
Delhi Election 2025 : आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज बुधवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पांच फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव (Delhi Election 2025) से पहले उनकी पार्टी के चुनाव प्रचार अभियान को बाधित करने और मतदाताओं को डराने के लिए दिल्ली पुलिस का इस्तेमाल कर रही है।
यह भी पढ़े :- Jammu Kashmir : रहस्यमयी मौतों से दहशत, 17 लोगों की जान गई, लगाई गई धारा 163
केजरीवाल ने प्रेस वार्ता में कहा, ‘‘दिल्ली पुलिस के सारे कर्मी भाजपा के साथ हैं। लोगों की सुरक्षा के लिए कोई नहीं है। एक थाना प्रभारी (एसएचओ) ने मुझे बताया कि उन्हें हमारी रैलियों को बाधित करने के लिए गृह मंत्रालय से सीधे निर्देश मिलते हैं।” इस प्रेस वार्ता को दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी और पार्टी के वरिष्ठ नेता सौरभ भारद्वाज ने भी संबोधित किया।
केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली के लोगों को एकजुट होकर भाजपा को करारा जवाब देना होगा। केजरीवाल ने कहा, ‘‘मुझे डर है कि इस बार मतदाताओं को वोट डालने से रोका जा सकता है।” केजरीवाल ने दावा किया कि भाजपा को दिल्ली में ‘ऐतिहासिक हार’ का सामना करना पड़ा है और इसलिए उसके कार्यकर्ता पुलिस के समर्थन से गुंडागर्दी कर रहे हैं।
पुलिस भाजपा मदद कर रही है
उन्होंने कहा, ‘‘पुलिस भाजपा के अभियान में मदद कर रही है और उनके (भाजपा के) कार्यकर्ताओं का समर्थन कर रही है जो आप के चुनावी प्रयासों में बाधा डाल रहे हैं।” आतिशी और भारद्वाज ने भी इसी तरह की चिंता जताई। मुख्यमंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर कालकाजी में आप के कार्यकर्ताओं को धमकाने का आरोप लगाया, जहां से वह फिर से चुनाव लड़ रही हैं। उन्होंने कहा, ‘‘रमेश बिधूड़ी (कालकाजी सीट पर आतिशी के भाजपा प्रतिद्वंद्वी) हमारे कार्यकर्ताओं को भाजपा में शामिल होने के लिए धमकी दे रहे हैं। हम भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) में शिकायत दर्ज कराएंगे।’
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ता निर्वाचन क्षेत्र में आप के घर-घर जाकर किए जा रहे प्रचार अभियान में बाधा डालने का प्रयास कर रहे हैं। दिल्ली विधानसभा पांच फरवरी को चुनाव (Delhi Election 2025) होने वाले हैं, जिसके नतीजे आठ फरवरी को घोषित किए जाएंगे। वर्ष 2020 में 70 में से 62 सीटें हासिल कर आप ने शानदार जीत दर्ज की थी, जिसके बाद पार्टी का लक्ष्य लगातार तीसरी बार सत्ता में आना है।