अगर भारत पाकिस्तान को जन्म दे सकता है तो मुझे इस बारे में और कुछ कहने की जरूरत नहीं: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

Defence Minister Rajnath Singh: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में ब्रह्मोस एयरोस्पेस यूनिट में बूस्टर और वारहेड बिल्डिंग का उद्घाटन किया। साथ ही ब्रह्मोस एयरोस्पेस यूनिट में SU-30 विमान के माध्यम से ब्रह्मोस मिसाइल के वर्चुअल हमले को देखा। इसके बाद ब्रह्मोस एयरोस्पेस इकाई में निर्मित ब्रह्मोस मिसाइलों के पहले बैच को हरी झंडी दिखाई और ब्रह्मोस एयरोस्पेस यूनिट के परिसर में पौधारोपण भी किया। इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि मेरे लिए अत्यंत गर्व का विषय है कि लखनऊ में ब्रह्मोस की अत्याधुनिक बूस्टर इमारत का उद्घाटन हुआ है।
यह भी पढ़ें:- पूर्व CM भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को बड़ा झटका, हाईकोर्ट ने खारिज की याचिका
राजनाथ सिंह ने आगे कहा कि आज का दिन उत्तर प्रदेश और लखनऊ के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। मैं उत्तर प्रदेश और लखनऊ की जनता को बधाई देता हूं। लखनऊ केवल मेरा संसदीय क्षेत्र नहीं, बल्कि मेरी आत्मा में बसा हुआ शहर है। रक्षा मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश और लखनऊ के विकास को देखकर खुशी होती है। आज इस भूमि पर रक्षा क्षेत्र की बड़ी उपलब्धि हो रही है, जिससे गर्व महसूस होता है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि यह परियोजना देश के बढ़ते आत्मविश्वास और ताकत का प्रतीक है।
पाकिस्तान को फिर दी चेतावनी
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में जो हुआ वह तो बस एक ट्रेलर था। लेकिन उस ट्रेलर ने ही पाकिस्तान को यह एहसास करा दिया कि अगर भारत पाकिस्तान को जन्म दे सकता है, तो मुझे इस बारे में और कुछ कहने की जरूरत नहीं है आप खुद समझदार है। लखनऊ में टाइटेनियम और सुपरएलॉय मटेरियल प्लांट के लोकार्पण के दौरान रक्षा मंत्री ने कहा कि यह संयंत्र टाइटेनियम और सुपरएलॉय के उन पहले निजी क्षेत्र के संयंत्रों में से है, जो एयरो-इंजन और एयरोस्पेस के लिए सामग्रियां बनाएगा। उन्होंने बताया कि नई तकनीकों के इस प्रतिस्पर्धात्मक युग में दुर्लभ सामग्रियों का उत्पादन करना अत्यंत आवश्यक है। बिना इन सामग्रियों के तकनीकी प्रगति संभव नहीं।

रक्षा मंत्री ने कहा कि हमने कई दशकों तक अपने रक्षा और एयरोस्पेस कार्यक्रमों के लिए अन्य देशों पर निर्भर रहना पड़ा, लेकिन यह परियोजना इस स्थिति को बदलने में मदद करेगी। उन्होंने कहा कि लखनऊ में स्थापित यह रणनीतिक सामग्री तकनीकी परिसर न केवल सीधे रोजगार देगा, बल्कि अप्रत्यक्ष रूप से भी हजारों लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएगा। रक्षा मंत्री ने भविष्यवाणी की कि आने वाले समय में जब पूरा पारिस्थितिकी तंत्र विकसित होगा, तो लखनऊ और उत्तर प्रदेश का रक्षा औद्योगिक कॉरिडोर एशिया के सबसे उन्नत विनिर्माण क्षेत्रों में शामिल होगा।

उन्होंने कहा कि ऐसे प्रोजेक्ट्स के लिए कुशल मानव संसाधन की जरूरत होती है। इससे IIT, पॉलिटेक्निक, और इंजीनियरिंग कॉलेजों के छात्रों को लाभ मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि औद्योगिक विकास केवल उद्योगों का विकास नहीं करता, बल्कि यह समाज और शिक्षा को भी आगे बढ़ाता है और नई नवाचार श्रृंखला बनाता है। राजनाथ सिंह ने कहा कि मुझे विश्वास है कि आने वाले वर्षों में उत्तर प्रदेश भारत का एक बड़ा रक्षा विनिर्माण और एयरोस्पेस नवाचार केंद्र बनेगा। रक्षा मंत्री ने दुर्लभ पृथ्वी सामग्रियों की महत्ता बताते हुए कहा कि ये सामग्री रक्षा, अंतरिक्ष, इलेक्ट्रॉनिक्स और चिकित्सा उपकरणों में उपयोग होती हैं, लेकिन वर्तमान में केवल कुछ चुनिंदा देशों के पास इन्हें परिष्कृत करने और उच्च गुणवत्ता वाले उत्पाद बनाने की क्षमता है।
टाइटेनियम और सुपरएलॉय संयंत्र के महत्व पर जोर
रक्षा मंत्री ने कहा कि हमारी असली ताकत तब होगी जब हम अपनी सामग्रियां, घटक, चिप्स और मिश्र धातुएं स्वयं बनाएंगे। उन्होंने टाइटेनियम और सुपरएलॉय संयंत्र के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि यह संयंत्र भारत को उन देशों में शामिल करेगा जो अपनी महत्वपूर्ण रक्षा और एयरोस्पेस सामग्री स्वयं बना सकते हैं। फाइटर जेट्स, मिसाइल, नौसैनिक प्रणाली और उपग्रहों में इस्तेमाल होने वाले कई हिस्से अब भारत में ही बनेंगे। रक्षा मंत्री ने सामग्रियों की अहमियत पर जोर देते हुए कहा कि तकनीक शक्ति है, लेकिन सामग्रियां असली ताकत हैं। चाहे सेमीकंडक्टर चिप हो, बुलेट मटेरियल हो, या इंजन टरबाइन पार्ट, ये सब बिना सामरिक सामग्रियों के संभव नहीं।
आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनेगा: रक्षा मंत्री
उन्होंने कहा कि भारत ‘मेक इन इंडिया’ से आगे बढ़कर ‘डिजाइन, डेवेलप और डिलीवर इन इंडिया’ के युग में प्रवेश कर चुका है। रक्षा मंत्री ने युवाओं से अपील की कि रक्षा क्षेत्र में नई संभावनाएं सिर्फ व्यावसायिक अवसर नहीं, बल्कि देश की जिम्मेदारी भी हैं, जो काम आप कर रहे हैं, वह आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनेगा। उन्होंने कहा कि सरकार नीतियां बनाती है, लेकिन असली बदलाव आप जैसे लोगों के हाथों से होगा। राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रौद्योगिकी और प्रकृति दोनों को साथ लेकर चलना हमारी असली ज़रूरत है। अगर सरकार की नीतियां और आपके प्रयास इसी भावना के साथ चलते रहे, तो भारत रक्षा विनिर्माण का वैश्विक केंद्र बनेगा।
CM योगी ने की ब्रह्मोस की तारीफ
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह हमारे लिए गर्व का क्षण है कि प्रधानमंत्री के ‘मेक इन इंडिया’ संकल्प को पूरा करते हुए, रक्षा मंत्री की उपस्थिति में ब्रह्मोस मिसाइल के पहले बैच को हरी झंडी दिखाई गई। CM योगी ने कहा कि यह मिसाइल भारत की रक्षा आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। भारत अब न केवल अपनी सुरक्षा आवश्यकताएं पूरी कर रहा है, बल्कि मित्र देशों की रक्षा आवश्यकताओं को भी पूरा कर रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत कोई विचार नहीं, बल्कि वास्तविकता है। पिछले 11 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत मिशन के तहत बड़े कदम उठाए गए हैं। भारत आज चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में विश्व का ध्यान आकर्षित कर रहा है। योगी आदित्यनाथ ने ब्रह्मोस एयरोस्पेस यूनिट के संचालन को देखकर खुशी जताई और कहा कि हमने पूरी प्रक्रिया देखी है और पहले भी इस PTC यूनिट का दौरा किया है। यह परियोजना उत्तर प्रदेश को रक्षा विनिर्माण के क्षेत्र में नई पहचान देगी और पूरे देश के लिए गर्व का विषय बनेगी।




