे पहले जिला अध्यक्षों और उनके परिवारों से मुलाकात की और फोटो खिंचवाई। लंच के बाद ट्रेनिंग सेशन शुरू हुआ। इस दौरान राहुल गांधी ने कहा कि लोग मेरे उलटे-सीधे नाम रखकर मजाक उड़ाते हैं, लेकिन मुझे इसकी परवाह नहीं है। उन्होंने कांग्रेस के इतिहास, विचारधारा और आगामी राजनीतिक रणनीति पर विस्तार से चर्चा की और सभी जिला अध्यक्षों से पूरी मेहनत और जोश के साथ काम करने का आह्वान किया। (Rahul Gandhi on BJP)
छात्रों की समस्याओं का मुद्दा भी उठा
चरखी दादरी के जिला अध्यक्ष सुशील धानक की बेटी जसबीर बॉक्सर ने राहुल गांधी से मुलाकात कर पंचकूला में छात्रों पर लगाए गए 35 प्रतिशत क्राइटेरिया का मुद्दा उठाया और इस पर विचार करने की मांग की। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने बताया कि 13 जनवरी से शुरू हुआ यह ट्रेनिंग कैंप 22 जनवरी तक चलेगा। इसमें वरिष्ठ नेता नवनियुक्त जिला अध्यक्षों को संगठन और चुनावी राजनीति की ट्रेनिंग दे रहे हैं। कैंप का मुख्य उद्देश्य संगठन को मजबूत करना है। राहुल गांधी पिछले साल 4 जून को चंडीगढ़ में संगठन सृजन कार्यक्रम के तहत नेताओं और ऑब्जर्वरों की बैठक ले चुके हैं। इसके बाद 12 अगस्त को कांग्रेस ने हरियाणा में 32 जिला अध्यक्षों की नियुक्ति की थी और 29 सितंबर को उदयभान की जगह राव नरेंद्र सिंह को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया। (Rahul Gandhi on BJP)



