जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने चरणदास महंत को दी खुली चुनौती, कहा- शक्ति है तो मेरे जगद्गुरुत्व का परीक्षण करें

Rambhadracharya Challenged Mahant: जगद्गुरु रामभद्राचार्य को लेकर चरणदास महंत के बयान पर छत्तीसगढ़ में नया विवाद खड़ा हो गया है। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के चिरमिरी में आयोजित श्रीराम कथा के दौरान जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत के बयान पर तीखा पलटवार करते हुए उन्हें खुली चुनौती दे डाली। दरअसल, चरणदास महंत ने रामभद्राचार्य को भाजपा का प्रचारक बताते हुए कहा था कि ऐसे लोगों को न मैं जगद्गुरु मानता हूं और न गांव का गुरु मानता हूं। महंत के इसी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए रामभद्राचार्य ने व्यासपीठ से कहा कि उन्हें हर बात स्वीकार है, लेकिन कोई उनके जगद्गुरुत्व पर सवाल उठाए, यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
यह भी पढ़ें:- महंत ने जगतगुरु रामभद्राचार्य को बताया बीजेपी का प्रचारक, टिप्पणी को लेकर पक्ष-विपक्ष में तीखी बहस
व्यासपीठ से दी खुली चुनौती
चिरमिरी के लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में चल रही श्रीराम कथा के नौवें दिन रामभद्राचार्य ने कहा कि अगर चरणदास महंत में नेतृत्व की शक्ति है तो वे उनके जगद्गुरु होने का पूर्ण परीक्षण करा लें। उन्होंने कहा कि वे यूं ही जगद्गुरु नहीं बने हैं, बल्कि इसके लिए आवश्यक सभी धार्मिक और वैदिक मानकों को पूरा करते हैं। रामभद्राचार्य ने कहा कि मेरे जगद्गुरु होने का पूर्ण परीक्षण कर लें प्रिय निंदक महंत। जगद्गुरु बनने के लिए तीन प्रमुख ग्रंथों ब्रह्मसूत्र, गीता और उपनिषदों पर भाष्य लिखना अनिवार्य होता है। मैंने इन सभी पर भाष्य लिखा है, जो प्रकाशित भी हो चुका है। (Rambhadracharya Challenged Mahant)
कुंभ में सबसे पहला स्थान जगद्गुरु का होता है: रामभद्राचार्य
उन्होंने यह भी कहा कि 12 उपनिषदों, नारद भक्तिसूत्र, श्रीराम स्तवराज स्तोत्र और वेद स्तुति भागवत पर भी उन्होंने लेखन किया है। साथ ही कहा कि सभी अखाड़ों और काशी विद्वत परिषद का समर्थन उन्हें प्राप्त है। रामभद्राचार्य ने जगद्गुरु की परिभाषा बताते हुए कहा कि जगद्गुरु वही होता है, जो ब्रह्मचारी, विरक्त और शास्त्रों का ज्ञाता हो। उन्होंने कहा कि कुंभ में सबसे पहला स्थान जिसका होता है, वही जगद्गुरु होता है। उन्होंने यह भी कहा कि वे 22 भाषाओं में धाराप्रवाह बोल सकते हैं और हर कसौटी पर खरे उतरते हैं, इसलिए उन्हें किसी प्रमाण की आवश्यकता नहीं है। रामभद्राचार्य ने इस दौरान कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने रामजन्मभूमि आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौर में रामभक्तों पर लाठियां और गोलियां चलवाई गईं। (Rambhadracharya Challenged Mahant)
अजीत जोगी का लिया नाम, महंत को बताया असभ्य
उन्होंने कहा कि हम महीनों जेल में रहे रामजन्मभूमि के लिए। आपने क्या किया, इसका जवाब दीजिए। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर देश को गर्त में ले जाने और देश का विभाजन करवाने जैसे आरोप भी लगाए। रामभद्राचार्य ने छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अजीत जोगी थोड़े अच्छे नेता थे, लेकिन वर्तमान कांग्रेस नेताओं को संतों के बारे में बात करने का सामान्य ज्ञान तक नहीं है। उन्होंने कहा कि वर्तमान के कांग्रेसी नेता इतने असभ्य हैं कि उन्हें यह तक नहीं पता कि संतों के बारे में कैसे बोला जाता है। रामभद्राचार्य के बयान के दौरान कथा स्थल पर मौजूद श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम के नारे लगाए। कथा पंडाल में इस बयान को लेकर देर तक चर्चा होती रही। वहीं महंत और रामभद्राचार्य के बीच शुरू हुई यह बयानबाजी अब राजनीतिक और धार्मिक बहस का बड़ा मुद्दा बन गई है।



