बस्तर में 19 मई को होगी मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के दौरे को लेकर कांग्रेस ने उठाए सवाल

Congress Questions Shah Visit: बस्तर संभाग में 19 मई को मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक आयोजित होने जा रही है, जिसकी अध्यक्षता केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह करेंगे। इसे लेकर राज्य सरकार और प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर में उच्च स्तरीय बैठक लेकर अब तक की तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। बता दें कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह कल शाम रायपुर पहुंचेंगे। उनके दौरे को लेकर डिप्टी CM विजय शर्मा पहले ही बस्तर पहुंच चुके हैं, जहां उन्होंने तैयारियों का जायजा लिया। गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि 31 मार्च के बाद मैं भी पहली बार ही जगदलपुर आया हूं।

शर्मा ने कहा कि इस बात की मन में बहुत सुकून और प्रसन्नता है कि नक्सल कैडर समूचे बस्तर से पूर्णतया रूप से समाप्त हो चुका है। जब नक्सल कैडर पूर्णतया समाप्त हो चुका है तो हमारे देश की एक महत्वपूर्ण बैठक जिसे मध्य क्षेत्र की बैठक भी कहते हैं, वो 19 तारीख को बस्तर क्षेत्र में होने वाली है। इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हमारे बीच आएंगे और उस समय अनेक और कार्यक्रम भी होंगे। यह बैठक पिछले साल वाराणसी में हुई थी और वाराणसी के बाद इस वर्ष बस्तर में आयोजित हो रही है। उन्होंने बताया कि 18 मई को रायपुर पुलिस लाइन में कई महत्वपूर्ण योजनाओं का शुभारंभ किया जाएगा। डिप्टी CM विजय शर्मा ने बताया कि डायल-112 सेवा, जो अब तक प्रदेश के 16 जिलों में संचालित थी, उसे अब पूरे छत्तीसगढ़ के 33 जिलों में विस्तार दिया जा रहा है।
यह भी पढ़ें:- बस्तर के पुलिस सुरक्षा कैंप बनेंगे जनसुविधा केंद्र, नेतानार से होगी नई पहल की शुरुआत, शाह करेंगे शुभारंभ
उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह रायपुर पुलिस लाइन से इस सेवा का शुभारंभ करेंगे। इसके तहत प्रदेश के विभिन्न थानों के लिए 400 वाहन उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अलावा फोरेंसिक साइंस लेबोरेट्री से जुड़ी नई सुविधाओं की भी शुरुआत होगी। साथ ही 33 जिलों के लिए 33 सर्वसुविधायुक्त पुलिस वाहनों को अमित शाह हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। बस्तर के नेतानार पुलिस कैंप को जनसुविधा केंद्र के रूप में विकसित किया गया है, जिसका उद्घाटन भी केंद्रीय गृहमंत्री करेंगे। सरकार की योजना है कि आने वाले समय में अन्य पुलिस कैंपों को भी इसी तरह जनसुविधा केंद्रों के रूप में विकसित किया जाए, ताकि सुरक्षा के साथ-साथ स्थानीय लोगों को प्रशासनिक और नागरिक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा सकें।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के बस्तर दौरे के दौरान अलग-अलग समाज प्रमुखों, प्रबुद्ध नागरिकों, शहीद परिवारों, सरेंडर नक्सलियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और पुलिस अधिकारियों-जवानों के साथ भी संवाद कार्यक्रम प्रस्तावित है। इस दौरान बस्तर में विकास और बदलाव को लेकर मुख्य सचिव की ओर से एक प्रेजेंटेशन भी दिया जाएगा। 19 मई को आयोजित मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक में कई राज्यों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। बैठक के बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करेंगे। इधर, शाह के दौरे को लेकर भाजपा संगठन और सरकार दोनों सक्रिय हो गए हैं। रायपुर से लेकर बस्तर तक भाजपा नेताओं की बैठकों और तैयारियों का दौर जारी है। (Congress Questions Shah Visit)

नक्सलवाद के खिलाफ अभियान में मिली सफलता के बाद यह केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का पहला बस्तर दौरा है, इसलिए भाजपा इसे राजनीतिक और प्रशासनिक रूप से महत्वपूर्ण मान रही है। वहीं कांग्रेस ने इस दौरे को लेकर सवाल उठाए हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि अमित शाह और तीन राज्यों के मुख्यमंत्री बस्तर आ रहे हैं, लेकिन कांग्रेस सवाल पूछती है कि बस्तर को मध्य क्षेत्रीय परिषद बैठक से क्या फायदा होगा? उद्योगपतियों के लिए रेड कार्पेट बिछाने काम हो रहा है। दीपक बैज ने भाजपा संगठन में गुटबाजी का भी आरोप लगाया और कहा कि गुटबाजी को कंट्रोल करने के लिए अमित शाह ने अपना दौरा बदला। इसलिए वह जल्दी छत्तीसगढ़ आकर संगठन में गुटबाजी को कंट्रोल करेंगे।



