सिर्फ 500 रुपए पेंशन के लिए बहू का संघर्ष, सामने आई मार्मिक तस्वीर, पढ़े पूरी खबर
सरगुजा। जिले के मैनपाट ब्लॉक से मानवता और व्यवस्था की संवेदनहीनता की एक मार्मिक तस्वीर सामने आई है। यहां एक बहू अपनी 90 वर्षीय सास को पीठ पर लादकर करीब 5 किलोमीटर पैदल चलकर बैंक पहुंची, ताकि वृद्धावस्था पेंशन की राशि मिल सके। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, मैनपाट ब्लॉक के कुनिया गांव के जंगलपारा निवासी सुखमनिया अपनी बुजुर्ग सास सोनवारी को पीठ पर लादकर नर्मदापुर स्थित सेंट्रल बैंक पहुंची। गांव से बैंक तक का रास्ता बेहद कठिन है। बीच में नाला और खराब सड़क होने के कारण वाहन वहां तक नहीं पहुंच पाते, जिसके चलते उन्हें पैदल ही सफर तय करना पड़ा।
बैंक पहुंचने पर सोनवारी को तीन महीने की वृद्धावस्था पेंशन के रूप में 1500 रुपए दिए गए। बताया गया कि खाते में कुल चार महीने की राशि यानी 2000 रुपए जमा थी।
सुखमनिया ने बताया कि पहले बैंक मित्र घर पहुंचकर पेंशन राशि उपलब्ध करा देते थे, लेकिन पिछले कुछ महीनों से यह सुविधा बंद हो गई थी। वहीं, केवाईसी प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण उन्हें मजबूरी में अपनी सास को बैंक लाना पड़ा।
रोते हुए सुखमनिया ने कहा कि उनकी सास चलने-फिरने में पूरी तरह असमर्थ हैं। गांव से बैंक तक पहुंचना बेहद मुश्किल है, लेकिन मात्र 500 रुपए मासिक पेंशन के लिए उन्हें यह संघर्ष करना पड़ा। उन्होंने बताया कि सोनवारी को महतारी वंदन योजना का लाभ भी नहीं मिल रहा है और वे केवल वृद्धावस्था पेंशन पर निर्भर हैं।
बैंक प्रबंधन ने दी सफाई
मामले में नर्मदापुर सेंट्रल बैंक के प्रबंधक मिर्जा अल्ताफ बेक ने कहा कि मैनपाट क्षेत्र में वृद्धावस्था पेंशन घर-घर पहुंचाने की व्यवस्था है और इसके लिए 8 बैंक मित्र नियुक्त किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि यदि परिजन पहले सूचना देते, तो बैंक मित्र घर पहुंचकर राशि उपलब्ध करा देते। बैंक प्रबंधक के मुताबिक, “हमने वृद्धा को बैंक बुलाया नहीं था। अब परिजनों को जानकारी दे दी गई है कि आगे से उन्हें बैंक आने की जरूरत नहीं पड़ेगी। बैंक मित्र उनके घर पहुंचकर पेंशन उपलब्ध कराएंगे।”
यह भी पढ़े :- 10.15 सेकेंड की रफ्तार से चमके अनीमेश, देश में बनाया नया रिकॉर्ड



