Google Analytics —— Meta Pixel

Raipur : बोरियाकला कॉलोनी में कंक्रीट मिक्सर प्लांट को हटाने की मांग, रहवासियों ने किया शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन

Boriyakala Housing Board Colony : रायपुर के बोरियाकला हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित ग्रीन्सविले रेजिडेंट वेलफेयर सोसाइटी के बैनर तले कॉलोनीवासियों ने अपनी प्रमुख मांगों को लेकर आज एकदिवसीय शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन किया। धरने का नेतृत्व समिति के अध्यक्ष श्री देवतादिन दुबे ने किया, जो सुबह 8 बजे से प्रारंभ हुआ।

यह भी पढ़े :- Raipur News : नरदहा में VENUS PARK की भव्य लॉन्चिंग, राजधानी रायपुर के समीप आधुनिक सुविधाओं से लैस रेरा रजिस्टर्ड प्रोजेक्ट

 दुबे ने बताया कि कॉलोनी की मूलभूत समस्याओं को लेकर कई बार हाउसिंग बोर्ड को ज्ञापन सौंपा गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने मुख्य रूप से कॉलोनी के समीप चल रहे कंक्रीट मिक्सर प्लांट को हटाने की मांग उठाई। उनका कहना है कि इस प्लांट के कारण भारी वाहनों की आवाजाही से कॉलोनी की सड़कों की स्थिति अत्यंत खराब हो गई है, और वातावरण में फैले धूल व प्रदूषण के चलते पेड़-पौधे नष्ट हो रहे हैं।

बोरियाकला हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी

इसके साथ ही कॉलोनी (Boriyakala Housing Board Colony) में एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) की अनुपलब्धता, नियमित जल आपूर्ति, साफ-सफाई और कचरे के समुचित निपटान जैसी कई बुनियादी समस्याएं भी सामने आईं। श्री दुबे ने बताया कि शदाणी चौक से कॉलोनी मुख्य द्वार तक की सड़क के दोनों ओर पक्की बाउंड्री वॉल का निर्माण, सड़कों का अधूरा डामरीकरण पूरा करना, कॉलोनी के गार्डन का संरक्षण और मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही को रोकने के लिए गर्डर लगाने की मांग की गई है।

कॉलोनी (Boriyakala Housing Board Colony) की सुरक्षा के लिए एलआईजी बिल्डिंग के पीछे बाउंड्री वॉल की मरम्मत और गेट निर्माण की आवश्यकता भी जताई गई। उन्होंने बताया कि आज धरने के दौरान हाउसिंग बोर्ड के अधिकारियों को एक ज्ञापन भी सौंपा गया है और चेतावनी दी कि जब तक समस्याओं का समाधान नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा।

इस अवसर पर आर.सी. सोनी, एजाज केसर, राकेश दास वैष्णव, सुनील तिवारी, लावण्य तिवारी, दिलीप शर्मा, संतोष कुमार वाहने, राहुल सिंह कुशवाह, राजेंद्र सिंह गौर, कुंदन शर्मा, प्रखर शर्मा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं वरिष्ठ नागरिकों ने भी सहभागिता की। ग्रीन्सविले सोसाइटी के पदाधिकारियों ने प्रदर्शन में बड़ी संख्या में रहवासियों की उपस्थिति पर आभार प्रकट किया।

Back to top button
error: Content is protected !!