रेल यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें, कोहरे के चलते छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली कई ट्रेनें घंटों लेट

Trains Running Late: उत्तर भारत में घने कोहरे ने जनजीवन के साथ-साथ रेल यातायात को भी बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। कोहरे का असर अब छत्तीसगढ़ से होकर गुजरने वाली ट्रेनों पर भी दिख रहा है। पंजाब, ऋषिकेश, बक्सर समेत उत्तर भारत की ओर जाने वाली और वहां से आने वाली कई एक्सप्रेस ट्रेनें 2 से 11 घंटे तक की देरी से चल रही हैं। इससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे के अनुसार घने कोहरे के कारण उत्तर भारत के कई सेक्शनों में ट्रेनों की रफ्तार सीमित करनी पड़ रही है, जिससे संचालन लगातार प्रभावित हो रहा है।
यह भी पढ़ें:- बलरामपुर में 6 करोड़ का गांजा जब्त, भूसे की आड़ में ओडिशा से राजस्थान ले जाई जा रही थी 12 क्विंटल की खेप
ऋषिकेश से पुरी जाने वाली कलिंग उत्कल एक्सप्रेस सबसे ज्यादा प्रभावित है। बीते एक हफ्ते में यह ट्रेन अलग-अलग दिनों में 2 घंटे से लेकर 11 घंटे तक देरी से चली। हालात यह रहे कि यह ट्रेन सुबह 9 बजे के बजाय रात करीब 8 बजे बिलासपुर पहुंची। इसी तरह हफ्ते में एक दिन चलने वाली बिलासपुर-पटना-बक्सर एक्सप्रेस समय पर रवाना होती है, लेकिन वापसी में यह ट्रेन 5 से 9 घंटे तक लेट हो रही है। उत्तर भारत के सेक्शनों में कोहरे की स्थिति गंभीर होने के कारण यात्रियों को लंबे समय तक स्टेशनों पर इंतजार करना पड़ रहा है। (Trains Running Late)

कोहरे का असर दक्षिण भारत की ओर जाने वाली ट्रेनों पर भी पड़ा है। बिलासपुर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस हर सोमवार को 6 से 8 घंटे रिशेड्यूल होकर रवाना की जा रही है। वहीं अमृतसर-बिलासपुर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस भी मथुरा और झांसी क्षेत्र में घने कोहरे के चलते पिछले कई दिनों से 2 से 3 घंटे की देरी से चल रही है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने दुर्ग-छपरा एक्सप्रेस को अल्टरनेट डे पर रद्द करने का फैसला लिया है। यह ट्रेन फरवरी महीने तक रद्द रहेगी। इससे इस रूट पर सफर करने वाले यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। (Trains Running Late)

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले संबंधित ट्रेन की स्थिति की जानकारी जरूर प्राप्त कर लें। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि कोहरा कम होते ही रेल संचालन के धीरे-धीरे सामान्य होने की उम्मीद है। ट्रेन रद्द होने से सभी सामान लेकर स्टेशन के लिए निकलने के बाद वापस आने में यात्रियों को भारी असुविधा हो सकती है। इससे अच्छा है कि स्टेशन जाने से पहले ही ट्रेनों की लिस्ट जरूर चेक कर लें। रद्द, डायवर्ट और रिशेड्यूल ट्रेनों की लिस्ट चेक करने के लिए आपके पास एक स्मार्टफोन या लैपटॉप के साथ इंटरनेट की सुविधा होनी चाहिए।

ट्रेनों की लिस्ट चेक करने के लिए सबसे पहले enquiry.indianrail.gov.in/mntes/ की वेबसाइट पर विजिट करना होगा। इसके बाद Exceptional Trains ऑप्शन दिखेगा। इस ऑप्शन को चुनें। कैंसिल, रिशेडयूल और डायवर्ट ट्रेनों की लिस्ट पर क्लिक करें और इसके बाद ही स्टेशन के लिए निकलें। तीनों लिस्ट चेक करके ही घर से बाहर निकलें, जिससे आपको परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। (Trains Running Late)



