डिप्टी CM अरुण साव का भूपेश बघेल को जवाब, कहा- जोर-जोर से चिल्लाने से झूठ सच में नहीं बदल जाता

Arun Sao on Bhupesh: बीजापुर के पत्रकार मुकेश चंद्राकर की हत्या को लेकर सियासत जारी है। इस बीच डिप्टी CM अरुण साव ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के आरोपों को लेकर जवाब दिया है। उन्होंने सिलसिलेवार ट्वीट कर लिखा- जोर-जोर से चिल्लाने से झूठ सच में नहीं बदल जाता भूपेश जी। कांग्रेसियों का मूल मंत्र है, जो उनके भ्रष्टाचार से टकराएगा चूर-चूर हो जाएगा। वही किया कांग्रेसी ठेकेदार ने बीजापुर के जांबाज पत्रकार मुकेश के साथ। हत्या के आरोपी ठेकेदार की पैरवी करने वालों ने नैतिकता को शर्मसार किया है, जिनके सहयोगी, जिनके साथी, जिनके अधिकारी, जिनके पार्टी पदाधिकारी, जिनके उप सचिव कद के लोग भ्रष्टाचार में लिप्त हों वो अब भ्रष्टाचारियों के साथ हत्यारों के भी ठेकेदार बन रहे हैं।
यह भी पढ़ें:- प्रजातंत्र के चौथे स्तंभ को खत्म करना चाहती है भाजपा: पूर्व CM भूपेश बघेल
डिप्टी CM साव ने आगे कहा कि युवा पत्रकार मुकेश चंद्राकर ने ठेकेदार सुरेश के निर्माण कार्यों पर रिपोर्ट बनाई। रिपोर्ट पर 24 घंटे के अंदर कार्रवाई करते हुए हमारी सरकार ने कई दिन पहले ही जांच बिठा दी थी। अब इस जांच से बौखलाए कांग्रेस पदाधिकारी ठेकेदार की प्रॉपर्टी में युवा पत्रकार की निर्मम हत्या की हुई लाश मिली है। इधर भूतपूर्व मुख्यमंत्री हल्केपन की राजनीति में गोते लगाते हुए अपने लाडले कांग्रेसी ठेकेदार को बचाने कूद पड़े हैं और छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े शराब घोटाले को अंजाम देने वालों पर जांच एजेंसियों की कार्रवाई से बौखलाए हुए हैं। भूपेश जी ये सुशासन सरकार की चेतावनी है, हर अपराधी को जेल की हवा खानी है। (Arun Sao on Bhupesh)
पूर्व CM भूपेश बघेल ने लगाए थे ये आरोप
दरअसल, पूर्व CM भूपेश बघेल ने ट्वीट कर कहा था कि मैंने सोचा था कि मुकेश चंद्राकर के मामले में न्याय मिलने तक इस पर राजनीतिक बयानबाजी नहीं होनी चाहिए, लेकिन भाजपा नेताओं के हद से अधिक गिर जाने पर मुझे कहना पड़ेगा कि प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव, जिनके पास ही PWD विभाग भी है, इतने ताकतवर हो गए हैं कि उनके PWD विभाग में हुए बड़े सड़क घोटाले को जब पत्रकार मुकेश चंद्राकर ने उजागर किया तो उन्हें मौत के घाट उतार दिया गया। इसी PWD विभाग में जब आचार संहिता के दौरान पुल निर्माण का मामला विधानसभा में वरिष्ठ कांग्रेस विधायक कवासी लखमा द्वारा उठाया गया तो दस दिन बाद उनके घर ED भेज दी गई। सत्य यही है…और साबित भी हो रहा है कि अब तो यह स्पष्ट है, अरुण साव भ्रष्ट है। (Arun Sao on Bhupesh)



