Google Analytics —— Meta Pixel

न्यायधानी बिलासपुर में खूनी खेल, बेटे ने ली पिता की जान, दोस्त पर सर्जिकल ब्लेड से हमला

Crime in Bilaspur: बिलासपुर जिले में खूनी खेल जारी है, जो जिला प्रशासन और पुलिस के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। ताजा मामला बिनौरी गांव का है, जहां घरेलू विवाद के चलते बेटे ने अपने पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक हर प्रसाद यादव और उनके बेटे टिल्ली उर्फ राजेश यादव की काठाकोनी के पास चाय-नाश्ते की एक छोटी सी दुकान है, जो दोनों परिवारों की रोजी-रोटी का मुख्य जरिया थी। बताया जा रहा है कि दुकान के संचालन को लेकर पिता और बेटे के बीच अक्सर विवाद होता था।

यह भी पढ़ें:- अबूझमाड़ में शांति की राह पर कदम- 16 नक्सलियों ने छोड़ा हथियार, 7 महिलाएं भी शामिल

घटना वार्ड नंबर 03 की है, जहां सुबह करीब 4 बजे पंच देवरी यादव टहलने निकले थे। इसी दौरान राजेश यादव ने उन्हें अपने घर बुलाया। वहां पहुंचने पर देवरी यादव ने देखा कि हर प्रसाद यादव खून से लथपथ हालत में घर के बरामदे में पड़े हैं। राजेश ने पुलिस को बताया कि रात में पिता से हुई बहस के दौरान गुस्से में आकर उसने बांस के डंडे से अपने पिता को पीटा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। फौरन देवरी यादव और दादु यादव की मदद से 108 एम्बुलेंस बुलाकर हर प्रसाद को बिलासपुर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उनकी मौत हो गई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही आगे की जांच शुरू कर दी है।

सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में दोस्त पर सर्जिकल ब्लेड से हमला

वहीं सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के तिफरा इलाके में दो दोस्तों के बीच नशे की हालत में हुई मामूली कहासुनी ने खूनी झड़प का रूप ले लिया। आत्मानंद स्कूल के पास एक नाबालिग ने अपने ही दोस्त पर सर्जिकल ब्लेड से ताबड़तोड़ वार कर दिए। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि आरोपी नाबालिग को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले में बाल अपराध कानून के तहत कार्रवाई कर रही है। जानकारी के मुताबिक दोनों तिफरा इलाके के रहने वाले हैं, जिसमें से एक नाबालिग है। जबकि दूसरा 19 साल का यशवंत उर्फ बाला है। दोनों गहरे दोस्त थे। दोनों ने साथ शराब पी और नशे की हालत में तिफरा की गलियों में घूमने लगे। इसी दौरान आत्मानंद स्कूल के पास दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।

चोर कहने पर किया हमला

यशवंत ने अपने दोस्त को चोर कह दिया, जिससे दोनों के बीच गाली-गलौज और मारपीट शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि नाबालिग ने जेब से सर्जिकल ब्लेड निकाल कर यशवंत के गले और हाथ पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। यशवंत खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है। (Crime in Bilaspur)

Back to top button
error: Content is protected !!