Google Analytics —— Meta Pixel

देवरी गांव हत्या मामला 24 घंटे में सुलझा, 11 आरोपियों को गिरफ्तार

गरियाबंद पुलिस ने तेज़ कार्रवाई करते हुए किया खुलासा

गरियाबंद। राजिम थाना क्षेत्र के देवरी गांव में 28 दिसंबर 2025 की रात करीब 11 बजे हुई हत्या के मामले को गरियाबंद पुलिस ने मात्र 24 घंटों में सुलझा लिया है। इस मामले में कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।

घटना की पृष्ठभूमि

घटना देवरी गांव के कोपरा–बोरसी रोड के पास हुई थी। मृतक की पहचान हितेश्वर तारक उर्फ चंदू तारक के रूप में हुई है। मृतक के पिता गोपी राम तारक (58) ने राजिम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

उन्होंने कहा कि पुरानी रंजिश के चलते गांव के 11 व्यक्तियों ने उनके पुत्र को घर से जबरन बाहर घसीटकर, लाठी–डंडों और पत्थरों से प्रहार कर हत्या कर दी।

पुलिस की कार्रवाई

प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय दंड संहिता 2023 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने राजिम थाना प्रभारी को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

निर्देशों के अनुसार थाना प्रभारी ने एक विशेष जांच टीम गठित की। प्रार्थी की निशानदेही पर कार्रवाई करते हुए 11 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान सभी आरोपियों ने हत्या की तथ्य को स्वीकार किया।

पर्याप्त सबूत मिलने के बाद सभी 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।

मृतक का आपराधिक रिकार्ड

पुलिस के अनुसार मृतक हितेश्वर तारक उर्फ चंदू तारक एक आदतन अपराधी था। राजिम थाने में उसके खिलाफ पहले से ही गुंडा–बदमाश की फाइल दर्ज थी। उसके विरुद्ध कुल 8 आपराधिक मामले (मारपीट तथा चोरी) दर्ज थे, और 9 प्रतिबंधात्मक कार्रवाइयां भी पहले की जा चुकी थीं।

गिरफ्तार आरोपी कौन हैं?

पुलिस ने जिन 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, वे हैं:
➡ करण साहू, नोहर विश्वकर्मा, विमलेश साहू, थानचंद साहू, सुनील साहू, शिव साहू, गजेंद्र साहू, लक्ष्मीचंद सतनामी, भुरू उर्फ ओमप्रकाश सतनामी, उमाशंकर यादव, अक्षय साहू।

आगे की प्रक्रिया

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button
error: Content is protected !!