सोशल मीडिया पर लाइक-शेयर कर पैसा कमाने के चक्कर में बड़ा नुकसान, प्राचार्य ने गंवाए 22 लाख

Cyber Fraud to Principal: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में इंस्टाग्राम और फेसबुक पर लाइक-शेयर करने के बदले मुनाफा कमाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने सेंट पाल्स स्कूल की प्राचार्य मनीषा कुलदीप से करीब 22 लाख 11 हजार रुपए की ठगी कर ली। पीड़िता की शिकायत पर सरस्वती नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता मनीषा कुलदीप कोटा क्षेत्र के भवानी नगर में रहती हैं, जिसने पुलिस को बताया कि 20 सितंबर को उन्हें ‘क्वालिटी टास्क लिंकेज’ नाम के एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ा गया था। इस ग्रुप में सोशल मीडिया पर ऑनलाइन टास्क पूरा करने पर अच्छी कमाई का दावा किया जा रहा था।
यह भी पढ़ें:- लव अफेयर बना जानलेवा, रायपुर के बार में युवती की पीट-पीटकर हत्या, पढ़े पूरी खबर
ग्रुप में मौजूद लोगों की बातों और स्क्रीनशॉट्स को देखकर वह भी इस काम के लिए राजी हो गई। शुरुआत में ठगों ने प्राचार्य से इंस्टाग्राम और फेसबुक आईडी पर लाइक-शेयर करने को कहा और अकाउंट डिटेल ली। पहले 150 रुपए और फिर 500 रुपए जमा कराने पर उन्हें 730 रुपए का भुगतान भी किया गया, जिससे उनका भरोसा और मजबूत हो गया। इसके बाद ठगों ने ज्यादा मुनाफे का लालच देकर बड़ी रकम निवेश करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। ठगों की बातों में आकर प्राचार्य ने पहले 5 लाख रुपए जमा किए।
रिफंड के बजाय बढ़ता गया दबाव
इसके बाद धीरे-धीरे उन्होंने बैंक से लोन लेकर, पति और भाई से पैसे लेकर किस्तों में कुल 22 लाख 11 हजार रुपए ठगों के बताए खातों में जमा करवा दिए। जब इतनी बड़ी रकम जमा हो गई तो ठगों ने पैसे रिफंड करने के बजाय रजिस्ट्रेशन और प्रोसेसिंग फीस के नाम पर और पैसे जमा करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। जब प्राचार्य ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने टेलीग्राम ग्रुप में जवाब देना बंद कर दिया। संपर्क पूरी तरह तोड़ लिया। इसके बाद उन्हें अपने साथ ठगी होने का एहसास हुआ। (Cyber Fraud to Principal)
इन बैंक खातों में जमा कराए गए पैसे
जांच में सामने आया है कि ठगों ने अलग-अलग खातों में पैसे ट्रांसफर कराए, जिसमें कर्नाटक बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, बंधन बैंक, केनरा बैंक और किशन कुमार नाम के व्यक्ति का खाता शामिल हैं। पुलिस इन सभी खातों की बारीकी से जांच कर रही है। सरस्वती नगर पुलिस के मुताबिक प्राचार्य की शिकायत पर आईटी एक्ट और धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। साइबर सेल की मदद से आरोपियों की पहचान और पैसे की रिकवरी की कोशिश की जा रही है। (Cyber Fraud to Principal)
2025 में 11 करोड़ से ज्यादा की साइबर ठगी
पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक साल 2025 में रायपुर जिले में अब तक 11 करोड़ रुपए से ज्यादा की साइबर ठगी के मामले सामने आ चुके हैं। पुलिस लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। इसके बावजूद ऑनलाइन टास्क, इन्वेस्टमेंट और फर्जी मुनाफे के नाम पर ठग लोगों को शिकार बना रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लाइक-शेयर के बदले कमाई के झांसे में न आएं। किसी अनजान लिंक, टेलीग्राम ग्रुप या कॉल पर भरोसा न करें। पैसे ट्रांसफर करने से पहले पूरी जांच करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन या नजदीकी थाने में शिकायत करें।



