Google Analytics —— Meta Pixel

किसानों का टला दिल्ली मार्च, सरकार को एक दिन का दिया अल्टीमेटम, प्रदर्शन के दौरान 8 घायल

Delhi March of Farmers: हरियाणा और पंजाब बॉर्डर पर बीते 9 महीने से कैंप लगाकर बैठे किसानों ने दिल्ली मार्च शुरू किया। 101 किसानों ने अंबाला की तरफ बढ़ते हुए बैरिकेड पार किए। हालांकि हरियाणा पुलिस और पैरा मिलिट्री ने उन्हें रोक लिया। इस दौरान किसानों ने करीब ढाई घंटे तक आगे बढ़ने की कोशिश की, लेकिन बाद में मार्च टाल दिया। किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने कहा कि सरकार बातचीत के लिए तैयार है। इसलिए हम 7 दिसंबर तक इंतजार करेंगे। हम सरकार से टकराव नहीं चाहते हैं। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज चौहान हमसे बात करें। केंद्र वार्ता करेगा तो ठीक है। नहीं तो 8 दिसंबर को दोपहर 12 बजे 101 किसानों का जत्था फिर दिल्ली कूच करेगा।

यह भी पढ़ें:- IND vs AUS 2nd Test : टीम इंडिया पहली पारी में 180 रनों पर ढेर, मिचेल स्टार्क का ‘छक्का’ पड़ा भारी

दरअसल, 101 किसानों का जत्था दिल्ली के लिए रवाना हुआ था। इस दौरान किसानों ने बैरिकेड और कंटीले तार उखाड़ दिए, जिस पर हरियाणा पुलिस ने उन्हें चेतावनी दी और आंसू गैस के गोले दागे, जिसकी वजह से 8 किसान घायल हो गए हैं, जिनमें से 2 की हालत गंभीर है। किसान नेता पंधेर ने कहा कि हरियाणा पुलिस से हमारी बातचीत हुई। उन्होंने हमसे मांग पत्र मांगा। इसके बाद उन्हें मांग पत्र सौंपा गया, जिसमें केंद्र सरकार से वार्ता की बात कही है। 7 दिसंबर का दिन केंद्र सरकार से बातचीत के लिए रखा गया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस की तरफ से दागे गए आंसू गैस के गोलों के कारण हमारे काफी नेता घायल हुए हैं। इसके बाद हमने जत्थे को वापस बुला लिया। (Delhi March of Farmers)

13 फरवरी से धरना दे रहे किसान

बता दें कि MSP, कर्जमाफी और पेंशन जैसी 13 मांगों को लेकर किसान 13 फरवरी 2024 से धरना दे रहे हैं, जिन्हें हरियाणा सरकार ने मार्च की इजाजत नहीं दी है। वहीं किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए हरियाणा की गृह सचिव सुमिता मिश्रा ने बॉर्डर से सटे अंबाला के 11 गांवों में इंटरनेट बंद करने का आदेश दिया था। किसानों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े गए। साथ ही उन पर पेपर स्प्रे भी किया गया। खनौरी बॉर्डर पर 13 पुलिस कंपनी, CRPF और BSF की एक-एक कंपनी तैनात की गई है। ऐसे में करीब डेढ़ हजार से ज्यादा जवान तैनात है। साथ ही 3 JCB, वाटर कैनन व्हीकल, 3 वज्र वाहन, 20 रोडवेज बसें और पुलिस की 7 बसें खड़ी की गई है। (Delhi March of Farmers)

किसानों ने हटाए बैरिकेड्स

30 किलोमीटर के एरिया में 3 जगह थ्री लेवल बैरिकेडिंग की गई है। शंभू बॉर्डर पर 3 लेयर बैरिकेडिंग है। हरियाणा पुलिस ने सीमेंट की पक्की दीवार बना रखी है, जिसमें लोहे की कीलें लगाई गई है। यह कीलें सीमेंट में गाड़ रखी है, ताकि गाड़ियां आगे ना जा सकें। शंभू बॉर्डर पर पुलिस और पैरा मिलिट्री फोर्स तैनात है। पुल के नीचे पुलिस और पैरा मिलिट्री फोर्स के करीब 1 हजार जवान तैनात किए गए हैं। वज्र वाहन और एंबुलेंस भी मौजूद हैं। हालांकि शंभू बॉर्डर पार करने की कोशिश करते हुए प्रदर्शनकारी किसानों ने बैरिकेड्स हटा दिए। इसके बाद प्रदर्शनकारी किसानों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस का इस्तेमाल किया। (Delhi March of Farmers)

Back to top button
error: Content is protected !!