BJP के पास सिर्फ स्कैम, पेपर लीक और अग्निवीर जैसी फिजूल की योजनाएं: प्रियंका गांधी

Priyanka on PM Modi: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने जम्मू के बिलावर में विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज देश में भयंकर बेरोजगारी है। जम्मू-कश्मीर में 65% सरकारी पद खाली हैं। लोकसभा चुनावों के दौरान हम पूरे देश में गए। जहां भी हमने पूछा कि किस-किस को रोजगार मिला है? हजारों की भीड़ में एक हाथ नहीं उठता था। हमारे युवा देश के लिए जान देने को तैयार हैं, लेकिन नरेंद्र मोदी अग्निवीर योजना ले आते हैं। हम सब मिलकर अग्निवीर योजना को लेकर आवाज उठाते हैं, लेकिन नरेंद्र मोदी में इतना अहंकार है कि वो इस स्कीम को सुधार नहीं रहे। जबकि नरेंद्र मोदी भी जानते हैं कि ये स्कीम नौजवानों के लिए ठीक नहीं है।
यह भी पढ़ें:- BJP ने संसाधन और अधिकारों पर हमला किया: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी
कांग्रेस महासचिव ने कहा कि छोटे बिजनेस हमारे देश की रीढ़ की हड्डी हैं, लेकिन आज वो भी बंद हो रहे हैं। रोजगार देने के नाम पर BJP के पास सिर्फ स्कैम, पेपर लीक और अग्निवीर जैसी फिजूल की योजनाएं हैं। यहां ड्रग्स फैलता जा रहा है और इसकी जड़ बेरोजगारी है, लेकिन BJP के नेता इसके बारे में बात तक नहीं करते। BJP कहती है- अपने घरों में स्मार्ट मीटर लगवाइए। जिसमें 10 गुना बिजली बिल आता है। हर जगह टैक्स लगा दिया। आपकी जमीनें छीनेंगे, आपसे टैक्स लेंगे और काम कराने के बदले रिश्वत भी देनी पड़ती है। इस सरकार में जनता की सुनवाई ही नहीं है। BJP के राज में 683 आतंकी हमलों में करीब 260 जवान शहीद हुए और 160 नागरिकों की जान गई है। 150 साल से जारी दरबार कूच की परंपरा को भी खत्म कर दिया गया। ये आपका गौरव था, जिसे खत्म कर दिया गया। (Priyanka on PM Modi)
उन्होंने कहा कि आपसे राज्य का दर्जा छीना तो कहा गया, इससे बड़ा फायदा होगा। मैं जानना चाहती हूं कि इससे क्या फायदा हुआ? जम्मू-कश्मीर की जनता से उनके बुनियादी अधिकार छीने गए। युवाओं को बेरोजगारी में धकेला गया। जनता से लोकशाही छीनकर तानाशाही थोपी गई। प्रदेश के सारे संसाधन ‘मित्रों’ पर लुटाए गए। इससे नाराज प्रदेश की जनता भाजपा को सबक सिखाने जा रही है। INDIA की सरकार जम्मू-कश्मीर की पहचान और स्वाभिमान को लौटाने के साथ उनके अधिकारों को मजबूत करेगी। जम्मू-कश्मीर की जनता से भाजपा ने ‘वोट का राज’ छीन लिया और ‘रिमोट का राज’ ले आई। अब दिल्ली से रिमोट की सरकार चल रही है। सारी नीतियां बाहर वालों के लिए बन रही हैं। बाहरी लोगों को ठेके दिए जा रहे हैं। PM मोदी सिर्फ अपने मित्रों को आगे बढ़ा रहे हैं। वे इधर-उधर की बातें करते हैं, लेकिन यह कभी नहीं बताते कि जम्मू-कश्मीर की जनता के लिए क्या किया। (Priyanka on PM Modi)



