Google Analytics —— Meta Pixel

किसानों को मिला INDIA गठबंधन का समर्थन, कहा- सरकार को झूठे दिलासे नहीं देने चाहिए

INDIA Alliance on Farmers: कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा और दूसरे नेताओं ने किसानों के मुद्दों को लेकर संसद के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस सांसद दीपेंद्र ने कहा कि जब किसान आंदोलन हुआ तब सरकार ने किसानों से कुछ वादे किए थे, जिसमें MSP को अमलीजामा पहना कर लीगल गारंटी देने का वादा था। वादा पूरा नहीं हुआ तब किसानों ने अपना आंदोलन दोबारा शुरू किया। किसान काफी लंबे समय से शंभु बॉर्डर पर बैठे हुए हैं। किसान दोबारा दिल्ली कूच कर रहे हैं, जो इस सरकार की वादा खिलाफी का प्रतीक है। हमारी मांग है कि सरकार तुरंत किसानों से बातचीत करे।

यह भी पढ़ें:- किसानों का टला दिल्ली मार्च, सरकार को एक दिन का दिया अल्टीमेटम, प्रदर्शन के दौरान 8 घायल

कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि सरकार को समझना चाहिए कि किसानों के मुद्दे काफी महत्वपूर्ण हैं। किसानों से बात करनी चाहिए और इस बार झूठे दिलासे नहीं देने चाहिए। कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने कहा कि सरकार ने वादा किया था कि MSP की लीगल गारंटी देंगे। सरकार ने उनको आश्वासन दिया था। सरकार उस पर फिर से मुकर गई है। इसको लेकर उपराष्ट्रपति तक ने चिंता व्यक्त की है। सरकार जो कहती है वो करती नहीं है। किसानों के दिल्ली मार्च पर RJD सांसद मनोज झा ने कहा कि इसमें सरकार को दुविधा कहां दिख रही है? ये उनका देश है वो अन्नदाता हैं। वो अगर एक दिन की सांकेतिक हड़ताल कर दे तो देश बंद हो जाएगा। (INDIA Alliance on Farmers)

किसानों की मांग जायज: अवधेश

समाजवादी पार्टी सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि किसानों की मांग जायज है। किसान देश की आत्मा हैं। जब तक किसान खुशहाल नहीं होगा, तब तक देश खुशहाल नहीं हो सकता। अगर किसान अपनी जायज मांगों को लेकर केंद्र सरकार के पास आना चाहते हैं तो उन्हें रोकना नहीं चाहिए। उनकी बात सुननी चाहिए। सपा सांसद राम गोपाल यादव ने कहा कि हमारे उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने भी कहा है कि किसानों की मांगे नहीं मानी जा रही है। सारा देश जानता है कि हमेशा किसानों के ये धोखा करते हैं। सरकार को किसानों की मांगों को मानना चाहिए। उनसे बात करनी चाहिए। उन्हें आंदोलन करने के लिए विवश नहीं करना चाहिए। (INDIA Alliance on Farmers)

बार-बार मार्च निकालना सही नहीं: राजेश वर्मा

वहीं किसानों के दिल्ली मार्च पर हरियाणा सरकार में मंत्री अनिल विज ने कहा कि बिना इजाजत के कैसे जाने दिया जा सकता है? इजाजत ले लें, फिर जाने देंगे। अगर आप वहां जा रहे हैं तो आपको इजाजत लेनी चाहिए। LJP(R) के सांसद राजेश वर्मा ने कहा कि पहले भी कई बार किसानों की ओर से पैदल मार्च किए गए हैं। किसानों को 5-10 प्रमुख किसान नेताओं का प्रतिनिधिमंडल बनाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी या संबंधित मंत्री से मुलाकात करनी चाहिए। वहीं एक सकारात्मक तरीका होता है, जिसके तहत आप अपनी समस्या के समाधान पर काम कर सकते हैं। बार-बार मार्च निकालना और विरोध दर्ज करना, जाम करना, आम जनता को परेशान करना उचित तरीका नहीं है। किसान भी एक कदम आगे बढ़ाएं, सरकार भी 2 कदम बढ़ाने को तैयार है। (INDIA Alliance on Farmers)

Back to top button
error: Content is protected !!