बेरोजगारी से बड़ा देश में कोई मुद्दा नहीं: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे

Kharge on Modi Government: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा के नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मोदी सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि देश में बेरोजगारी से बड़ा कोई मुद्दा नहीं है। युवाओं के भविष्य को बर्बाद करने में PM मोदी का सबसे बड़ा योगदान है। PLFS के ताजा आंकड़ों को अगर बारीकी से देखें तो लाख कोशिशों के बावजूद भी ये सरकारी डेटा युवाओं की बेबसी को छिपा नहीं पा रहा है। नरेंद्र मोदी को बताना चाहिए कि क्या 2023-24 में युवा बेरोजगारी 10.2% के भयावह स्तर पर नहीं है?
यह भी पढ़ें:- BJP के पास सिर्फ स्कैम, पेपर लीक और अग्निवीर जैसी फिजूल की योजनाएं: प्रियंका गांधी
खड़गे ने पूछा कि रंगबिरंगे नारे देने और फोटोबाजी करने के बजाय मोदी जी ने युवाओं को नौकरियां देने के लिए क्या किया? क्या ये सच नहीं है कि जिन महिलाओं के पास रेग्युलर सैलरी वाली नौकरी है उनकी संख्या अब 7 सालों में सबसे कम हो गई है? मात्र 15.9% पर? क्या गांव-देहात में अवैतनिक श्रम करने वाली महिलाओं की संख्या 51.9% (2017-18) से बढ़कर अब 67.4% (2023-24) नहीं हुई है, जो ग्रामीण बेरोजगारी को दर्शाता है? विनिर्माण क्षेत्र पर रोजाना ढिंढोरा पीटने वाली मोदी सरकार ने इसमें पिछले 7 सालों में रोजगार में बढ़ोतरी क्यों नहीं की है? ये आंकड़ा 15.85% (2017-18) से लुढ़कर मात्र 11.4% (2023-24) कैसे रह गया? (Kharge on Modi Government)
उन्होंने कहा कि मोदी जी याद रखिए…भारत का एक-एक युवा जिसके रोजगार को आपकी सरकार ने हथियाने का काम किया है, वो चुनाव दर चुनाव भाजपा को हराने का एकमात्र काम करेगा। खड़गे ने 25 सितंबर को कहा था कि मोदी सरकार के मेक इन इंडिया स्टंट के 10 सालों ने भारत के विनिर्माण क्षेत्र पर ब्रेक लगा दिया है। 10 साल पहले प्रधानमंत्री मोदी ने ‘मेक इन इंडिया’ का नारा गढ़ा था और आत्मनिर्भर भारत बनाने का दावा किया था। बीजेपी के जोरदार प्रचार के विपरीत, मोदी सरकार की फ्लॉप नीतिगत पहलों के कारण भारत का विनिर्माण क्षेत्र औद्योगीकरण से वंचित हो गया है। भारत को विनिर्माण क्षेत्र में पीछे छोड़ने वाले 5 तथ्य हैं। (Kharge on Modi Government)
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि 2014-15 और 2023-24 के बीच विनिर्माण क्षेत्र की औसत वृद्धि दर सिर्फ 3.1% (बीजेपी-एनडीए) है जबकि 2004-05 और 2013-14 के बीच औसत वृद्धि दर 7.85% (कांग्रेस-यूपीए) थी। कांग्रेस-यूपीए शासन के दौरान कारखानों में कर्मचारियों की संख्या सालाना 6.2% बढ़ी। मोदी सरकार के कार्यकाल में यह वृद्धि दर बहुत कम होकर मात्र 2.8% रह गई। 2011-12 और 2022 के बीच भारत के विनिर्माण क्षेत्र में रोजगार में मामूली वृद्धि देखी गई, जो 6 करोड़ से बढ़कर मात्र 6.3 करोड़ श्रमिकों तक पहुंच गई। हर साल 1.5 करोड़ युवा कार्यबल में प्रवेश करते हैं, इस बात को ध्यान में रखते हुए सालाना 3 लाख नौकरियों का यह मामूली इजाफा अपर्याप्त है। एनएसओ के अनुसार विनिर्माण क्षेत्र में रोजगार का हिस्सा सभी श्रमिकों (2011-12) का 12.6% था। यह घटकर 10.9% (2020-21) रह गया, फिर थोड़ा सुधार के साथ 11.6% (2021-22) पर आ गया। (Kharge on Modi Government)
खड़गे ने आगे कहा कि मोदी सरकार की नीतियों के कारण भारत के सकल घरेलू उत्पाद में विनिर्माण का हिस्सा अब तक के सबसे निचले स्तर 12.83% (2023) पर पहुंच गया है। कांग्रेस-यूपीए के दौरान यह 15.25% (2013) था। पीएलआई योजनाएं कई क्षेत्रों में बुरी तरह विफल रही हैं। उच्च दक्षता वाले सौर पीवी मॉड्यूल, एडवांस केमिस्ट्री सेल (एसीसी) बैटरी, कपड़ा उत्पाद, विशेष इस्पात, सफेद सामान और चिकित्सा उपकरण जैसे क्षेत्र दावा किए गए परिणाम देने में विफल रहे हैं। अधिकांश पीएलआई योजनाओं को उद्योग से ठंडी और उदासीन प्रतिक्रिया मिली है और विशेषज्ञों ने योजनाओं की खराब डिजाइन, स्पष्टता की कमी और वास्तविक मूल्य संवर्धन नहीं होने के लिए आलोचना की है। साल दर साल, मोदी सरकार ने लाभ कमाने वाले सार्वजनिक उपक्रमों की हिस्सेदारी भी मोदी जी के करीबी दोस्तों को बेच दी है, जिससे हमारे सार्वजनिक क्षेत्र की रीढ़ टूट गई है। (Kharge on Modi Government)
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि सरकारी नौकरियों को भरने के बजाय, मोदी सरकार ने 5.1 लाख पदों को समाप्त कर दिया है। पीएसयू में आकस्मिक और अनुबंध भर्ती में 91% की भारी वृद्धि हुई है। एससी, एसटी, ओबीसी पदों में 1.3 लाख (2022-23) की कमी आई है। कुल मिलाकर भारतीय कारखानों में 40% संविदा कर्मचारी हैं (2021-22), कांग्रेस-यूपीए के दौरान यह सिर्फ 5% (2013-14) था। बड़े पैमाने पर बेरोजगारी, गिरते निर्यात और बचत के खत्म होने के साथ, मोदी सरकार के ‘मेक इन इंडिया’ पर चमकदार विज्ञापन इसकी भारी विफलताओं को छुपा नहीं सकते। बता दें कि कांग्रेस रोजगार को लेकर लगातार मोदी सरकार को घेर रही है। हालांकि BJP भी इन आरोपों का मुंहतोड़ जवाब दे रही है। (Kharge on Modi Government)



