बाढ़ के बीच राहत शिविर बने सहारा, स्वास्थ्य सेवाएं तेज, पानी उतरते ही गांवों में लगेंगे विशेष स्वास्थ्य शिविर

Continuous Rain in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में लगातार बारिश के कारण उत्पन्न बाढ़ और जलभराव के बीच प्रशासन ने प्रभावित परिवारों के लिए राहत और स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा बढ़ा दिया है। अलग-अलग जिलों में बनाए गए राहत शिविरों में प्रभावित लोगों के रहने, भोजन, पेयजल और चिकित्सा की व्यवस्था की गई है। वहीं बाढ़ का पानी उतरने के बाद जलजनित और संक्रामक बीमारियों की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाने की तैयारी शुरू कर दी है। बस्तर में 43 राहत शिविरों में साढ़े चार हजार से ज्यादा प्रभावितों को रखा गया है। प्रशासन का फोकस केवल लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि शिविरों में भोजन, स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य जांच और आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराने पर भी है।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में भारी बारिश से बाढ़ का कहर, कई जिलों में हालात खराब, राहत शिविरों में पहुंचाए गए प्रभावित
धमतरी जिले में जलभराव और बाढ़ के कारण प्रभावित 15 परिवारों के 54 सदस्यों को सुरक्षित निकालकर कोलियरी स्थित स्किल डेवलपमेंट सेंटर में बनाए गए राहत शिविर में ठहराया गया है। शिविर में भोजन, चाय-नाश्ता, विश्राम, स्वच्छ पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की जरूरतों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और एसडीएम लगातार शिविर का निरीक्षण कर प्रभावित परिवारों से बातचीत कर रहे हैं और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश दे रहे हैं। बस्तर में राहत शिविरों में रह रहे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के स्वास्थ्य की जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार पहुंच रही हैं। जगदलपुर के भगत सिंह वार्ड, भैरमगंज, पंचपथ और पनारापारा स्थित राहत शिविरों में प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। (Continuous Rain in Chhattisgarh)
नगरनार क्षेत्र के नदी बोड़ना गांव से प्रभावित ग्रामीणों को सुरक्षित निकालकर शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में बनाए गए राहत शिविर में रखा गया है। यहां स्वास्थ्य जांच के साथ दवाइयां, स्वच्छ पेयजल, ओआरएस और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था की गई है। बाढ़ का पानी कम होने के बाद बीमारियों के संभावित खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने मेडिकल कॉलेज के सहयोग से प्रभावित गांवों में विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाने की तैयारी शुरू कर दी है। इन शिविरों में उल्टी-दस्त, डायरिया, पीलिया, टायफाइड तथा त्वचा संबंधी फंगल और बैक्टीरियल संक्रमण की जांच एवं उपचार किया जाएगा। जलस्तर घटने के बाद बिलों से जहरीले जीवों के बाहर निकलने की आशंका को देखते हुए सर्पदंश और पशुदंश के मामलों के लिए एंटी-वेनम और जरूरी जीवनरक्षक दवाइयां उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं।

स्वास्थ्य विभाग और मेडिकल कॉलेज की संयुक्त टीमें संवेदनशील और सुदूर गांवों तक पहुंचेंगी। ग्रामीणों को निःशुल्क दवाइयों के साथ क्लोरीन की गोलियां और ओआरएस के पैकेट दिए जाएंगे। गंभीर मरीजों को उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर किया जाएगा। प्रशासन ने लोगों को पानी उबालकर पीने, ताजा भोजन करने और घर तथा आसपास स्वच्छता बनाए रखने की सलाह दी है। दुर्ग जिले में 764 प्रभावित लोगों को सुरक्षित निकालकर 16 अस्थायी राहत शिविरों में ठहराया गया है। शिविरों में भोजन, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। पुलगांव, भरदा, पाटन, कुम्हारी और अन्य प्रभावित क्षेत्रों से निकाले गए लोगों को सामुदायिक भवनों, पंचायत भवनों, स्कूलों तथा अन्य सुरक्षित स्थानों पर ठहराया गया है। अधिकारियों को शिविरों में स्वास्थ्य, प्रकाश, पेयजल और भोजन की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। (Continuous Rain in Chhattisgarh)
बेमेतरा में खाद्य सामग्री और दवाइयों की उपलब्धता पर जोर
बेमेतरा जिले में बाढ़ प्रभावित ग्राम करमसेन का निरीक्षण कर जिला पंचायत सीईओ ने अधिकारियों को खाद्य सामग्री, आवश्यक दवाइयों और स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रशासन ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ जरूरतमंद परिवारों तक समय पर सहायता पहुंचाने तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं पर विशेष निगरानी रखने कहा है। जिले के भालेसर स्थित ईंटभट्ठे में फंसे मजदूरों को सुरक्षित निकालकर स्कूलों में अस्थायी ठहराव की व्यवस्था की गई है। बगलेड़ी में 800 नागरिकों को राशन वितरित किया गया है। डोटू नाला में पानी बढ़ने से रास्ता बाधित होने पर निगरानी के लिए मैदानी अमले की ड्यूटी लगाई गई है और समोदा नाला में बैरिकेडिंग की गई है। गोबरा नवापारा क्षेत्र में बाढ़ से करीब 2,000 लोग प्रभावित होकर सुरक्षित स्थानों और राहत केंद्रों में पहुंचाए गए हैं।

राजस्व और आपदा मंत्री टंकराम वर्मा ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर राहत शिविरों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और प्रभावित परिवारों से बातचीत की। बाढ़ पीड़ितों को तत्काल सहायता के रूप में 5-5 हजार रुपये के अनुदान चेक वितरित किए गए। क्षतिग्रस्त मकानों के पुनर्निर्माण का आश्वासन भी दिया गया। अधिकारियों को बाढ़ से हुए जान-माल, फसल और मकानों के नुकसान का त्वरित सर्वे कर राजस्व पुस्तक परिपत्र के प्रावधानों के अनुसार प्रभावितों को मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। बेमेतरा जिले में पिछले 24 घंटे में औसत 72.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। बेरला में सर्वाधिक 110.5 मिमी, भानखम्हरिया में 107.5 मिमी और भिंभौरी में 103.5 मिमी वर्षा दर्ज हुई। (Continuous Rain in Chhattisgarh)

1 जून से 26 सितंबर 2026 तक जिले में औसत 670.0 मिमी बारिश दर्ज की गई है। वहीं मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में 1 जून से 26 सितंबर तक 1199.5 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है। कोटाडोल में सर्वाधिक 1587.0 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। लगातार बारिश के बीच प्रशासन का तत्काल फोकस लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और राहत शिविरों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर है। वहीं जिन इलाकों में पानी उतरना शुरू हो गया है, वहां अब स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों से निपटने की तैयारी तेज कर दी गई है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे जलभराव वाले क्षेत्रों, उफनती नदियों और तेज बहाव वाले स्थानों से दूरी बनाए रखें। किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन, जिला कंट्रोल रूम या राहत और बचाव दल को तत्काल सूचना दें।



