Google Analytics —— Meta Pixel

पूर्व CM भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को बड़ा झटका, हाईकोर्ट ने खारिज की याचिका 

HC on Chaitanya Baghel: छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को प्रवर्तन निदेशालय (ED) के खिलाफ दायर याचिका में हाईकोर्ट से राहत नहीं मिली है। हाईकोर्ट की सिंगल बेंच ने चैतन्य बघेल की याचिका को खारिज कर दिया है, जिसमें उन्होंने अपनी गिरफ्तारी और ED की कार्रवाई को असंवैधानिक और नियम विरुद्ध बताया था। चैतन्य बघेल की ओर से दाखिल याचिका पर 24 सितंबर को सुनवाई पूरी हुई थी, जिसके बाद कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया था। इस याचिका में उन्होंने ED की जांच प्रक्रिया, गिरफ्तारी और अन्य कार्रवाइयों को चुनौती दी थी। 

यह भी पढ़ें:- दिवाली पर शांति की नई सुबह : उदंती एरिया कमेटी 20 अक्टूबर को करेगी सामूहिक आत्मसमर्पण

अब कोर्ट ने साफ कर दिया है कि ED की कार्रवाई में कोई असंवैधानिकता नहीं है और कोर्ट को इसमें हस्तक्षेप करने की आवश्यकता नहीं है। इस मामले में ED की ओर से एडवोकेट सौरभ पांडेय ने कोर्ट में पक्ष रखा। मामले की सुनवाई जस्टिस अरविंद कुमार वर्मा की सिंगल बेंच में हुई। कोर्ट ने माना कि ED की कार्रवाई प्रक्रिया अनुसार और विधिसम्मत है, इसलिए इसे खारिज करने का कोई आधार नहीं है। दरअसल, ED ने छत्तीसगढ़ में हुए शराब घोटाले और उससे जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में चैतन्य बघेल को आरोपी बनाया है। ED का आरोप है कि इस घोटाले से मिली रकम में से 16.70 करोड़ रुपए चैतन्य बघेल को प्राप्त हुए।

ED की जांच में सामने आया है कि यह रकम रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स में निवेश की गई, जिसमें प्रमुख रूप से चैतन्य बघेल का विट्ठल ग्रीन प्रोजेक्ट (बघेल डेवलपर्स) शामिल है। इस प्रोजेक्ट के माध्यम से ब्लैक मनी को व्हाइट करने की कोशिश की गई। ED के मुताबिक चैतन्य बघेल के प्रोजेक्ट में 13-15 करोड़ रुपए का वास्तविक निवेश बताया गया, लेकिन रिकॉर्ड में सिर्फ 7.14 करोड़ रुपए ही दर्शाए गए। एक ठेकेदार को 4.2 करोड़ रुपए की कैश पेमेंट की गई, जिसका कोई हिसाब-किताब रिकॉर्ड में नहीं था। ED ने इस प्रोजेक्ट से जुड़े अकाउंटेंट और कंसल्टेंट राजेन्द्र जैन के ठिकानों पर छापेमारी कर महत्वपूर्ण डिजिटल सबूत जब्त किए हैं। ED का यह भी दावा है कि शराब घोटाले के जरिए करीब 1000 करोड़ रुपए की हेराफेरी की गई है। यह रकम अलग-अलग माध्यमों से अलग-अलग प्रोजेक्ट्स और खातों में घुमाई गई।

ED ने 18 जुलाई को किया था गिरफ्तार

ED ने चैतन्य बघेल को उनके जन्मदिन के दिन 18 जुलाई को भिलाई स्थित उनके निवास से गिरफ्तार किया था। यह गिरफ्तारी प्रदेश के शराब घोटाले की जांच के सिलसिले में हुई थी। ED ने ACB/EOW की ओर से दर्ज FIR के आधार पर जांच शुरू की थी। प्रारंभिक जांच में यह खुलासा हुआ कि इस घोटाले के कारण प्रदेश के खजाने को करीब 2,500 करोड़ रुपये का भारी नुकसान हुआ है। इस रकम की अवैध कमाई सीधे तौर पर घोटाले से जुड़े लाभार्थियों की जेबों में पहुंचाई गई। (HC on Chaitanya Baghel)

मिलीभगत के मिले ठोस सबूत: ED

जांच में सामने आया कि चैतन्य बघेल ने त्रिलोक सिंह ढिल्लों के साथ मिलीभगत कर अपनी कंपनियों के माध्यम से एक योजना तैयार की। इस योजना के तहत त्रिलोक सिंह ढिल्लों के कर्मचारियों के नाम पर अपने विठ्ठलपुरम प्रोजेक्ट में फ्लैट खरीदे गए, जिससे अप्रत्यक्ष रूप से 5 करोड़ रुपए की रकम प्राप्त की गई। बैंकिंग ट्रेल से साबित होता है कि त्रिलोक सिंह ढिल्लों के खातों में शराब सिंडिकेट की ओर से भुगतान भी हुआ है। शराब घोटाले मामले में पूर्व आईएएस अनिल टुटेजा, अरविंद सिंह, त्रिलोक सिंह ढिल्लों, अनवर ढेबर, आईटीएस अधिकारी अरुण पति त्रिपाठी और पूर्व मंत्री व वर्तमान विधायक कवासी लखमा को भी गिरफ्तार किया गया है। (HC on Chaitanya Baghel)

Back to top button
error: Content is protected !!