Google Analytics —— Meta Pixel

घर के आंगन में खेल रही थी मासूम, पानी से भरे टब में गिरने से चली गई जान

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। डौंडीलोहारा नगर पंचायत के राजापारा में घर के आंगन में खेल रही डेढ़ साल की मासूम बच्ची की पानी से भरे टब में गिरने से मौत हो गई। परिजन उसे आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया। इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है।

आंगन में खेलते समय हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, मृत बच्ची के पिता लक्की ठाकुर किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे। घर में बच्ची की मां, दादी, बड़ी मम्मी और परिवार के अन्य सदस्य मौजूद थे। इसी दौरान मासूम घर के आंगन में खेल रही थी।

बताया जा रहा है कि खेलते-खेलते बच्ची पानी से भरे टब के पास पहुंच गई और उसमें गिर गई। उस समय परिवार के सदस्य अपने-अपने कामों में व्यस्त थे। कुछ देर तक किसी का ध्यान बच्ची की ओर नहीं गया।

टब में छटपटाती मिली मासूम, अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

कुछ समय बाद जब परिजनों की नजर बच्ची पर पड़ी, तो वह पानी से भरे टब में छटपटा रही थी। यह देखते ही परिवार के लोग घबरा गए और तुरंत उसे डौंडीलोहारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।

अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्ची की जांच की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिवार में पसरा मातम, पुलिस ने शुरू की जांच

मासूम की अचानक मौत से माता-पिता पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में कुछ देर पहले तक बच्ची की किलकारियां गूंज रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।

घटना की सूचना मिलने के बाद डौंडीलोहारा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!