मुंगेली से जगदलपुर तक मौत का तांडव, कहीं बंद घर में दो लाशें, कहीं जंगल में मिले प्रेमी जोड़े
Death Related Cases: छत्तीसगढ़ के चार जिलों से सामने आई मौत की खबरों ने लोगों को हैरान कर दिया है। कहीं बंद घर के भीतर पति-पत्नी की लाश मिली तो कहीं जंगल में पेड़ से लटके मिले युवक-युवती। एक मामले में दहेज प्रताड़ना के आरोप में पति गिरफ्तार हुआ तो एक महिला का शव खेत में मिला। पहला मामला मुंगेली जिले के लोरमी थाना क्षेत्र का है, जहां नवलपुर गांव में एक मकान के अंदर पति-पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। दोनों के शव करीब तीन से चार दिन पुराने बताए जा रहे हैं। घटना की जानकारी उस वक्त हुई, जब मकान से तेज दुर्गंध आने लगी और आसपास के लोगों को संदेह हुआ।
यह भी पढे़ं:- TET की अनिवार्यता के विरोध में शिक्षकों की टेट मुक्ति रैली, शिक्षा मंत्री बोले- विभागीय परीक्षा लागू करने पर विचार
स्थानीय लोगों ने मामले की सूचना लोरमी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने पर मकान के मुख्य दरवाजे पर बाहर से ताला लगा हुआ था। इसके बाद पुलिस ने ताला तोड़कर मकान के भीतर प्रवेश किया, जहां पति-पत्नी के शव बरामद हुए। मृतकों की पहचान नंद कुमार कश्यप और उनकी पत्नी गौरी कश्यप के रूप में हुई है। घर के बाहर ताला लगा होना और शवों की स्थिति को देखते हुए पुलिस पहली नजर में मामले को हत्या से जोड़कर जांच कर रही है। हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए लोरमी पुलिस के अलावा फॉरेंसिक टीम, साइबर सेल और डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया गया।
घर के बाहर किसने लगाया ताला ?
फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। वहीं साइबर सेल की मदद से मृतकों के संपर्क, मोबाइल फोन और घटना से जुड़े अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि पति-पत्नी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, घटना के पीछे क्या वजह थी और अगर यह हत्या है तो वारदात को अंजाम देने के बाद घर के बाहर ताला किसने लगाया। आसपास के लोगों और संभावित संदिग्धों से भी पूछताछ की जा रही है। लोरमी उप पुलिस अधीक्षक माधुरी धीरही के मुताबिक मामले की जांच सभी संभावित एंगल से की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट समेत फॉरेंसिक जांच के नतीजों का इंतजार है। (Death Related Cases)
पेड़ से लटके मिले युवक-युवती
दूसरा मामला सूरजपुर जिले के लटोरी चौकी क्षेत्र का है, जहां कोटबहरा जंगल में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब ग्रामीणों ने एक पेड़ पर युवक और युवती के शव लटके हुए देखे। दोनों शव एक ही दुपट्टे से फांसी के फंदे पर लटके मिले। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर लटोरी चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस ने दोनों शवों को नीचे उतरवाकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। शुरुआती जांच में दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस के सामने फिलहाल कई सवाल हैं। दोनों युवक-युवती कब से घर से लापता थे? क्या उनके परिजनों ने गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी? दोनों जंगल तक कैसे पहुंचे और उन्होंने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया? इन सभी सवालों के जवाब पुलिस तलाश रही है। (Death Related Cases)
नवविवाहिता की आत्महत्या मामले में पति गिरफ्तार
पुलिस ने दोनों की पहचान और उनके परिजनों से जुड़ी जानकारी जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही घटनास्थल से भी साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। हालांकि आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की परिस्थितियां स्पष्ट हो पाएंगी। फिलहाल लटोरी पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। एडिशनल एसपी योगेश देवांगन के मुताबिक घटनास्थल की जांच की जा रही है और मामले से जुड़े हर पहलू को देखा जा रहा है। तीसरा मामला खैरागढ़ जिले के टेकापार खुर्द का है, जहां नवविवाहिता की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने उसके पति को गिरफ्तार किया है। मृतिका के परिजनों की शिकायत और पुलिस जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपी पति अजय बघेल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
24 फरवरी को हुई थी शादी
पुलिस के मुताबिक मृतिका की शादी 24 फरवरी 2025 को अजय बघेल के साथ सामाजिक रीति-रिवाज से हुई थी। शादी के समय मायके पक्ष ने अपनी क्षमता के अनुसार उपहार दिए थे। आरोप है कि शादी के कुछ महीने बाद ही पति की ओर से दहेज की मांग को लेकर पत्नी को परेशान किया जाने लगा। परिजनों का आरोप है कि बाइक नहीं देने और नगद राशि कम मिलने की बात को लेकर नवविवाहिता को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। मारपीट करने के आरोप भी लगाए गए। मामले में यह भी आरोप है कि सगाई के दौरान मृतिका को मिले हाथ के आभूषण आरोपी पति ने अपने पास रख लिए थे। वहीं शादी से पहले पढ़ाई जारी रखने की सहमति होने के बावजूद बाद में उसे डी.एड. की पढ़ाई करने से रोक दिया गया। लगातार प्रताड़ना के चलते वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थी। पुलिस के मुताबिक इसी प्रताड़ना से परेशान होकर नवविवाहिता ने अपने घर के टॉयलेट में मिट्टी का तेल डालकर खुद को आग लगा ली थी। घटना के बाद उसकी मौत हो गई।
खेत में मिला 52 साल की महिला का शव
मामले की सूचना मिलने के बाद खैरागढ़ पुलिस ने कई धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की। इस दौरान पुलिस को मिले साक्ष्यों और बयानों के आधार पर आरोपी पति अजय बघेल को 24 अगस्त को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। चौथा मामला बस्तर जिले के लोहंडीगुड़ा थाना क्षेत्र का है, जहां चंदनपुर गांव में खेत से एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतिका की पहचान 52 साल की पकई कश्यप के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक महिला का शव खेत में मिला, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही लोहंडीगुड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। (Death Related Cases)
पुलिस के सामने कई सवाल
प्रारंभिक जांच में महिला की मौत पानी में डूबने से होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोहंडीगुड़ा भेज दिया है। फिलहाल पुलिस महिला की मौत से जुड़े सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। महिला खेत तक कैसे पहुंची और किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई, इसे लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की सही वजह सामने आने की उम्मीद है। चार जिलों से आई इन चार घटनाओं ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मुंगेली में बंद घर के भीतर पति-पत्नी की मौत का रहस्य हो, सूरजपुर के जंगल में मिले युवक-युवती के शव हों, खैरागढ़ में नवविवाहिता की मौत का मामला हो या जगदलपुर में महिला की मौत हर केस में पुलिस की जांच जारी है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्य और जांच के बाद ही साफ होगा कि इन मौतों के पीछे आखिर क्या सच छिपा है।



