किसानों को तरह-तरह से रोकने का प्रयास करना निंदनीय: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी
Rahul Gandhi on Farmers: लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने किसानों पर आंसू गैस के गोले दागने को लेकर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि किसान सरकार के समक्ष अपनी मांगों को रखने और अपनी पीड़ा को व्यक्त करने के लिए दिल्ली आना चाहते हैं। उन पर आंसू गैस के गोले दागना और उन्हें तरह-तरह से रोकने का प्रयास करना निंदनीय है। सरकार को उनकी मांगों और समस्याओं को गंभीरता से सुनना चाहिए। अन्नदाताओं की तकलीफ का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि आज देश में हर घंटे एक किसान आत्महत्या करने को मजबूर होते हैं।
यह भी पढ़ें:- किसानों को मिला INDIA गठबंधन का समर्थन, कहा- सरकार को झूठे दिलासे नहीं देने चाहिए
राहुल गांधी ने कहा कि मोदी सरकार की घोर असंवेदनशीलता के कारण पहले किसान आंदोलन में 700 से ज्यादा किसानों की शहादत को भी देश नहीं भूला है। हम किसानों की पीड़ा को समझते हैं और उनकी मांगों का समर्थन करते हैं। MSP की लीगल गारंटी, स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों के अनुसार खेती की व्यापक लागत का 1.5 गुना MSP, कर्ज माफी समेत तमाम मांगों पर सरकार को तुरंत अमल करना चाहिए। जब अन्नदाता खुशहाल होंगे तभी देश खुशहाल होगा। (Rahul Gandhi on Farmers)
किसानों से केंद्र सरकार को दिक्कत: बजरंग पूनिया
वहीं पहलवान और कांग्रेस नेता बजरंग पूनिया ने कहा कि पहले जब किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर दिल्ली आ रहे थे, तब आपने हल्ला मचाया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर किसान न आएं, अगर आना है तो पैदल आएं। अब जब किसान पैदल आ रहे हैं तो आपको इससे भी दिक्कत है। असल में समस्या ट्रैक्टर-ट्रॉली की थी ही नहीं। तुम्हें दिक्कत तो किसानों से है। सच तो यह है कि आप किसानों को उनके हक देना ही नहीं चाहते, लेकिन चिंता मत करिए, किसान अपने हक लेना बखूबी जानते हैं। (Rahul Gandhi on Farmers)



