सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग के 2 आरोपी गिरफ्तार, क्राइम ब्रांच ने गुजरात से अरेस्ट किया

Salman Khan Firing Case: बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान बीते कुछ दिनों से चर्चा में बने हुए है। रविवार को दो हमलावरों ने सलमान खान के घर के बाहर गोलियां चलाई थी और कई राउंड फायरिंग की थी। इस मामले में दो लोगों को गुजरात से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

इस मामले की पड़ताल में मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम जुटी हुई थी। इस मामले में ही क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता मिली है। गुजरात के भुज से गोली चलाने वाले दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों आरोपियों ने सलमान खान के घर यानी गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर कई राउंड गोलियां चलाई थी। गुजरात के कच्छ पश्चिम से विक्की गुप्ता और सागर पाल को गिरफ्तार किया गया है।

इस संबंध में कच्छ-पश्चिम के उप महानिरीक्षक महेंद्र बागड़िया ने बताया कि बिहार के रहने वाले विक्की गुप्ता (24) और सागर पाल (21) को सोमवार देर रात गुजरात के कच्छ जिले के माता नो माध गांव से गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि तकनीकी निगरानी के आधार पर कच्छ-पश्चिम और मुंबई पुलिस के संयुक्त दल ने आरोपियों को गिरफ्तार किया। बागड़िया ने बताया कि आरोपियों को मुंबई पुलिस को सौंप दिया गया क्योंकि शिकायत वहां दर्ज है।

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पाल और गुप्ता दोनों को जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के गिरोह ने सलमान के घर पर गोलीबारी करने के लिए कहा था। बागड़िया ने बताया कि जब पाल ने गोलीबारी की, तो गुप्ता गिरोह के सदस्यों के संपर्क में था। गौरतलब है कि 14 अप्रैल की सुबह पांच बजे सलमान खान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर मोटरसाइकिल पर सवार दो लोगों ने गोलीबारी की और फरार हो गए। आरोपियों ने तीन राउंड की फायरिंग की थी। एक अधिकारी ने सोमवार को बताया था कि आरोपियों ने नवी मुंबई के पनवेल में एक महीने के लिए एक घर किराए पर लिया था, जहां अभिनेता का फार्महाउस है। (Salman Khan Firing Case)

अधिकारी ने बताया था कि पुलिस ने गोलीबारी की घटना की जांच के तहत सोमवार को नवी मुंबई के तीन लोगों से पूछताछ की थी, जिनमें मकान मालिक, अपराध में इस्तेमाल किए गए दोपहिया वाहन के पिछले मालिक, वाहन खरीदवाने वाले एजेंट और कई अन्य शामिल थे। पुलिस ने बताया कि मोटरसाइकिल को अभिनेता के घर से एक किलोमीटर की दूरी पर मुंबई में माउंट मैरी चर्च के पास छोड़ दिया गया था। बता दें कि इस घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले। मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की शुरुआत की थी। सीसीटीवी में ही दोनों आरोपियों के चेहरे दिखे थे। (Salman Khan Firing Case)

Related Articles

Back to top button