बलरामपुर में 6 करोड़ का गांजा जब्त, भूसे की आड़ में ओडिशा से राजस्थान ले जाई जा रही थी 12 क्विंटल की खेप

Ganja Smuggling in Balrampur: बलरामपुर जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से करीब 12 क्विंटल (1198.46 किलोग्राम) गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 6 करोड़ रुपए है। पुलिस ने इस मामले में तीन अंतर्राज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है, जो ओडिशा से गांजा लेकर छत्तीसगढ़ के रास्ते उत्तर प्रदेश होते हुए राजस्थान जा रहे थे। यह कार्रवाई बसंतपुर पुलिस ने छत्तीसगढ़-उत्तर प्रदेश सीमा पर स्थित धनवार बैरियर पर की।
यह भी पढ़ें:- EPFO Update : पहली नौकरी करने वालों को सरकार देगी ₹15,000, पढ़े पूरी खबर
पुलिस के मुताबिक तस्कर ट्रक में नारियल का भूसा लोड कर ऊपर से सामान्य माल परिवहन का भ्रम पैदा कर रहे थे। भूसे के नीचे बड़ी चतुराई से टेप से लिपटे गांजे के 40 पैकेट छिपाकर रखे गए थे। जांच के दौरान जब भूसा हटाया गया तो तस्करी का पूरा खेल सामने आ गया। बसंतपुर थाना प्रभारी जीतेंद्र सिंह को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक ट्रक में भारी मात्रा में गांजा लोड है, जो छत्तीसगढ़-उत्तर प्रदेश बॉर्डर की ओर बढ़ रहा है। मुखबिर ने ट्रक का नंबर RJ 32 GE 0960 और उसमें सवार तीन लोगों की जानकारी भी दी।
पुलिस से बातचीत में लड़खड़ाए आरोपी
सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और धनवार बैरियर पर घेराबंदी कर नियमित वाहन जांच शुरू कर दी। इसी दौरान भूसे से भरा संदिग्ध ट्रक बैरियर पर पहुंचा। ट्रक का नंबर वही था, जिसकी पुलिस को तलाश थी। पुलिस ने ट्रक को रोककर ड्राइवर और अन्य सवारों से पूछताछ की। उन्होंने ट्रक में सिर्फ भूसा होने की बात कही, लेकिन बातचीत के दौरान उनकी घबराहट, हड़बड़ाहट और जवाबों में तालमेल की कमी से पुलिस का शक गहराता चला गया। (Ganja Smuggling in Balrampur)
ट्रक से कूदकर भागने की कोशिश
जब पुलिस ने ट्रक की तलाशी शुरू की, तभी ट्रक में सवार तीनों युवक अचानक नीचे कूदकर भागने लगे। मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई, लेकिन पहले से सतर्क पुलिसकर्मियों ने तुरंत घेराबंदी कर तीनों को कुछ ही दूरी पर पकड़ लिया।इसके बाद ट्रक की बारीकी से तलाशी ली गई। भूसे के नीचे से 40 पैकेट गांजा बरामद किए गए। वजन करने पर गांजे की कुल मात्रा 1198.46 किलोग्राम यानी करीब 12 क्विंटल पाई गई। बलरामपुर पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रायबरेली के अमरीश कुमार (23), लखनऊ के अमरीश कुमार पटेल (33) और अमेठी के मनीष कुमार (20) के रूप में हुई है।
ओडिशा से राजस्थान ले जाई जा रही थी खेप
ट्रक को अमरीश कुमार चला रहा था। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। SP वैभव बैंकर ने बताया कि गांजे की यह बड़ी खेप ओडिशा के बलांगीर जिले से लाई जा रही थी, जिसे छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश के रास्ते राजस्थान पहुंचाया जाना था। पुलिस को आशंका है कि यह मामला किसी बड़े अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। फिलहाल आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। इससे पहले कितनी खेपें इसी रास्ते से भेजी जा चुकी हैं। नेटवर्क के अन्य सदस्य कहां सक्रिय हैं।
पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल
इस बड़ी बरामदगी के बाद एक अहम सवाल भी खड़ा हो रहा है। इतनी बड़ी मात्रा में गांजा ओडिशा से छत्तीसगढ़ तक पहुंच गया, लेकिन रास्ते में पड़ने वाले अलग-अलग थाना, चौकी और चेक पोस्ट इसे पकड़ने में क्यों नाकाम रहे ? यह सवाल पुलिस की कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था पर भी प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। नए साल से पहले बलरामपुर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ यह बड़ी कार्रवाई कर एक मजबूत संदेश दिया है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। (Ganja Smuggling in Balrampur)



