Google Analytics —— Meta Pixel

तुम्हारे बिना नहीं रह सकता कहकर 15 साल की नाबालिग को बहलाया, फिर किया दुष्कर्म

Minor Rape in Jashpur: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। शादी का झांसा देकर 21 साल के युवक ने 15 साल की नाबालिग को बहला-फुसलाकर घर से भगा लिया और अलग-अलग राज्यों में ले जाकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। पुलिस ने नाबालिग को झारखंड से सकुशल बरामद कर लिया है। जबकि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मामला दुलदुला थाना क्षेत्र का है।

यह भी पढ़ें:- रेल यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें, कोहरे के चलते छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली कई ट्रेनें घंटों लेट

पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि करीब दो साल पहले उसकी दीदी की शादी के दौरान आरोपी अशोक यादव से उसकी मुलाकात हुई थी। इसके बाद मोबाइल के माध्यम से दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई। आरोपी ने धीरे-धीरे प्रेम और शादी की बातें करना शुरू किया और कहा कि वह उसके बिना नहीं रह सकता। नाबालिग ने बताया कि 14 दिसंबर को आरोपी ने मोबाइल पर उसे शादी का झांसा देते हुए कहा कि वह उसे लेने आ रहा है। आरोपी की बातों में आकर नाबालिग उसी रात करीब 11 बजे घर से निकल गई। उस समय घर के सभी सदस्य सो रहे थे।

जशपुर से केरल और झारखंड तक ले गया आरोपी

आरोपी पहले नाबालिग को बाइक में जशपुर से ओडिशा के झारसुगड़ा ले गया। वहां रेलवे स्टेशन पर बाइक छोड़कर दोनों ट्रेन से केरल पहुंचे। केरल में करीब दो दिन रेलवे स्टेशन पर रहने के बाद दोनों वापस झारसुगड़ा लौटे। इसके बाद आरोपी नाबालिग को झारखंड के सिमडेगा जिले स्थित अपने गृह ग्राम ले गया। इस दौरान आरोपी ने शादी का झांसा देकर नाबालिग के साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। (Minor Rape in Jashpur)

25 दिसंबर को पिता ने दर्ज कराई शिकायत

25 दिसंबर 2025 को नाबालिग के पिता ने दुलदुला थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 14 दिसंबर की रात उनकी 15 साल की बेटी घर पर थी, लेकिन अगली सुबह वह लापता मिली। परिजनों ने रिश्तेदारों, सहेलियों और आसपास के गांवों में काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। परिजनों को आशंका थी कि किसी व्यक्ति ने उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर भगा लिया है। (Minor Rape in Jashpur)

नाबालिग झारखंड से बरामद

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम झारखंड रवाना हुई। टीम ने आरोपी अशोक यादव के घर से नाबालिग को सकुशल बरामद किया और आरोपी को हिरासत में लेकर जशपुर ले आई।नाबालिग का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उसे सकुशल परिजनों के सौंप दिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि बच्चों और महिलाओं से जुड़े अपराधों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

छत्तीसगढ़ में दुष्कर्म की मामलों में बढ़ोतरी

छत्तीसगढ़ में दुष्कर्म के मामलों में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। जशपुर से पहले बलरामपुर में 27 दिसंबर को रामचंद्रपुर थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया था। परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने नाबालिग को झारखंड से बरामद किया था। वहीं 26 दिसंबर को दुर्ग के नंदनी थाना क्षेत्र में झाड़-फूंक के बहाने नाबालिग से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया था। मामले में पुलिस ने बेमेतरा के बाड़ू बैगा को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। पीड़िता के पिता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।

Back to top button
error: Content is protected !!