24 अक्टूबर को ओडिशा के तटों से टकराएगा साइक्लोन दाना, CM मोहन चरण माझी ने ली बैठक
Cyclone Dana News: अंडमान सागर से उठे चक्रवाती तूफान दाना को लेकर ओडिशा में हाई अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक साइक्लोन दाना 23 अक्टूबर यानी कल तक बंगाल की खाड़ी पहुंच जाएगा, जो 24 अक्टूबर को ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तट से टकराएगा। चक्रवाती तूफान का नाम सऊदी अरब ने दिया है। दाना का मतलब उदारता होता है। वहीं चक्रवात से निपटने के लिए तैयारियों को लेकर ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने समीक्षा बैठक की। इसे लेकर उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई जनहानि न हो। घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। सरकार स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।
CM माझी ने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान करने के बाद 100% निकासी की जाएगी। NDRF, ODRAF और अग्निशमन सेवा की टीमों को तैयार रखा गया है। सरकार स्थिति पर बारीकी से नजर रख रही है। चक्रवात आश्रयों को सभी बुनियादी जरूरतों और आवश्यक वस्तुओं से लैस किया जाएगा। बिजली और पानी की आपूर्ति और टेलीफोन और सड़क संचार की जल्द बहाली के लिए भी चर्चा की गई। अस्पतालों को निर्बाध बिजली सुनिश्चित की जाएगी। संबंधित विभाग पहले से ही आवश्यक वस्तुओं की जमाखोरी या ज्यादा कीमत वसूलने से रोकने के लिए कड़ी निगरानी रख रहे हैं। (Cyclone Dana News)

ओडिशा के डिप्टी CM कनक वर्धन सिंह देव ने चक्रवात ‘दाना’ से निपटने की तैयारी और व्यवस्था पर कहा कि पूरे राज्य में जरूरी तैयारियां कर ली गई है। संबंधित विभागों ने समीक्षा की है। मुख्यमंत्री ने भी समीक्षा बैठक की है। किसानों को संदेश भेजे जा रहे हैं। उन्हें जागरूक किया जा रहा है। अगर पानी सप्लाई कहीं बाधित होती है तो उसे जल्द से जल्द बहाल किया जाएगा। बिजली की आपूर्ति के लिए स्टैंडबाय जनरेटर रखे गए हैं। NDRF टीमें भी तैयार हैं, जहां भी जरूरत होगी हवाई सर्वेक्षण और रेस्क्यू ऑपरेशन किए जाएंगे। बता दें कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर आने वाले चक्रवाती तूफान के मद्देनजर गंजाम, पुरी, जगतसिंहपुर, केंद्रपाड़ा, भद्रक, बालासोर, मयूरभंज, क्योंझर, ढेंकनाल, जाजपुर, अंगुल, खुर्दा, नयागढ़ और कटक जिलों में 23-25 अक्टूबर तक स्कूल बंद रहेंगे। (Cyclone Dana News)
अस्थायी चक्रवात केंद्र तैयार
DGP फायर सुधांसु शेखर सदांगी ने ‘चक्रवात दाना’ पर कहा कि हम पूरी तरह तैयार है। मछुआरों को वापस लाने की कोशिश की जा रही है। कल तक स्थिति स्पष्ट हो जाएगी कि किस जिले में इसका प्रभाव पड़ेगा। बालासोर जिला मजिस्ट्रेट मयूर सूर्यवंशी ने कहा कि प्रशासन चक्रवात दाना के लिए तैयारी कर रहा है। जिला प्रशासन ने प्रभावित होने वाले ब्लॉकों को जल्दी से जल्दी खाली कराने की योजना तैयार की है। अस्थायी चक्रवात केंद्र तैयार रखे गए हैं। वहां बिजली, भोजन और पीने के पानी की व्यवस्था की गई है। हर ब्लॉक के लिए एक वरिष्ठ अधिकारी को तैनात किया गया है और जिला प्रशासन की ओर से भी अधिकारियों को उनकी सहायता के लिए तैनात किया गया है। (Cyclone Dana News)



