Google Analytics —— Meta Pixel

बारिश में बढ़ा सांपों का खतरा, धमतरी में दिव्यांग युवक की मौत, खैरागढ़ में तीन महीने में सामने आए 49 मामले 

Danger of Snakes: मानसून की बारिश के साथ ही प्रदेश के कई इलाकों में सर्पदंश की घटनाएं बढ़ने लगी हैं। धमतरी जिले में जहां जहरीले सांप के काटने से एक दिव्यांग युवक की मौत हो गई, वहीं खैरागढ़ जिले में भी सांप काटने के मामलों ने चिंता बढ़ा दी है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक खैरागढ़ में बीते साल सर्पदंश के सैकड़ों मामले सामने आए हैं, जबकि नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत में ही कई लोग इसकी चपेट में आ चुके हैं। धमतरी जिले के परेवाडीह गांव में घर के अंदर सो रहे एक दिव्यांग युवक की जहरीले सांप के काटने से मौत हो गई। मृतक की पहचान विक्रम साहू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि विक्रम साहू रात के समय अपने घर में बिस्तर पर सो रहे थे। 

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ के थानों में अटकी 1.45 लाख क्लोजर रिपोर्ट, हाईकोर्ट ने DGP अरुण देव गौतम से मांगा पूरा हिसाब

आशंका जताई जा रही है कि कोई जहरीला सांप पहले से ही बिस्तर में छिपा हुआ था। इसी दौरान सांप ने उन्हें डस लिया। रात में इसकी जानकारी नहीं हो सकी, लेकिन सुबह अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजनों ने बिना देर किए उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन हालत काफी गंभीर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद विक्रम साहू को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. रवि किरण सिंधे ने बताया कि अधिकांश जहरीले सांपों का जहर न्यूरोटॉक्सिक होता है, जो सीधे शरीर के नर्वस सिस्टम पर असर डालता है। कई बार सांप के काटने का तुरंत पता नहीं चल पाता, जिसके कारण इलाज में देरी हो जाती है और मरीज की जान पर खतरा बढ़ जाता है। घटना के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

Death Due to Snakebite

खैरागढ़ में बढ़ा सर्पदंश का खतरा

इधर, खैरागढ़ जिले में भी मानसून शुरू होते ही सांप काटने के मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक 2025-26 में जिले में सर्पदंश के 385 मामले सामने आए थे। वहीं नए वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में ही 49 लोग सांप काटने की घटना का शिकार हो चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक बारिश के मौसम में सांपों के बिलों में पानी भर जाता है, जिसके चलते वे सुरक्षित और सूखी जगह की तलाश में बाहर निकलते हैं। इस दौरान कई बार सांप घरों, खेतों और आबादी वाले इलाकों तक पहुंच जाते हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि बरसात के दौरान मेंढक, चूहे और दूसरे छोटे जीवों की संख्या और गतिविधियां बढ़ जाती हैं, जिससे सांप भोजन की तलाश में ज्यादा सक्रिय हो जाते हैं। यही वजह है कि मानसून के महीनों में ग्रामीण और वन क्षेत्रों में सर्पदंश की घटनाएं बढ़ने लगती हैं। (Danger of Snakes)

सर्पदंश से बचाव के लिए सावधानी जरूरी

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि बारिश के मौसम में घरों के आसपास साफ-सफाई रखें। रात के समय जमीन पर सोने से बचें और अंधेरे स्थानों पर जाने से पहले टॉर्च का इस्तेमाल करें। घर में रखे कपड़े, जूते और सामान को इस्तेमाल करने से पहले जांच लें। खैरागढ़ CMHO डॉ. आशीष शर्मा ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सांप काटने की स्थिति में झाड़-फूंक या घरेलू इलाज में समय बर्बाद न करें। पीड़ित व्यक्ति को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल ले जाएं, क्योंकि समय पर इलाज मिलने से मरीज की जान बचाई जा सकती है। बारिश का मौसम जहां राहत लेकर आता है, वहीं अपने साथ कई तरह के खतरे भी लेकर आता है। सर्पदंश की घटनाओं से बचने के लिए थोड़ी सी सावधानी बेहद जरूरी है। अंधेरे स्थानों पर जाने से बचें, घर और आसपास के इलाकों को साफ रखें और सांप काटने की स्थिति में बिना समय गंवाए तुरंत अस्पताल पहुंचें, क्योंकि हर एक मिनट जिंदगी बचाने के लिए अहम होता है।

Back to top button
error: Content is protected !!