महंत के बयान पर बीजेपी हुई हमलावर, मंत्री केदार कश्यप बोले- सनातन की बात करने वालों से कांग्रेस को होती है पीड़ा

Controversy on Mahant Statement: नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत के जगद्गुरु रामभद्राचार्य को लेकर दिए गए बयान पर सियासी घमासान लगातार तेज होता जा रहा है। अब भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने कांग्रेस और चरणदास महंत पर तीखा हमला बोला है। बीजेपी ने महंत के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कांग्रेस पर सनातन विरोधी राजनीति करने का आरोप लगाया है। कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि जो लोग सनातन और हिंदू धर्म की बात करते हैं, उन पर लगातार आरोप लगाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि हम जिस देश में रहते हैं, वहां सनातन को मानने वाले लोग हैं। सनातन के हित की बात करने पर कांग्रेस को पीड़ा होती है। कांग्रेस लगातार हिंदू धर्म के खिलाफ बातें करती है।
यह भी पढ़ें:- जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने चरणदास महंत को दी खुली चुनौती, कहा- शक्ति है तो मेरे जगद्गुरुत्व का परीक्षण करें
कश्यप ने कहा कि साधु-संतों और धार्मिक परंपराओं पर सवाल उठाना कांग्रेस की पुरानी राजनीति का हिस्सा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को सनातन संस्कृति और हिंदू आस्था से समस्या है। वहीं कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल ने भी कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि चरणदास महंत का बयान कांग्रेस की वास्तविक सोच को सामने लाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा से सनातन परंपरा और संत समाज के खिलाफ बयानबाजी करती रही है। राजेश अग्रवाल ने कहा कि साधु-संतों के प्रति इस तरह की टिप्पणी बेहद आपत्तिजनक है और इससे करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं। (Controversy on Mahant Statement)
विधायक पुरंदर मिश्रा का तीखा वार
बीजेपी विधायक पुरंदर मिश्रा ने भी कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके नेता साधु-संतों का अपमान करना अपना जन्मसिद्ध अधिकार समझते हैं। मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और उसके नेता विधर्मी हैं। साधु-संतों का अपमान करना अपना अधिकार समझते हैं। कांग्रेस पार्टी को साधु-संतों का श्राप न लग जाए। कांग्रेस पार्टी विध्वंसकारी उद्देश्य लेकर चल रही है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री का जिक्र करते हुए कहा कि इंदिरा गांधी को भी साधु-संतों का श्राप लगा था। बता दें कि महंत ने कल कहा था कि रामभद्राचार्य भाजपा का प्रचार करने आए हैं और वे उन्हें जगद्गुरु नहीं मानते। इसके बाद चिरमिरी में आयोजित रामकथा के दौरान रामभद्राचार्य ने मंच से पलटवार करते हुए महंत को खुली चुनौती दी कि अगर उनमें नेतृत्व की शक्ति है तो वे उनके जगद्गुरुत्व का परीक्षण करा लें। अब इस पूरे विवाद ने राजनीतिक रंग ले लिया है और बीजेपी लगातार कांग्रेस पर सनातन विरोधी होने का आरोप लगा रही है।



